ब्रेकिंग न्यूज़

Previous12Next

अतिवृष्टि से ढहा कोरवा परिवार का आशियाना,रहने लायक नहीं बचा घर,शासन प्रशासन से राहत की गुहार।

 

 

जशपुर जिले के विकासखंड बगीचा के ग्राम पंचायत महुवा अंतर्गत ग्राम अंबाडीपा में बुधवार सुबह लगभग 8 बजे लगातार हो रही अतिवृष्टि के कारण सुनील राम कोरवा का कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। मकान की एक दीवार अचानक ढह गई, जिससे खपरैल की छत भी गिर पड़ी। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान अब रहने योग्य नहीं बचा है।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, सुनील राम कोरवा अपनी पत्नी और बच्चे के साथ इसी मकान में निवासरत था। घर गड्ढे में होने के कारण लगातार बारिश से पानी जमा हो गया और दीवार कमजोर हो गई जिसके चलते उसका एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। दीवार गिरने के साथ ही खपरैल की छत भी ढह गई, जिससे परिवार का आशियाना पूरी तरह असुरक्षित हो गया। अब परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

सुनील राम कोरवा विशेष पिछड़ी जनजाति कोरवा समुदाय से हैं और आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने प्रशासन से राहत राशि एवं आवास संबंधी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने और नियमानुसार आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

इस संबंध में राजस्व विभाग के उच्चाधिकारियों ने बताया कि घटना का सर्वे कराया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर क्षति का आकलन कर शासन के नियमानुसार पात्रता के अनुसार राहत राशि एवं अन्य आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।पीएम आवास के संबंध में जानकारी लेकर आगे की कार्यवाही किए जाने की बात अधिकारी कर रहे हैं।

और पढ़ें ...

50 छात्राओं के कथित छेड़छाड़ और 'बैड टच' के आरोपों के बाद बड़ी कार्रवाई,शासकीय विजय भूषण सिंह देव कन्या महाविद्यालय,जशपुर के लैब टेक्नीशियन अजय गुप्ता निलंबित..

 

जशपुर के शासकीय विजय भूषण सिंह देव कन्या महाविद्यालय में छात्राओं से कथित छेड़छाड़ और 'बैड टच' के आरोपों के बाद बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। महाविद्यालय के लैब टेक्नीशियन अजय गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

मामले में जिला प्रशासन द्वारा कराई गई जांच के दौरान करीब 50 छात्राओं के बयान दर्ज किए गए। शिकायतों में छात्राओं ने अजय गुप्ता पर कथित तौर पर छेड़छाड़, अनुचित स्पर्श और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए। जांच प्रतिवेदन के आधार पर आयुक्त, सरगुजा संभाग ने कार्रवाई करते हुए निलंबन का आदेश जारी किया।

28 जुलाई 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं। इसके आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत अजय गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय क्षेत्रीय संचालक, उच्च शिक्षा, सरगुजा संभाग, अंबिकापुर निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

यह मामला सामने आने के बाद महाविद्यालय परिसर और जिले में व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। 

प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब आगे विभागीय जांच की प्रक्रिया जारी रहेगी। आदेश की प्रतिलिपि उच्च शिक्षा विभाग, कलेक्टर जशपुर, क्षेत्रीय संयुक्त संचालक उच्च शिक्षा, महाविद्यालय के प्राचार्य तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।

और पढ़ें ...

खेत में धान रोपाई के दौरान गिरी आकाशीय बिजली, तीन किसानों की दर्दनाक मौत।

 

 

 

 

कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलोरा में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से तीन किसानों की दर्दनाक मौत हो गई। तीनों किसान खेत में धान रोपाई का कार्य कर रहे थे, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने से वे उसकी चपेट में आ गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी तथा तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कटघोरा पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान बहोरन पाटले (बेल्हा पारा, बकराबाजार सलोरा मोड़), लक्ष्मी पाटले (बेल्हा पारा, बकराबाजार सलोरा) और श्याम साहू (निवासी छुरी) के रूप में हुई है।

इस हृदयविदारक घटना से तीनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा भी घटना की जानकारी लेकर नियमानुसार सहायता की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।

और पढ़ें ...

सरकार के E20 पेट्रोल पर बड़ा झटका,उपभोक्ता आयोग का ऐतिहासिक फैसला, नई कार देने का आदेश....

जशपुर जंक्शन 16 जुलाई 

केंद्र सरकार की ओर से प्रोत्साहित किए जा रहे E20 पेट्रोल को लेकर देश में पहली बार एक बड़ा उपभोक्ता आयोग का फैसला सामने आया है। रायपुर जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने एक मामले में वाहन निर्माता कंपनी और डीलर को उपभोक्ता को नई कार देने का आदेश दिया है। आयोग ने माना कि संबंधित वाहन का इंजन E20 पेट्रोल के अनुकूल नहीं था और कंपनी ने उपभोक्ता को उचित सेवा नहीं दी। यह आदेश 4 जुलाई 2026 को पारित किया गया है। 

आयोग ने निर्देश दिया कि यदि कंपनी नई कार उपलब्ध नहीं कराती है तो उसे वाहन की कीमत 20.50 लाख रुपये लौटानी होगी। इसके अलावा 1 लाख रुपये मानसिक प्रताड़ना और 10 हजार रुपये वाद व्यय के रूप में भी देने होंगे। आदेश का पालन 45 दिनों के भीतर करना होगा, अन्यथा देय राशि पर 7 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देना पड़ेगा। 

आयोग ने अपने निर्णय में कहा कि वाहन E20 पेट्रोल के उपयोग के अनुरूप नहीं था, जबकि उपभोक्ता को इस संबंध में पर्याप्त जानकारी और समाधान नहीं दिया गया। इसलिए वाहन निर्माता और डीलर दोनों को सेवा में कमी का दोषी माना गया। 

यह फैसला केवल एक उपभोक्ता को राहत देने तक सीमित नहीं माना जा रहा है, बल्कि E20 पेट्रोल से संबंधित विवादों में देशभर के वाहन मालिकों के लिए एक महत्वपूर्ण कानूनी मिसाल बन सकता है। हालांकि, यह आदेश इस विशेष मामले के तथ्यों के आधार पर दिया गया है और इसका अर्थ यह नहीं है कि E20 पेट्रोल हर वाहन के लिए अनुपयुक्त है।

और पढ़ें ...

