प्रदेश
CG - IED की चपेट में आने से मजदूर की दर्दनाक मौत..इस मकसद से नक्सलियों ने किया था आईईडी प्लांट
बीजापुर। एक बार फिर नक्सलियों की कायराना करतूत सामने आई है। बीजापुर में एक बार फिर उन्होंने खूनी खेल खेला है। नक्सलियों के लगाए प्रेशर IED की चपेट में आकर एक निर्दोष मजदूर की दर्दनाक मौत हो गयी।
घटना डुमरीपालनार से गंगालूर की तरफ जा रहा था। मृतक 40 वर्षीय मुन्ना भारती है, जो मजदूरी का काम करता था। मुन्ना इसी दौरान डूमरीपालनार के नजदीक IED की चपेट में आ गये। मुन्ना बस्तर जिले के बकावंड थानाक्षेत्र के देवड़ा गांव का रहने वाला था। घटना मिरतुर थानाक्षेत्र का है। SP जितेंद्र यादव ने घटना की जानकारी दी है।
आपको बता दें कि 10 अप्रैल को ही राजधानी में आंतरिक सुरक्षा के साथ-साथ नक्सलवाद के मुद्दे पर भी गहन चर्चा हुई थी। लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से सम्पन्न कराने को लेकर भी विस्तार से बात हुई थी। इस दौरान नक्सल विरोधी अभियानों के संचालन, कानून-व्यवस्था तथा राज्यों के मध्य आपसी समन्वय संबंधी विषयों पर चर्चा एवं समीक्षा भी की गयी थी। बैठक में मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन, महानिदेशक सीआरपीएफ, पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ तथा गृह मंत्रालय भारत सरकार, छत्तीसगढ़ शासन, छत्तीसगढ़ पुलिस, सीएपीएफ एवं केन्द्रीय एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
माईक्रो ऑब्ज़र्वर के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए सामान्य प्रेक्षक एवं जिला निर्वाचन अधिकारी लोकसभा आम निर्वाचन-2024
लोकसभा निर्वाचन की तैयारियों को लेकर आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में माईक्रो ऑब्ज़र्वर का अंतिम चरण का प्रशिक्षण संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सामान्य प्रेक्षक डॉ. एम.टी. रेजू और कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अभिजीत सिंह भी शामिल हुए और प्रशिक्षणार्थियों को आवश्यक निर्देश दिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामान्य प्रेक्षक डॉ. रेजू ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग सहित हम सभी का यह उद्देश्य है कि निर्वाचन कार्य शांतिपूर्ण, पारदर्शिता एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो। निर्वाचन कार्य के दौरान न घबराएं। सभी कर्मचारी यह ध्यान रखें कि मतदान केन्द्रों में किसी भी प्रकार की कमी या असुविधा का सामना तो नहीं करना पड़ रहा। उन्होंने सभी अधिकारियों से एक टीम वर्क के तौर पर कार्य करते हुए अपनी ड्यूटी का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और सतर्कता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान मौजूद माइक्रो ऑब्जर्वर को संबोधित करते हुए सामान्य प्रेक्षक डॉ. रेजू ने कहा कि निर्वाचन एक महती जिम्मेदारी वाला लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण जवाबदेही है। आप सभी अपने विभागीय कार्य में कितने भी श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हों, लेकिन निर्वाचन का काम कहीं अधिक सतर्कता और सावधानी के साथ करना होता है। उन्होंने आगे कहा कि इसमें एक प्रतिशत गलती भी क्षम्य नहीं होगी, इसलिए आप सभी को प्रशिक्षण में जो बताया जाता है उसे पूरी तन्मयता से सुनकर, समझकर आयोग के नियमों व निर्देशों के अधीन अपना उत्तरदायित्व का निर्वहन करें।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन के लिए मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें एवं सूचना दें। सभी यह सुनिश्चित करें कि मतदान केन्द्रों में मत की गोपनीयता किसी भी प्रकार से भंग नहीं होनी चाहिए। मॉकपोल और मतदान के दौरान मोबाईल फोन पूर्णतः प्रतिबंधित रखना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 26 अप्रैल को मतदान होना है, जिसका समय प्रातः 07 बजे से दोपहर 03 बजे निर्धारित है। इस दौरान यह सुनिश्चित करें कि 03 बजे जितने भी मतदाता कतार में हैं उनसे मतदान जरूर कराएं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह ने कहा कि यह ध्यान रखें कि किसी भी प्रकार के अनावश्यक बिन्दुओं पर रिपोर्टिंग न करें। हमेशा सही, सटीक एवं आवश्यक व वांछित जानकारियों के साथ रिपोर्टिंग करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर द्वारा माइक्रो ऑब्ज़र्वर को निर्धारित बिन्दुवार रिपोर्टिंग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान मॉकपोल की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि वास्तविक मतदान प्रारंभ होने के 90 मिनट पहले अभ्यर्थियों द्वारा नियुक्त अभिकर्ताओं की उपस्थिति में की जाएगी। अगर समय पर एजेंट उपस्थित नहीं है तो 15 मिनट इंतजार करने के बाद मॉकपोल शुरू किया जाएगा। ईडीसी के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि जिस निर्वाचन कर्मियों को ईडीसी जारी हुआ है, वे अपने बूथ को छोड़कर अन्य मतदान केन्द्रों में मतदान कर सकते हैं। इसके बाद ईव्हीएम एवं व्हीव्हीपैट की कार्यप्रणाली के बारे में विशेषज्ञ द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई।
10 अनुपस्थित माईक्रो ऑब्ज़र्वर को नोटिस जारी करने के निर्देश
जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित माईक्रो ऑब्ज़र्वर के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान 10 अधिकारी अनुपस्थित रहे। सामान्य प्रेक्षक एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्रशिक्षण में अनुपस्थित माइक्रो ऑब्ज़र्वर को कारण बताओ नोटिस जारी करने और नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर प्रखर चन्द्राकर, जिला पंचायत के सीईओ सुमित अग्रवाल एवं संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
बिलासपुर सेंट्रल जेल से पूर्व सहायक जेल अधीक्षक अजय बाजपेयी का मोह मोटी कमाई के कारण नही हट रहा स्थानांतरण के बाद कैंटीन की चाभी सुपुर्द करने के बजाय संचालन की ओर दे रहे ध्यान।।
CG ब्रेकिंग : जंगल में नक्सलियों और जवानों के बीच हुई मुठभेड़...सर्चिंग जारी
धमतरी। जिले के उदंती सीतानदी के टांगरीडोंगरी जंगल में नक्सलियों और डीआरजी व एसटीएफ जवानों की संयुक्त टीम के बीच लंबे समय तक मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में किसी तरह की कोई हताहत नहीं हुई है। पुलिस की टीम नक्सलियों पर भारी पड़ी तो नक्सली भाग निकले। क्षेत्र में इस घटना के बाद पुलिस जवानों की सर्चिंग तेज हो गई है। वहीं नगरी, ओड़िसा व मैनपुर मार्ग में फिलहाल सन्नाटा पसरा हुआ है।
नक्सल डीएसपी आरके मिश्रा ने बताया कि 12 अप्रैल की रात को उदंती सीतानदी के टांगरीडोंगरी जंगल क्षेत्र में पुलिस को 25 से 30 नक्सलियों के होने की जानकारी मिली। तत्काल धमतरी डीआरजी, गरियाबंद डीआरजी पुलिस जवानों की टीम और एसटीएफ वानों की संयुक्त टीम बनाई गई। नक्सलियों को पकड़ने पुलिस व फोर्स की संयुक्त टीम शाम को ही उदंती सीतानदी के टांगरीडोंगरी जंगल में घुसे।