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों को मिली बड़ी सफलता,जशपुर में सरकारी मेडिकल कॉलेज को NMC की मंजूरी, 2026-27 से 50 MBBS सीटों पर होगा प्रवेश...

जशपुर जंक्शन 23 जुलाई 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने शासकीय मेडिकल कॉलेज जशपुर कुनकुरी की स्थापना के लिए लेटर ऑफ परमिशन जारी कर दिया है। अब शैक्षणिक सत्र 2026-27 से यहां 50 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश शुरू होगा।इस उपलब्धि के लिए पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है।

यह उपलब्धि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार की उस प्रतिबद्धता का परिणाम मानी जा रही है, जिसके तहत प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार पर लगातार कार्य किया जा रहा है। लंबे समय से जशपुरवासियों की मेडिकल कॉलेज की मांग अब पूरी हो गई है।

12 जुलाई 2026 को जारी अनुमति पत्र के अनुसार, पं. दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंस एवं आयुष विश्वविद्यालय, नया रायपुर से संबद्ध इस मेडिकल कॉलेज को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम, 2019 के तहत 50 छात्रों की वार्षिक प्रवेश क्षमता के साथ स्वीकृति प्रदान की गई है। 

मेडिकल कॉलेज शुरू होने से जशपुर सहित उत्तर छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही एमबीबीएस की पढ़ाई का अवसर मिलेगा। वहीं जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।

एनएमसी ने अनुमति के साथ यह भी स्पष्ट किया है कि मेडिकल कॉलेज को शिक्षकों, अस्पताल, आधारभूत संरचना, उपकरण, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन तथा अन्य सभी निर्धारित मानकों का निरंतर पालन करना होगा। भविष्य में निरीक्षण के दौरान कमी पाए जाने पर आयोग नियमानुसार कार्रवाई कर सकेगा।

और पढ़ें ...

भाजपा के 7 मोर्चा प्रकोष्ठों ने अमित पांडेय के खिलाफ की FIR की मांग, पत्थलगांव थाने में सौंपा ज्ञापन।

 

 

 

भारतीय जनता पार्टी के मंडल पत्थलगांव के सातों मोर्चों ने सोमवार को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अमित पांडेय के खिलाफ पत्थलगांव थाने में अलग-अलग आवेदन सौंपकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि अमित पांडेय अपनी फेसबुक आईडी के माध्यम से मुख्यमंत्री, विधायक सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कथित फर्जी पोस्ट प्रकाशित कर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि ऐसी पोस्टों से कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

भाजपा के सातों मोर्चों ने पुलिस से मामले की जांच कर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने तथा कथित आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाली सोशल मीडिया आईडी पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

यह आवेदन भाजपा मंडल, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा तथा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की ओर से अलग-अलग प्रस्तुत किए गए हैं। 

मामले में पत्थलगांव एसडीओपी डॉ ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि भाजपा पदाधिकारियों ने अमित पांडेय के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किए जाने संबंधी आवेदन दिया है जिसमें जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें ...

24 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा,बहू निकली साजिशकर्ता, महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार

 

 

 

 

जशपुर पुलिस ने दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़ाजोर में 70 वर्षीय बुजुर्ग चुगरू प्रधान की हत्या के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार हत्या की साजिश मृतक की बहू ने पारिवारिक विवाद के चलते रची थी।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुगंती बेसरा (36) निवासी बोड़ाजोर, साहिल उर्फ राजा खान (22), आनंद यादव (20) निवासी परसाटोली तथा रोहित सिंह (21) निवासी मधुटोली के रूप में की है।

पुलिस के अनुसार 4 जुलाई को चुगरू प्रधान अपने घर में मृत अवस्था में मिले थे। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण, मुखबिरों से मिली सूचना और पूछताछ में सामने आया कि मृतक और उसकी बहू सुगंती बेसरा के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने परिचितों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक 3 और 4 जुलाई की दरम्यानी रात आरोपी मोटरसाइकिल से मृतक के घर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने के बाद लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से हमला किया, फिर हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, जिससे बुजुर्ग की मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस गंभीर अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और वैज्ञानिक जांच एवं त्वरित कार्रवाई के माध्यम से अपराधियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

और पढ़ें ...

पंच की मौत के बाद बदला मिला ताला, निर्माण सामग्री गायब.? न्याय के लिए दर-दर भटक रहा परिवार,पत्नी ने सरपंच पर लगाए गंभीर आरोप,SSP बोले– होगी कार्रवाई

 

 

 

 

जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सुलेसा में एक दिवंगत पंच के परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है। मृतक पंच टंकेश्वर राजवाड़े की पत्नी संगीता राजवाड़े ने सरपंच पर निर्माण कार्यों के लिए रखी गई लाखों रुपये की सामग्री गायब करने का आरोप लगाते हुए पुलिस एवं प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, टंकेश्वर राजवाड़े ग्राम पंचायत सुलेसा के वार्ड क्रमांक 2 के पंच थे और प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न शासकीय विकास कार्यों के लिए निर्माण सामग्री की व्यवस्था कर रहे थे। पंचायत सचिव से चर्चा के बाद सीमेंट, सरिया, सेंटरिंग सामग्री, पुट्टी, तार सहित अन्य सामान पंचायत भवन के समीप स्थित साक्षर भारत भवन में सुरक्षित रखा गया था।

आवेदन में कहा गया है कि निर्माण सामग्री रखने के कुछ समय बाद टंकेश्वर राजवाड़े की तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान 8 अप्रैल 2026 को उनका निधन हो गया। इसके बाद जब उनकी पत्नी संगीता राजवाड़े भवन में रखी सामग्री देखने पहुंचीं तो उन्होंने पाया कि पहले लगा ताला टूटा हुआ था और उसकी जगह दूसरा ताला लगा हुआ था। उनका आरोप है कि भवन में रखी लगभग 200 बोरी सीमेंट, 10 बोरी पुट्टी, सरिया, सेंटरिंग सामग्री, तार सहित अन्य निर्माण सामग्री गायब थी। शिकायत में सरपंच कमलेश्वर पैंकरा पर ताला तोड़कर सामग्री हटाने का आरोप लगाया गया है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि शिकायत लेकर वे दो दिनों तक पंडरापाठ पुलिस चौकी के चक्कर लगाते रहे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। परिवार का दावा है कि वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद उनकी शिकायत दर्ज की गई। उनका कहना है कि दिवंगत पंच द्वारा गांव के विकास के लिए जुटाई गई सामग्री के गायब होने से परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान है तथा न्याय के लिए लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर है।

मामले में जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं जनपद पंचायत बगीचा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनोद सिंह ने कहा कि मृतक पंच की पत्नी से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंच परिवार के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

और पढ़ें ...