नक्सलियों की सुगबुगाहट होते ही पुलिस की संयुक्त टीम और नक्सलियों के बीच में फायरिंग शुरू हो गई। इस बीच पुलिस जवानों की टीम नक्सलियों पर भारी पड़ी तो नक्सली वहां से भाग निकले। घटना के बाद पुलिस जवानों ने घटना स्थल व आसपास क्षेत्रों में सर्चिंग की। इस मुठभेड़ में कोई हताहत नहीं हुई है, लेकिन घटना के बाद से क्षेत्र के जंगल में पुलिस और फोर्स की सर्चिंग तेज कर दी गई है।
पूर्व में कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे चंद्रशेखर शुक्ला ने राहुल गांधी को घेरा भूपेश बघेल जेब से सबूत क्यो नही निकालते
हाल ही में भाजपा में शामिल हुए पूर्व में कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे चंद्रशेखर शुक्ला ने राहुल गांधी को एक पत्र लिखकर कहा है कि छत्तीसगढ़ की पावन धरा में आपका स्वागत है। काँग्रेस का पूर्व कार्यकर्ता होने के नाते कुछ प्रश्न जो सदैव मुझे परेशान करते रहे आपसे करना चाहता हूँ, आपेक्षा, आगृह है आप जवाब देंगे।
.पूर्व मुख्यमंत्री भूपेष बघेल जिन सबूतों को जेब में डाल के रखे हुये हैं वह सबूत कब बाहर आयेंगे? अब तो आपकी सरकार भी चली गई भूपेष बघेल जी किसे बचाना चाहते हैं।
मेरा यह मानना है झीरम घाटी का नरसंहार काँग्रेस के नेताओं की आपसी खूनी रंजिश की परीणिती है जिसमें शहीद विद्या भैय्या, शहीद नंद कुमार पटेल, शहीद महेन्द्र कर्मा जी और शहीद उदय मुदलियार सहित 31 अन्य काँग्रेस कार्यकर्ताओं को शहादत देनी पड़ी थी।
मेरा शहीद उदय मुदलियार के परिवार से भी आग्रह है कि राजनांदगांव चुनाव के प्रत्याशी भूपेष बघेल जी को सबूत को सार्वजनिक करने का आग्रह करें।
तेज रफ्तार ट्रेलर की ठोकर से बोलेरों के उड़े परखच्चे, एक ही परिवार की 5 महिला सहित 9 घायल
रायगढ़ :- जिले से हादसे की खबर सामने आ रही है, यहां शुक्रवार की दोपहर एनएच 49 में तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक बोलेरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में बोलेरो सवार आधे दर्जन से भी अधिक यात्री घायल हो गए। घटना के बाद से ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर ही छोडक़र फरार हो गया है। घटना खरसिया थाना क्षेत्र की है।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर करीब सवा तीन बजे खरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बोतल्दा रॉक गार्डन के पास खरसिया से सक्ती की तरफ जा रहे एक ट्रेलर क्रमांक सीजी 15 एसी 4624 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बोलेरों क्रमांक सीजी 13 सी 7394 को अपनी चपेट में ले लिया। यह दुर्घटना इतनी भयंकर थी बोलेरो वाहन के जहां परखच्चे उड़ गए और मौके पर घायलों की चीख पुकार मच गई। इस घटना में बोलेरों में सवार आधे दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं जिनमें महिलाओं की संख्या अधिक थी। बोलेरों सवार बिलासपुर जिले के लुथरा शरीफ गए हुए थे वहां से वापसी के दौरान बोतल्दा के पास यह घटना घटित हुई है। आसपास के लोगों ने इस घटना की जानकारी तत्काल डायल 112 में दी जिसके बाद खरसिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। इस दौरान तीन लोग वाहन में फंसे रहे जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। इस घटना में बोलेरों में सवार आधे दर्जन से भी अधिक लोग घायल हुए हैं जिन्हें खरसिया सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार जारी है। इस दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बोतल्दा के पास यह घटना घटित हुई है जिसमें बोलेरों में सवार 9 लोगों को कलावती गुप्ता, 42 साल, गुरूबारी गुप्ता, 50 साल, जमुना गुप्ता, 48 साल, जोगी गुप्ता, 55 साल, गनेश गुप्ता, 62 साल, ललिता गुप्ता, 50 साल, अनुछाया, 40 साल, जानक बारीक, 60 साल के साथ-साथ सुरतलाल 38 साल को चोटें आई है। घटना के बाद से आरोपी चालक फरार हो गया है। वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी पतासाजी में जुट गई है।



मीडिया प्रमाणन और निगरानी समिति की बैठक आयोजित
कोरबा 12 अप्रैल 2024/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तथा मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति के अध्यक्ष श्री अजीत वसंत के दिशा-निर्देशन में जिला स्तरीय मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा सौंपे गए दायित्वों के बारे में बताया गया और उनका पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समिति की बैठक में निर्देशित किया गया कि एमसीएमसी का कामकाज आचार संहिता के प्रभावशील होने के साथ ही शुरू हो गया है। कोरबा लोकसभा क्षेत्र से नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ होने के साथ ही प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया और इलेक्ट्रानिक मीडिया में प्रकाशित विज्ञापनों तथा प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने वाले पेड न्यूज पर विशेष नजर रखी जाए। प्रतिदिन प्रकाशित और प्रसारित समाचारों के साथ विज्ञापनों पर सत्त निगरानी रखने के साथ अखबारों के कतरन, स्क्रीन शॉट और विजुअल संग्रहित करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार भ्रामक विज्ञापनों एवं समाचारों पर भी नजर रखते हुए कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में अपर कलेक्टर दिनेश कुमार नाग, समिति के सदस्य निलेश कुजूर, हेमंत जायसवाल, डॉ. राजेश सक्सेना, डॉ. एम. एम. जोशी, विनोद सिंह, डॉ. एम. महतो, प्रखर सिंह व कमलज्योति उपस्थित थे।
गौरतलब है कि भारत निर्वाचन आयोग के मार्गदर्शी बिन्दुओं के अनुरूप आदर्श आचार संहिता, राजनीतिक विज्ञापन, पेड न्यूज, सोशल मीडिया आदि के माध्यम से प्रचार प्रसार पर नियमानुसार कार्यवाही का प्रावधान है। लोकसभा निर्वाचन कें लिए गठित एमसीएमसी द्वारा इलेक्ट्रानिक मीडिया, केबल नेटवर्क, सोसल मीडिया आदि पर जारी किये जाने वाले विज्ञापनों की सत्त मानिटरिंग की जायेगी। विज्ञापन प्रकाशित होने पर जो भी खर्च है उसे अभ्यर्थी के खाते में जोड़ा जायेगा। अलग-अलग इलेक्ट्रानिक चैनलों में यदि एक ही तरह के फोटो और मैटर लगातार एक ही अभ्यर्थी के पक्ष में प्रचारित हो तो ऐसे समाचार प्रसारण पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। ऐसे सभी समाचार पेड न्यूज की श्रेणी में शामिल होंगे तथा उसका खर्च संबंधित अभ्यर्थी के निर्वाचन खर्च में जोड़ा जायेगा। मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति द्वारा पेड न्यूज की मानिटरिंग की जायेगी। पेड न्यूज होने पर उसकी जानकारी समिति द्वारा रिटर्निंग आफिसर को दिया जायेगा। रिटर्निंग आफिसर द्वारा उम्मीदवार को नोटिस जारी किया जायेगा।
अधिक से अधिक लोग करें मताधिकार का उपयोग, मतदान केंद्रों में सारी बुनियादी सुविधाओं का ख्याल : कलेक्टर डाॅ. गौरव सिंह
लोकसभा निर्वाचन 2024 के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में आज व्यय प्रेक्षक आस्थानंद पाठक ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग की टेरिस से जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. गौरव सिंह, एसएसपी संतोष सिंह, नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री विश्वदीप उपस्थित थे। व्यय प्रेक्षक श्री पाठक ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की जा रही है। मतदान के लिए जागरूक करने शत-प्रतिशत लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। मतदान केंद्रों में