दो आदिवासी मजदूरों को बंधक बनाकर निर्वस्त्र कर जूतों से पीटने व जातिसूचक प्रताड़ना का आरोप, पीड़ितों ने दर्ज कराई शिकायत...

 

 

 

जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में दो आदिवासी मजदूरों ने एक कृषि केंद्र के संचालक और उसके दो सहयोगियों पर बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने, निर्वस्त्र कर जूतों से पीटने, जातिसूचक गालियां देने और जबरन चोरी कबूल कराने के लिए वीडियो बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ितों ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपते हुए भारतीय न्याय संहिता तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार ग्राम सन्ना निवासी विलसन तिर्की और आनंद कुजूर राहुल कृषि केंद्र में मजदूरी करते हैं। उनका आरोप है कि 3 जुलाई की सुबह केंद्र संचालक राहुल केशरी ने उन्हें दुकान पर बुलाकर एक्सपायरी मक्का और धान की चोरी कर बेचने का आरोप लगाया। जब दोनों ने आरोप से इनकार किया तो उन्हें कथित तौर पर एक कमरे में बंद कर दिया गया।

पीड़ितों का आरोप है कि कुछ देर बाद प्रियांशु केशरी (ऋषु) और प्रेमचंद केशरी भी वहां पहुंचे। तीनों ने मिलकर उनके साथ लात-घूंसों और जूतों से मारपीट की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दोनों मजदूरों को निर्वस्त्र कर जातिसूचक गालियां दी गईं तथा मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड कर चोरी स्वीकार करने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायत के अनुसार मारपीट के बाद विलसन तिर्की का मोबाइल फोन और स्कूटी की चाबी छीन ली गई तथा वाहन अपने कब्जे में रख लिया गया। पीड़ितों का कहना है कि घटना में विलसन की आंख और कान में चोटें आई हैं, जबकि आनंद कुजूर के हाथ, पीठ और उंगलियों में गंभीर चोटें लगी हैं।

पीड़ितों का आरोप है कि कृषि केंद्र संचालक की शिकायत पर पुलिस ने उनके खिलाफ चोरी का मामला तो दर्ज कर लिया, लेकिन उनकी शिकायत पर अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 इस संबंध में एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने पत्रवार्ता को बताया कि मजदूरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया है। वहीं मजदूरों द्वारा लगाए गए मारपीट और जातिसूचक प्रताड़ना के आरोपों की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें ...

सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट से बगिया सीएम हाउस की छवि धूमिल करने की कोशिश, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई : शंकर गुप्ता

जशपुर जंक्शन,01 जुलाई

भाजपा के वरिष्ठ नेता शंकर गुप्ता ने सोशल मीडिया पर बगिया सीएम हाउस तथा वहां कार्यरत कर्मचारियों के संबंध में की जा रही कथित आपत्तिजनक एवं आधारहीन टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि बिना किसी प्रमाण के किसी व्यक्ति या संस्था का नाम उछालना न केवल अनुचित है, बल्कि इससे समाज में भ्रम फैलता है और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचती है।

उन्होंने कहा कि बगिया सीएम हाउस मुख्यमंत्री के निर्देशन में क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रिय है। यहां जनसुनवाई और विभिन्न माध्यमों से लोगों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। ऐसे में सोशल मीडिया के माध्यम से कर्मचारियों या किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि अमित पांडेय नामक फेसबुक आईडी से एक पोस्ट साझा की गई, जिसमें "बगिया सीएम हाउस के प्रभारी आकाश गुप्ता के कथित पार्टनर..." जैसे आरोप लगाए गए हैं। शंकर गुप्ता ने इन आरोपों को निराधार, भ्रामक और बिना प्रमाण के सोशल मीडिया पर उछाली गई बातें बताया।

शंकर गुप्ता ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को किसी प्रकार की शिकायत या जानकारी है तो उसके लिए शासन और प्रशासन स्तर पर विधिवत शिकायत की व्यवस्था उपलब्ध है। संबंधित एजेंसियों के समक्ष शिकायत प्रस्तुत कर निष्पक्ष जांच कराई जा सकती है। सोशल मीडिया पर अपुष्ट आरोप लगाकर निजी हमला करना स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजकल कुछ लोग व्यक्तिगत प्रसिद्धि पाने, सोशल मीडिया पर चर्चा में बने रहने और निजी स्वार्थों की पूर्ति के उद्देश्य से इस प्रकार के भ्रामक एवं सनसनीखेज पोस्ट साझा करते हैं। ऐसे प्रयासों से समाज में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है और लोगों की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों और जनसेवा से जुड़े लोगों को बदनाम करने के लिए विरोधी मानसिकता के कुछ तत्व इस तरह के दुष्प्रचार का सहारा ले रहे हैं। ऐसे निराधार आरोपों से जनता को गुमराह करने की कोशिश सफल नहीं होगी। जिला भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष व महामंत्री शंकर गुप्ता ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि सोशल मीडिया पर बिना प्रमाण किसी व्यक्ति या संस्था की छवि धूमिल करने वाले तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत एवं कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास न कर सके।

और पढ़ें ...

पत्नी का मुंडन कर चेहरे पर पोती कालिख, जबरन पेशाब पिलाने का आरोप; पति गिरफ्तार।

 

 

जिले के पटना थाना क्षेत्र अंतर्गत कटकोना पंडोपारा में एक महिला के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। महिला ने अपने पति पर हाथ-पैर बांधकर मुंडन करने, चेहरे पर कालिख पोतने और जबरन पेशाब पिलाने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने अतिरिक्त धाराएं जोड़ते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

सूरजपुर जिले के करंजी की रहने वाली पीड़िता ताराबाई ने पटना थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि वह पिछले लगभग एक वर्ष से पति जितेंद्र घसिया और बच्चों से अलग रह रही थी। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह कोरिया जिले के पंडोपारा घसिया मोहल्ला में अपने रिश्तेदार रमेश घसिया के यहां रह रही थी। 14 जून को उसका पति वहां पहुंचा और विवाद के दौरान कथित तौर पर उसके हाथ-पैर बांधकर मुंडन कर दिया तथा चेहरे पर कालिख पोत दी। महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना करते हुए उसे जबरन पेशाब पिलाया गया।

15 जून को पीड़िता की शिकायत पर पटना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 351(2) और 85 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी दौरान घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें महिला के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किए जाने के दृश्य दिखाई देने पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 123 और 296 के तहत अतिरिक्त अपराध दर्ज किया।

पटना थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय ने बताया कि वीडियो और शिकायत के आधार पर आरोपी जितेंद्र घसिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामला पीड़िता की शिकायत और उपलब्ध वीडियो के आधार पर दर्ज किया गया है। आरोपों की जांच जारी है।

और पढ़ें ...

जगदलपुर केंद्रीय जेल में महिला बंदी ने लगाई फांसी, सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे गंभीर सवाल..।

 

 

 

 

जगदलपुर केंद्रीय जेल में एक महिला बंदी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना ने जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरभा थाना क्षेत्र के चितापुर निवासी जयमती बघेल ने रविवार तड़के महिला सेल के भीतर कथित तौर पर अपनी चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतका लगभग दो माह पूर्व अपने ही चाचा की हत्या के आरोप में न्यायिक हिरासत के तहत केंद्रीय जेल में बंद थी। बताया जा रहा है कि उसका चाचा लंबे समय से उसके साथ छेड़छाड़ करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आवेश में आकर चाचा की हत्या कर दी थी, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था।

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि हाई सिक्योरिटी मानी जाने वाली केंद्रीय जेल के भीतर एक महिला बंदी को आत्महत्या जैसा कदम उठाने का अवसर कैसे मिल गया। जेल के अंदर सुरक्षा निगरानी और बंदियों की मानसिक स्थिति पर नजर रखने की व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार जयमती बघेल पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी। उसके तीन छोटे बच्चे हैं और बताया जा रहा है कि पति सहित परिवार के सदस्य उससे मिलने भी नहीं आ रहे थे। ऐसे में अकेलेपन और मानसिक दबाव के कारण उसने यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

महेश्वर नाग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बस्तर ने बताया कि घटना के संबंध में कोतवाली थाना में मर्ग कायम कर लिया गया है। चूंकि मौत केंद्रीय जेल परिसर के भीतर हुई है, इसलिए मामले की जांच अनुविभागीय अधिकारी द्वारा की जा रही है।

और पढ़ें ...

रौनी घाट में बड़ा सड़क हादसा, तेज रफ्तार यात्री बस ने दो कारों को मारी टक्कर।

 

 

 

 

जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत रौनी घाट में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार यात्री बस ने दो कारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार कई लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए बगीचा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार दोनों कारें रौनी से बगीचा की ओर आ रही थीं। इसी दौरान बगीचा से जशपुर की तरफ जा रही यात्री बस ने दोनों वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रौनी घाट मार्ग पर डिवाइडर नहीं होने और तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था किए जाने की मांग की है।

और पढ़ें ...

दर्दनाक सड़क हादसा,ईंट से भरे ट्रैक्टर ने बाइक सवार चार युवकों को रौंदा,सभी की मौत।

 

 

 

बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र में से भीषण सड़क हादसे की खबर है जिसमें चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है। घटना ग्राम पिपरपान के सुंदरपुर मोड़ के पास हुई, जहां ईंट से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार चारों युवक एक ही बाइक में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान पिपरपान मोड़ के पास तेज गति से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर चालक बेहद लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर के बाद भी चालक ने ट्रैक्टर नहीं रोका और करीब सौ मीटर तक युवकों को घसीटता चला गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ चार युवकों की मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर की ट्रॉली मौके पर छोड़कर इंजन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही सनावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ट्रॉली को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे भारी वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।

और पढ़ें ...

डीलिस्टिंग विवाद पर बड़ी कार्रवाई,राजी पाड़हा सरना प्रार्थना सभा ने जशपुर जिला अध्यक्ष को किया निष्कासित,आज के रैली पर संकट।

जशपुर जंक्शन 24 मई 

डीलिस्टिंग मुद्दे को लेकर चल रहे विवाद के बीच राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा भारत (छत्तीसगढ़) ने बड़ी संगठनात्मक कार्रवाई करते हुए जशपुर जिला अध्यक्ष राजेश भगत को पद से निष्कासित कर दिया है। यह निर्णय प्रदेश अध्यक्ष मिटकु भगत एवं कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शंकर दयाल भगत की सर्वसम्मति से लिया गया।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज जशपुर में डीलिस्टिंग के विरोध में विशाल रैली एवं आमसभा का आयोजन प्रस्तावित था। इस कार्यक्रम में ईसाई आदिवासी महासभा सहित विभिन्न संगठनों की बड़ी सहभागिता तय मानी जा रही थी। कार्यक्रम का आयोजन राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा के बैनर तले होना बताया जा रहा था,लेकिन आयोजन से ठीक पहले संगठन के भीतर बड़ा विवाद सामने आ गया है।

जारी पत्र में कहा गया है कि राजी पाड़हा सरना प्रार्थना सभा भारत ट्रस्ट अधिनियम के अंतर्गत निबंधित संस्था है। संस्था का आरोप है कि जशपुर जिला अध्यक्ष राजेश भगत द्वारा संगठन के बैनर का अनाधिकृत उपयोग करते हुए दूसरे धर्म समाज को समर्थन दिया गया तथा डीलिस्टिंग विरोधी कार्यक्रम में संस्था को आयोजक बताकर संगठन की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।