सारी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की गई है। हमारे पूर्वजों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के बाद मतदान का अधिकार मिला है। हमें ब्रिटिश काल में मतदान के अधिकार नहीं थे। कुछ संघर्ष के बाद सीमित लोगों को अधिकार दिए गए। उसके बाद संघर्ष किया गया और स्वतंत्रता के बाद सभी वर्ग के लोग को यह अधिकार मिला है। इसलिए हमें इसे अधिकार समझते हुए अवश्य मतदान करना होगा। अधिक से अधिक लोग मतदान केंद्रों में पहुंचकर मताधिकार का उपयोग करें और मजबूत लोकतंत्र का निर्माण करने में भूमिका अदा करें। साथ ही दूसरों को मतदान करने के लिए भी प्रेरित करें।
कलेक्टर डाॅ. गौरव सिंह ने कहा कि आज मतदाता जागरूकता के लिए अधिक से अधिक स्थानों पर शपथ लिया जा रहा है। अधिकारी-कर्मचारी के अलावा गांव-गांव में नरेगा मजदूर, स्कूल-काॅलेज के शिक्षक सहित स्वयं सेवी संस्थाओं के कर्मचारियों के द्वारा मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई। डाॅ. सिंह ने कहा कि अधिक से अधिक लोग मतदान केंद्रों में पहुंचकर मतदान करें। मतदान केंद्रों में सारी बुनियादी सुविधाओं का ख्याल रखा गया है। कर्मचारियों की सुविधाओं पर भी ध्यान दिया गया है। मतदाता जागरूकता के लिए कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है और मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए बाइक रैली, स्वीप एक्सप्रेस के माध्यम से भी मतदाता जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।
एसएसपी संतोष सिंह ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए अधिक से अधिक मतदान जरूरी है। मतदाता जागरूकता का संदेश हर तरफ हो, इसके लिए आयोजन किए जा रहे है। लोकतंत्र की भागीदारी में मतदान आवश्यक है। मतदाता जागरूकता के इस आयोजन के लिए प्रशासन की टीम को धन्यवाद देता हूं। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग की टेरिस पर हजारों की संख्या में आज अधिकारी व कर्मचारी मतदाता जागरूकता की शपथ ली। इस अवसर पर दिव्यांग, तृतीय लिंग समुदाय और मुकबधिरों मतदान के लिए संदेश दिया। साथ ही सबसे अधिक उम्र के मतदाता श्री कन्हैया राम बंछोर और श्री आर. एस. गुप्ता ने भी मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। साथ ही नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया और इस अवसर पर अधिकारी- कर्मचारियों ने एक स्वर में मतदाता जागरूक के संदेष का नारे भी लगाए। पूरा टेरिस मतदाता जागरूकता के संदेश से गूंज उठा।
ब्रेकिंग : आज बस्तर दौरे पर रहेंगे राहुल गांधी...आदिवासियों के बीच करेंगे जनसभा
बस्तर । छत्तीसगढ़ में अंतिम चरण के मतदान के लिए नामांकन की प्रक्रिया 12 अप्रैल से शुरू होगी। पहले व दूसरे चरण के लिए मतदाता, प्रत्याशी व नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। तीसरे चरण के चुनाव में प्रदेश में सात लोकसभा सीटों पर मतदान होगा, जिसमें रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, कोरबा शामिल हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रचार करेंगे। वहीं दूसरी तरफ कन्हैया कुमार आज बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र का दौरा कर सकते हैं। बिलासपुर के मस्तूरी में कांग्रेस की एक बड़ी जनसभा प्रतावित है। वहीं दूसरी तरफ भाजपा की तरफ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी आज बस्तर और कांकेर जिले के दौरे पर रहेंगे और दोनों जगहों पर बड़ी चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
धारदार हथियार से बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या...इलाके में फैली सनसनी
बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ग्राम कोरगुडा में हत्या का मामला सामने आया है, यहां धारदार हथियार से एक बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई है. वृद्ध की लाश खेत में खून से लथपथ मिली है. लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई हैं. मामला बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम कोरगुडा का है.जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कोरगुडा गांव के ही फगवा राम के नाम से हुई है. मृतक के गले में धारदार हथियार से हमला की गई हैं। बुजुर्ग के हत्या का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है. घटना की सूचना मिलते ही एडीशनल एसपी अशोक जोशी, बालोद थाना प्रभारी रविशंकर पांडे सहित बालोद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर शव को पीएमक के लिए भेजकर आगे की जांच और कार्रवाई में जुट गई हैं।
फिर इतनी ट्रेनें हुई रद्द...तो इतनी ट्रेने चलेंगी लेट, सफर करने से पहले जरूर पढ़े ये खबर
बिलासपुर : रेलवे प्रशासन द्वारा अधोसंरचना विकास हेतु ईस्ट कोस्ट रेलवे के संबलपुर रेल मण्डल के अंतर्गत टिटलागढ़-सिंगापूर रोड सेक्शन में लांजीगढ़ रोड-आम्बोदला-दहीखालु रेलवे स्टेशनों के बीच तीसरी रेलवे लाइन को जोड़ने का कार्य के लिए नॉन इंटरलोकिंग का कार्य किया जाएगा । यह कार्य दिनांक 21 से 24 अप्रैल, 2024 तक किया जाएगा ।
इस कार्य के फलस्वरुप कुछ गाड़ियों का परिचालन प्रभावित रहेगा । जानकारी इस प्रकार है :-
*रद्द होने वाली गाड़ी* :-
01. दिनांक 15 से 24 अप्रैल, 2024 तक रायपुर से चलने वाली 08527 रायपुर-विशाखापटनम स्पेशल पैसेंजर रद्द रहेगी ।
02. दिनांक 15 से 24 अप्रैल, 2024 तक विशाखापटनम से चलने वाली 08528 विशाखापटनम-रायपुर- स्पेशल पैसेंजर रद्द रहेगी ।
03. दिनांक 15 से 24 अप्रैल, 2024 तक रायपुर से चलने वाली 08275 रायपुर-जुनागड़ रोड़ स्पेशल पैसेंजर रद्द रहेगी ।
04. दिनांक 16 से 25 अप्रैल, 2024 तक जुनागड़ रोड़ से चलने वाली 08276 जुनागड़ रोड़-रायपुर स्पेशल पैसेंजर रद्द रहेगी ।
देर से चलाने वाली गाडियां:-
05. दिनांक 15 एवं 18 अप्रैल, 2024 को विशाखापटनम से चलने वाली 18573 विशाखापटनम-भगत की कोठी एक्सप्रेस 02 घंटे 30 मिनिट देरी से रवाना होगी ।
06. दिनांक 22 अप्रैल, 2024 को निज़ामुद्दीन से चलने वाली 12808 निज़ामुद्दीन-विशाखापटनम एक्सप्रेस 02 घंटे देरी से रवाना होगी
रेलवे प्रशासन द्वारा अधोसंरचना विकास हेतु पूर्व मध्य रेलवे के आसनसोल रेल मण्डल के अंतर्गत सीतारामपुर-झाझा सेक्शन के मधुपुर-मथुरापुर स्टेशनों के बीच गर्डर लॉन्चिंग का कार्य को ब्लॉक लेकर किया जाएगा । यह कार्य दिनांक 14 एवं 21 अप्रैल, 2024 को किया जाएगा ।
*बीच में समाप्त होने वाली गाड़ी* :-
01. दिनांक 12 एवं 19 अप्रैल, 2024 को वास्को-द-गामा से चलने वाली 17321 वास्को-द-गामा-जसीडीह जंक्शन एक्सप्रेस मधुपुर स्टेशन में ही समाप्त होगी अर्थात यह गाड़ी मधुपुर एवं जसीडीह के बीच रद्द रहेगी ।
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर अंतर्गत राऊरकेला –झारसुगुढ़ा रेलवे स्टेशनो के बीच लेवल क्रॉसिंग में गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया जाएगा । यह कार्य दिनांक 20 अप्रैल, 2024 को को किया जाएगा ।
इस कार्य के फलस्वरुप दिनांक 20 अप्रैल, 2024 को टाटानगर एवं से चलने वाली 18109/18110 टाटानगर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी)-टाटानगर एक्सप्रेस रद्द रहेगी ।