पत्र में स्पष्ट किया गया है कि राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा भारत डीलिस्टिंग के विरोध में किसी भी प्रकार का समर्थन नहीं करता तथा संगठन का इस आंदोलन से कोई संबंध नहीं है। संस्था ने कहा कि पूरे सरना धर्म एवं उरांव आदिवासी समाज की ओर से इस कृत्य की घोर निंदा की जाती है।

संगठन की ओर से जारी निर्णय में कहा गया कि राजेश भगत को तत्काल प्रभाव से जशपुर जिला अध्यक्ष पद से निष्कासित किया जाता है। इस संबंध में राष्ट्रीय महासचिव विद्यासागर केरकेट्टा को भी सूचनार्थ पत्र प्रेषित किया गया है।

इस कार्रवाई के बाद जिले में डीलिस्टिंग आंदोलन और सरना समाज संगठनों के बीच नई राजनीतिक एवं सामाजिक चर्चा शुरू हो गई है।

अब देखना होगा कि आज के आंदोलन को लेकर प्रशासनिक रुख क्या होगा।

और पढ़ें ...

NH-43 पर बवाल,तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने मचाई तबाही,ट्रक ने लोगों को रौंदा,एक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम।

 

 

 

 

जिले के लोदाम थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-43 पर गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे के बाद भारी बवाल की स्थिति बन गई। जशपुर से सब्जी लादकर पश्चिम बंगाल जा रही तेज रफ्तार मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर कई लोगों और वाहनों को रौंदते हुए पूर्व सरपंच के घर में जा घुसी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक ने दो मोटरसाइकिल, एक ट्रैक्टर, एक ऑटो और बिजली के खंभे को भी जोरदार टक्कर मारी। हादसा इतना भीषण था कि मृतक का शव दो टुकड़ों में बंट गया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-43 पर चक्का जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

सूचना मिलते ही जशपुर एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश देने में जुटे हुए हैं। एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार ने बताया कि पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।ग्रामीणों को समझाईश देकर जाम खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है।

और पढ़ें ...

कुम्हारी में दर्दनाक हादसा : घर में लगी आग, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत।

 

 

 

दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 04 खपरी रोड में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मकान में अचानक आग लगने से पूरा घर चपेट में आ गया, जिससे अंदर मौजूद चार लोगों की जान चली गई।

सूचना मिलते ही थाना कुम्हारी पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, फायर ब्रिगेड एवं राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के साथ बचाव कार्य शुरू किया गया। हालांकि तब तक घर के भीतर मौजूद चार लोगों की मौत हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार मृतकों में होमदास वैष्णव (40 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (18 वर्ष), चांदनी (17 वर्ष) और गोपिका (02 वर्ष) शामिल हैं।

घटना के बाद फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। है।

और पढ़ें ...

“नीट विवाद पर फूटा छात्रों का गुस्सा, NTA पर उठे बड़े सवाल”छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं — आदित्येश्वर शरण सिंह देव”

 

 

 

 

नीट-यूजी 2026 परीक्षा को लेकर देशभर में उठे विवाद और परीक्षा निरस्त होने की घटनाओं पर कांग्रेस नेता आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे लाखों छात्रों और अभिभावकों के विश्वास के साथ अन्याय बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेने की मांग की है।

आदित्येश्वर ने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के छात्र सीमित संसाधनों के बावजूद वर्षों तक मेहनत करते हैं, लेकिन बार-बार की प्रशासनिक विफलताएं उनके भविष्य पर गंभीर असर डाल रही हैं। उन्होंने NTA की व्यवस्था में व्यापक सुधार और पारदर्शी जांच की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि 2024 के विवादों से कोई सबक नहीं लिया गया और परीक्षा प्रणाली आज भी आउटसोर्सिंग और अव्यवस्था के भरोसे चल रही है। “देश के युवाओं का भविष्य प्रयोगशाला नहीं बन सकता,” उन्होंने कहा।

आदित्येश्वर ने मांग की कि—

नीट-यूजी 2026 प्रकरण की समयबद्ध न्यायिक जांच हो

NTA की संरचना और भर्ती प्रणाली में सुधार किया जाए

दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो

छात्रों के हितों की रक्षा के लिए पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू की जाए।

उन्होंने कहा कि छात्र और अभिभावक अब जवाब चाहते हैं और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने का अधिकार रखते हैं।

और पढ़ें ...

गांधी चौक में गुटखा थूकने के विवाद पर हिस्ट्रीशीटर ने की मारपीट, कोतवाली पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल।

 

 

 

 

अंबिकापुर के गांधी चौक क्षेत्र में गुटखा थूकने की मामूली बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि हिस्ट्रीशीटर बदमाश और उसके साथियों ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। मामले में कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी मजहर खान सहित दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही आरोपी के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार नमनाकला निवासी पंकज शुक्ला 2 मई 2026 को अपने साथी मनीष अम्बस्ट और रानू पाण्डेय के साथ गांधी चौक स्थित पान दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान गुटखा थूकने की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि अनिकेत त्रिपाठी अपने साथी मजहर खान, जय सोनी और ओम सोनी के साथ मौके पर पहुंचा और सार्वजनिक स्थान पर गंदी गालियां देते हुए हाथ-मुक्का और कड़ा से मारपीट की। हमले में पंकज शुक्ला के सिर में चोट आई।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 278/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस टीम ने 5 मई को दबिश देकर रसूलपुर क्षेत्र से आरोपी मजहर खान को गिरफ्तार किया। आरोपी मजहर खान पिता सेराज उर्फ सिराजुद्दीन अंसारी, उम्र 37 वर्ष, निवासी इमलीपारा अंबिकापुर के खिलाफ BNSS की धारा 129 के तहत गुंडा बदमाश फाइल खोली गई है तथा जिला बदर की कार्रवाई भी पृथक से की जा रही है।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, उप निरीक्षक कृष्णा यादव, सहायक उप निरीक्षक विवेक पांडेय, ASI अदीप सिंह सहित कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और पढ़ें ...

दूषित पानी पीने की खबर पर मुख्यमंत्री सख्त,आदिवासी बस्ती में पेयजल संकट पर CM ने कलेक्टर को किया फोन, तत्काल व्यवस्था के दिए निर्देश।

 

 

 

सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में आदिवासी परिवारों द्वारा नाला का दूषित पानी पीने का मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर Ajit Vasant को फोन कर तत्काल स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार मैनपाट के सपनादर ग्राम पंचायत अंतर्गत केराजेबला बस्ती में लोग मजबूरी में नाला और दूषित जल स्रोतों का पानी पी रहे हैं। क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की लापरवाही के कारण समस्या का समाधान नहीं हो सका।

मुख्यमंत्री के संज्ञान में मामला आने के बाद प्रशासन हरकत में आया। 

कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि DMF मद से बस्ती में हैंडपंप स्थापित किया जाएगा। साथ ही जिले की लगभग 100 ऐसी बस्तियों में बोरवेल और हैंडपंप लगाने के आदेश दिए गए हैं, जहां लोग आज भी नदी, नाला, ढोढ़ी और खेतों का पानी पीने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार दूषित पानी पीने से ग्रामीण बीमार भी पड़ रहे हैं और बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है।

इस पूरे मामले में बड़ा सवाल PHE विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहा है। यदि समय रहते जिम्मेदार अधिकारियों ने स्थिति संभाली होती, तो मुख्यमंत्री को स्वयं हस्तक्षेप कर कलेक्टर को निर्देश देने की नौबत नहीं आती।

 मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट संकेत दिया है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

और पढ़ें ...

आईईडी विस्फोट में 3 जवान शहीद: डी-माइनिंग ऑपरेशन के दौरान हादसा, कलेक्टर-आईजी ने जताया दुख।

 

 

बस्तर संभाग के कांकेर–नारायणपुर सीमा क्षेत्र में चल रहे डी-माइनिंग एवं एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आईईडी निष्क्रिय करने के अभियान में अचानक हुए विस्फोट की चपेट में आकर डीआरजी (DRG) के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज 2 मई 2026 को थाना छोटेबेठिया क्षेत्र से पुलिस टीम डी-माइनिंग, सर्च ऑपरेशन और एरिया डॉमिनेशन के लिए रवाना हुई थी। अभियान के दौरान आईईडी को निष्क्रिय करते समय अचानक विस्फोट हो गया।

इस हादसे में इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढपाले गंभीर रूप से घायल हुए और मौके पर ही शहीद हो गए। वहीं कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा घायल हैं, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों से मिली जानकारी और अन्य इनपुट के आधार पर सुरक्षा बलों द्वारा सैकड़ों आईईडी बरामद कर निष्क्रिय किए गए हैं। बावजूद इसके, आज की यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, जब निष्क्रिय करने के दौरान आईईडी आकस्मिक रूप से विस्फोटित हो गया।

घटना के बाद क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन और सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने कहा है कि मामले से संबंधित आगे की जानकारी समय-समय पर साझा की जाएगी।

और पढ़ें ...

जनगणना कार्य में लापरवाही, कलेक्टर रोहित व्यास ने सहायक शिक्षक सत्यजीत निराला को किया निलंबित।

 

 

 

 

जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर रोहित व्यास ने सख्त कार्रवाई करते हुए सहायक शिक्षक सत्यजीत निराला को निलंबित कर दिया है।

कलेक्टर के अनुसार तहसीलदार एवं चार्ज जनगणना अधिकारी दुलदुला द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुलदुला में 15 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस प्रशिक्षण में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य थी।

प्रतिवेदन के अनुसार, प्राथमिक शाला सरहापानी ग्राम पतराटोली, तहसील दुलदुला में पदस्थ सहायक शिक्षक सत्यजीत निराला बिना किसी पूर्व सूचना एवं अनुमति के प्रशिक्षण में अनुपस्थित पाए गए। इस पर पहले स्थानीय स्तर पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, किंतु कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।

इसके बाद जिला स्तर से भी नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया, परंतु संबंधित शिक्षक द्वारा अब तक कोई उत्तर नहीं दिया गया।

अधिकारियों ने इसे जनगणना जैसे अति महत्वपूर्ण कार्य में घोर लापरवाही एवं कर्तव्यहीनता माना है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर रोहित व्यास ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की है।

निलंबन अवधि में सत्यजीत निराला का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी दुलदुला कार्यालय निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

और पढ़ें ...

नाबालिग के साथ गंभीर मारपीट व प्रताड़ना का मामला,CWC के अध्यक्ष नितिन रॉय ने पुलिस को दिए एफआईआर दर्ज करने के दिए निर्देश।

 

 

 

 

जिले में एक 5 वर्षीय नाबालिग बालक के साथ मारपीट और प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। बाल कल्याण समिति जशपुर ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए थाना कुनकुरी पुलिस को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार पांच वर्षीय नाबालिग बालक जिसकी उम्र लगभग 5 वर्ष बताई जा रही है।इस बच्चे को पिछले करीब दो वर्षों से ग्राम सलियाटोली निवासी श्रीमती क्लारेड एक्का द्वारा अवैध रूप से अपने पास रखा गया था।इस दौरान बच्चे के साथ हमेशा मारपीट की जाती रही।

चाइल्ड लाइन जशपुर द्वारा 23 अप्रैल 2026 को बालक को काउंसलिंग के लिए बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। काउंसलिंग के दौरान बालक ने बताया कि उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। बालक के शरीर और सिर पर चोट के स्पष्ट निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

जशपुर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष नितिन राय ने इसे गंभीर अपराध मानते हुए थाना प्रभारी कुनकुरी को निर्देश दिया है कि मामले की जांच कर किशोर न्याय बालकों की देखरेख एवं संरक्षण अधिनियम 2015 तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत आरोपी महिला के विरुद्ध उचित वैधानिक कार्रवाई की जाए और समिति को अवगत कराया जाए।

इस मामले की सूचना कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला बाल संरक्षण समिति, जिला शिक्षा अधिकारी और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित संबंधित विभागों को भी भेजी गई है, ताकि समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

यह मामला बाल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है और प्रशासन की सक्रियता अब इस केस में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

और पढ़ें ...