रेलवे प्रशासन द्वारा अधोसंरचना विकास हेतु मध्य रेलवे के अंतर्गत चालीसगांव जंक्शन यार्ड का आधुनिकीकरण का कार्य एवं तीसरी रेलवे लाइन को जोड़ने का कार्य किया जाएगा । यह कार्य दिनांक 15 एवं 16 अप्रैल, 2024 को को किया जाएगा ।
*देर से रवाना होने वाली गाड़ी* :-
01. दिनांक 16 अप्रैल, 2024 को मुंबई से चलने वाली 12859 मुंबई-हावड़ा गीतांजली एक्सप्रेस मुंबई से 02 घंटे 55 मिनिट देरी से रवाना होगी ।
परिवर्तित मार्ग से चलाने वाली गाडियां:-
02. दिनांक 15 अप्रैल, 2024 को भुवनेश्वर से चलने वाली 112880 भुवनेश्वर-कुर्ला एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग जलगांव-उधना जंक्शन-वसई रोड-ढिलवां होकर चलेगी ।
विचाराधीन कैदी की जेल में मौत…परिजन लगा रहे हत्या का आरोप
बलरामपुर। रामानुजगंज जिला जेल में एक विचाराधीन कैदी की मौत हो गई है, जिसके बाद जेल प्रशासन पर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. मामले में मृतक के परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं.
जेल प्रबंधन ने बताया कि कुसमी थाना क्षेत्र का रहने वाला विचाराधीन कैदी राजकुमार दुष्कर्म के मामले में 8 महीने पहले जेल दाखिल किया गया था. आज कैदी के सीने में अचानक दर्द हुआ. जिला जेल में प्राथमिक उपचार के बाद रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया, जहाँ डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
संबंधित मामले में चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि कैदी की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी. स्वास्थ्य विभाग अब मृतक की हेल्थ हिस्ट्री खंगालने की बात कर रहा है. वहीं मृतक के परिजन जेल प्रशासन पर हत्या का आरोप लगाते हुए फारेंसिक टीम से जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं.
19 अप्रैल और 4 जून को बंद रहेगी शराब, बार-रेस्टोरेंट की दुकानें, जानिएं वजह
नारायणपुर : देश में लोकसभा के चुनाव सात चरणों में होंगे वहीं, छत्तीसगढ़ में तीन चरणों में चुनाव पूरे होंगे। राज्य के कई इलाके नक्सलवाद से प्रभावित हैं जिस कारण से चुनाव आयोग ने तीन चरणों में चुनाव कराने का फैसला लिया है। छत्तीसगढ़ में विधानसभा के चुनाव भी दो चरणों में कराए गए थे। बता दें कि राज्य में लोकसभा की 11 सीटें हैं।
छत्तीसगढ़ में पहले चरण के लिए 19 अप्रैल को वोटिंग होगी। वहीं, दूसरे चरण के लिए 26 अप्रैल को वोटिंग होगी। राज्य में तीसरे और अंतिम चरण के लिए 7 मई को वोटिंग होगी। चुनाव का रिजल्ट 4 जून को आएगा।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य के समस्त संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों हेतु लोकसभा निर्वाचन 2024 हेतु निर्वाचन कार्यक्रम के तहत् छत्तीसगढ़ राज्य में मतदान 03 चरणों में सम्पन्न कराया जाएगा, जिसमें प्रथम चरण के अंतर्गत 10-बस्तर (अ.ज.जा.) लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदान तिथि 19 अप्रैल 2024 को नियत की गई है।
इस हेतु जिले में 19 अप्रैल को निर्वाचन के दौरान शराब की बिक्री इत्यादि पर प्रतिबंध लगाया गया है। लोकसभा निर्वाचन 2024 की मतगणना तिथि 04 जून 2024 (मंगलवार) के दिन संबंधित मतगणना स्थल क्षेत्र की समस्त देशी मदिरा एवं विदेशी मदिरा की फुटकर दुकानों रेस्टॉरेन्ट-बार होटल-बार क्लब जैसे समस्त दुकानों को को मतगणना दिवस पर बंद रखने हेतु छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 24 की उप-धारा (01) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए लोकसभा क्षेत्र क्रमांक 10-बस्तर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 84 नारायणपुर अन्तर्गत 19 अप्रैल 2024 एवं 04 जून 2024 को शुष्क दिवस घोषित किया गया है।यह आदेश तत्काल प्रभावशील रहेगा।
Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने की पर्यवेक्षकों की नियुक्ति...देखे लिस्ट
नई दिल्ली: 19 अप्रैल 2024 को 21 राज्यों के 102 संसदीय क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होना है, जिसके लिए निर्वाचन आयोग ने 127 सामान्य पर्यवेक्षक, 67 पुलिस पर्यवेक्षक और 167 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। नामांकन की अंतिम तिथि यानी 26 मार्च 2024 से पहले सभी ने निर्वाचन क्षेत्रों में रिपोर्ट कर दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने चुनाव आयुक्तों ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू के साथ सभी पर्यवेक्षकों से कहा कि वे सख्ती से सुनिश्चित करें कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए सभी सुविधाएं मौजूद हों, खासकर गर्मी से निपटने के लिए, पहले चरण के मतदान के करीब कोई प्रलोभन न दिया जाए, बलों का अधिकतम उपयोग किया जाए और कानून व्यवस्था पर कड़ी नजर रखी जाए।


केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा, 14 अप्रैल को खैरागढ़ में करेंगे आम सभा
राजनांदगांव : जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही हैं चुनावी मैदान में नए- नए रंग देखने को मिल रहे हैं। न केवल प्रत्याशियों और स्थानीय नेताओं के प्रचार में वृद्धि हो रही है, बल्कि अब स्टार प्रचारक भी उनके साथ मैदान में उतर रहे हैं। भाजपा के मंत्रियों ने भी मोर्चा संभालने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं कांग्रेस से प्रत्याशी भूपेश बघेल भी अपनी प्रचार अभियान में कार्यकर्ताओं के साथ गहरा संवाद स्थापित कर रहे हैं।
14 को खैरागढ़ में शाह की सभा
लंबी प्रतीक्षा के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का चुनावी दौरा तय हो गया है। वे 14 अप्रैल को खैरागढ़ में सभा लेंगे। यह सभा खैरागढ़ के प्रसिद्ध फतेह मैदान में होगा। कार्यक्रम तय होने के साथ ही भाजपा संगठन के साथ प्रशासन भी तैयारी में जुट गया है। जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 19 अप्रैल को राजनांदगांव में रैली प्रस्तावित है। हालांकि अभी उनका कार्यक्रम अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है। कल तक फाइनल होने की संभावना जताई गई है।
CG CRIME NEWS : धारदार हथियार से युवक की गला रेतकर हत्या...जानिए क्या है पूरा मामला
सूरजपुर : जिले के करंजी इलाके में एक युवक की सड़क किनारे शव मिली है, लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान दतिमा इलाके में रहने वाला सुकूल राजवाडे के रूप में की गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक आयुर्वेदिक दवाइयां बेचता था, आज सुबह लगभग 3 बजे अपने घर से ग्रामीणों को दवाई देने के लिए निकला था। मृतक के गले में धारदार हथियार से वार का निशान है, वहीं सड़क के बगल के खेत में टांगिया फेंका हुआ है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि इसी टांगिया से ग्रामीण की हत्या की गई होगी।सुबह लगभग 7 बजे पुलिस को स्थानीय लोगो के द्वारा जानकारी दी गई की करंजी रेलवे स्टेशन के नजदीक सड़क पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर जांच में जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के द्वारा डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया है। वही एडिशनल एसपी सहित पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले के खुलासा का दावा कर रही है।