कट्टे की नोक पर कुनकुरी के युवक से झारखंड में लूट, 4 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज।

 

 

जशपुर जिले के कुनकुरी निवासी युवक के साथ झारखंड के घाघरा थाना क्षेत्र में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। आरोपियों ने अर्टिगा वाहन बुक कर युवक को झांसे में लेकर झारखंड ले गए, जहां कट्टे की नोक पर वाहन, मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में 4 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुनकुरी निवासी रविराम पिता रूपसाय राम सोमवार की शाम होलीक्रॉस हॉस्पिटल के सामने ऑटो स्टैंड में अपनी अर्टिगा गाड़ी के साथ खड़ा था। इसी दौरान एक व्यक्ति तीन अन्य साथियों के साथ आया और अपनी पत्नी को ढूंढने झारखंड के वीरू रामरेखा जाने के नाम पर वाहन बुक किया।

रविराम आरोपियों को लेकर रामरेखा पहुंचा, जहां आरोपियों ने उसे आगे घाघरा चलने के लिए कहा। जैसे ही वाहन नवाटोली बेलगड़ा के पास पहुंचा,चारों आरोपियों ने कट्टे की नोक पर चालक को धमकाकर मारपीट कर उससे अर्टिगा कार, मोबाइल और नकदी लूट ली। 

घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। लूटी गई संपत्ति की कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई जा रही है।

घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर पातासाजी की जा रही है।

कुनकुरी टैक्सी स्टैंड से बुक की गई नई कार लूट की इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय होकर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

और पढ़ें ...

पहाड़ी कोरवा युवक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, पुलिस मौके पर जांच में जुटी।

 

 

 

 

जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेतरा गांव में एक पहाड़ी कोरवा जनजाति के युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और मर्ग कायम कर लिया गया है।

 

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेतरा गांव निवासी विनोद राम (30), पिता विक्रम राम, ने बुधवार तड़के अपने घर के मयार में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

मामले में बगीचा पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है मृतक विवाहित था और उसके तीन छोटे बच्चे हैं। करीब तीन वर्ष पूर्व उसकी पत्नी का निधन हो गया था, जिसके बाद से वह बच्चों के पालन-पोषण को लेकर मानसिक रूप से चिंतित रहता था हालांकि, इस संबंध में पुलिस द्वारा सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्यवाही की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

और पढ़ें ...

महनई घाटी में अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, 8 से अधिक यात्री घायल।

 

 

 

जशपुर जिले की सीमा क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। बगीचा से सामरी जा रही शमीम बस घाटी चढ़ाई के दौरान अनियंत्रित होकर पीछे की ओर बैक हुई और पीछे आ रही कार को टक्कर मारते हुए पलट गई।

यह हादसा पंडरापाठ चौकी क्षेत्र के महनई में अजीत घर के पास हुआ है। दुर्घटना में 8 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को इलाज के लिए बलरामपुर के डीपाडीह अस्पताल भेजा गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही बगीचा एसडीएम प्रदीप राठिया ने घायलों के त्वरित उपचार के निर्देश दिए हैं। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

और पढ़ें ...

ब्रेकिंग पत्रवार्ता : वेदांता पावर प्लांट में भीषण हादसे पर सरकार सख्त, 12 मजदूरों की मौत,कलेक्टर ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

 

 

 

 

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर लिमिटेड के सिंघीतराई प्लांट में मंगलवार (14 अप्रैल 2026) को बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। बॉयलर यूनिट-1 में स्टीम पाइप के वाटर सप्लाई ज्वॉइंट में तकनीकी खराबी के चलते हुए इस हादसे में 34 श्रमिक प्रभावित हुए, जिनमें से 12 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य घायल श्रमिकों का इलाज जारी है।

घायलों को तत्काल फोर्टिस जिंदल अस्पताल, आपेक्स अस्पताल और बालाजी मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

कैसे हुआ हादसा?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्लांट के बॉयलर यूनिट-1 में स्टीम पाइप से जुड़े वाटर सप्लाई पाइप के ज्वॉइंट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद तेज दबाव के कारण बड़ा विस्फोटनुमा हादसा हुआ, जिसकी चपेट में कई मजदूर आ गए।

कलेक्टर का सख्त एक्शन मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

जिला कलेक्टर एवं दण्डाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

जांच की जिम्मेदारी अनुविभागीय दण्डाधिकारी (एसडीएम) डभरा को सौंपी गई है।

इन 8 बिंदुओं पर होगी जांच

जांच अधिकारी निम्न प्रमुख पहलुओं की जांच करेंगे:

घटना कब और कैसे हुई

मृतक एवं घायल मजदूरों की पहचान

हादसे के पीछे की परिस्थितियां

पूर्व निरीक्षण और सुरक्षा खामियां

तकनीकी बनाम मानवीय लापरवाही

जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान

भविष्य के लिए सुरक्षा उपाय

अन्य आवश्यक बिंदु

 30 दिन में रिपोर्ट

जांच अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि 30 दिनों के भीतर पूरी जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

बड़ा सवाल

इतने बड़े औद्योगिक प्लांट में आखिर सुरक्षा मानकों में चूक कैसे हुई?

क्या यह सिर्फ तकनीकी खराबी थी या लापरवाही का नतीजा – यह अब जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।

यह हादसा एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों की हकीकत पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।

और पढ़ें ...

जशपुर जिला अस्पताल में अभद्र व्यवहार पर कार्रवाई ऑपरेटर मोती चौहान को सिविल सर्जन ने जारी किया कारण बताओ नोटिस।

 

 

जिला चिकित्सालय जशपुर में मरीज के परिजनों के साथ कथित अभद्र व्यवहार के मामले में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाया है। अस्पताल में पदस्थ जीवनदीप कर्मी (ऑपरेटर) श्रीमती मोती चौहान को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 5 दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

नोटिस में उल्लेख किया गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook पर वायरल एक वीडियो के संज्ञान में यह मामला सामने आया। 8 अप्रैल 2026 को प्रसारित इस वीडियो में देखा गया कि आयुष्मान कार्ड चालू कराने पहुंचे मरीज के परिजनों के साथ संबंधित कर्मी द्वारा अभद्र व्यवहार किया जा रहा है।

वीडियो में यह भी स्पष्ट होता है कि मरीज सुबह से आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ लेने के लिए बार-बार आयुष्मान काउंटर पर आ रहा था, लेकिन समस्या का समाधान शांतिपूर्वक बताने के बजाय कथित रूप से ऊंची आवाज में अनुचित व्यवहार किया गया।

सिविल सर्जन ने अपने नोटिस में कहा है कि यह आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के विपरीत है। एक शासकीय कर्मचारी के रूप में इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।

उक्त प्रकरण में श्रीमती मोती चौहान को निर्देशित किया गया है कि वे 5 दिवस के भीतर स्वयं उपस्थित होकर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।

और पढ़ें ...

कैलाश गुफा विवाद,वादा निकला झूठा,नहीं खुला मंदिर का ताला,श्रद्धालुओं ने कलेक्टर को सौंपा स्मरण पत्र।

 

 

 

 

जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैलाश गुफा मंदिर को लंबे समय से बंद रखे जाने के विरोध में श्रद्धालुओं और संत समाज के लोगों ने सोमवार को कलेक्टर को स्मरण पत्र सौंपकर मंदिर खुलवाने की मांग तेज कर दी है। श्रद्धालुओं का कहना है कि कोरोना काल से बंद यह मंदिर आज तक नहीं खोला गया है, जिससे लोगों में आक्रोश और निराशा का माहौल है।

 

स्मरण पत्र में बताया गया है कि कैलाश गुफा स्थित शिव मंदिर, पूज्य गहिरा गुरु की प्रेरणा से भक्तों एवं संत समाज के सहयोग से निर्मित एक प्रमुख आस्था केंद्र है। इसके बावजूद समिति के अध्यक्ष बभ्रुवाहन सिंह द्वारा मंदिर को बंद रखा गया है।

 

श्रद्धालुओं ने बताया कि 5 अक्टूबर 2025 को मंदिर खोलने के लिए ज्ञापन दिया गया था, जिस पर सनातन संत समाज के सचिव खिरेन्द्र सिंह द्वारा 45 दिनों के भीतर मंदिर खोलने का आश्वासन दिया गया था। बावजूद इसके तीन माह बीत जाने के बाद भी मंदिर नहीं खोला गया।

इसके बाद 31 दिसंबर 2025 को ग्राम चुन्दापाठ में आयोजित आमसभा में समिति अध्यक्ष बभ्रुवाहन सिंह एवं प्रतिनिधि नन्दगोपाल यादव,पकरीटोली द्वारा लिखित घोषणा करते हुए 14 जनवरी 2026 (मकर संक्रांति) तक मंदिर खोलने की जिम्मेदारी ली गई थी, लेकिन यह वादा भी पूरा नहीं किया गया।

स्मरण पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि मंदिर खोलने की मांग को लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इस दौरान 81 वर्षीय बुजुर्ग सियाराम यादव के साथ अध्यक्ष के पुत्र राजू सिंह द्वारा 21 सितंबर 2025 को मारपीट की घटना हुई, जिससे समाज में भय और आक्रोश व्याप्त है।

उल्लेखनीय है कि जन आस्था के विपरीत व्यवहार से प्रशासन भी अछूता नहीं रहा।श्रद्धालुओं की समस्या को देखते हुए जिले के कलेक्टर रोहित व्यास द्वारा कैलाश गुफा पहुंचकर अध्यक्ष से बात कर ताला खुलवाने का प्रयास किया गया जिसमें समिति के अध्यक्ष द्वारा अब तक मंदिर का ताला नहीं खोला गया।

श्रद्धालुओं ने यह भी आरोप लगाया है कि कैलाश गुफा मंदिर के संचालन के लिए आज तक कोई विधिवत समिति का गठन नहीं किया गया है।कैलाश गुफा में व्याप्त अनियमितताओं एवं समस्याओं को लेकर 5 फरवरी 2026 को संत समाज द्वारा एक बड़ा जन आंदोलन भी किया जा चुका है।

कलेक्टर को दिए गए स्मरण पत्र में मांग की गई है कि प्रशासन स्वयं हस्तक्षेप कर मंदिर को शीघ्र खुलवाए और नई समिति का गठन कर व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि क्षेत्र में धार्मिक सौहार्द और सामाजिक एकता बनी रहे।

इस संबंध में श्रद्धालुओं ने प्रतिलिपि के माध्यम से मुख्यमंत्री, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, सांसद चिन्तामणी महाराज, जशपुर विधायक, कमिश्नर सरगुजा संभाग, कलेक्टर सरगुजा तथा पुलिस अधीक्षक जशपुर को भी सूचित कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

बहरहाल श्रद्धालु अब भी बंद मंदिर में जल चढ़ाने को मजबूर हैं।श्रद्धालुओं का कहना है कि यदि मंदिर खोलकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त नहीं किया गया तो आगामी दिनों में पदयात्रा के माध्यम से जिले से आंदोलन शुरु करते हुए संभाग व प्रदेश स्तर तक अपनी मांगों को लेकर जाएंगे।

और पढ़ें ...

ब्लड बैंक में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, कलेक्टर रोहित व्यास ने एमएलटी संतोष कुमार वाणिक को किया निलंबित

 

 

 

 

जिले के स्वास्थ्य तंत्र में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर रोहित व्यास ने जिला चिकित्सालय जशपुर के एमएलटी संतोष कुमार वाणिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर ब्लड बैंक में रक्त प्रदाय करने में गंभीर लापरवाही बरतने और वरिष्ठ अधिकारी के हस्ताक्षर का दुरुपयोग कर अनुशासनहीनता करने का आरोप सिद्ध हुआ है।

आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में श्री वाणिक का मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

मामले में जिला चिकित्सालय जशपुर की ब्लड सेंटर प्रभारी एवं पैथालॉजी विशेषज्ञ डॉ. ममता सिंह द्वारा 13 मार्च 2026 को शिकायत के आधार पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके जवाब में 23 मार्च 2026 को श्री वाणिक ने अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया।

जांच में पाया गया कि ब्लड बैंक में रक्त प्रदाय में गंभीर लापरवाही बरती गई तथा वरिष्ठ अधिकारी के हस्ताक्षर का स्पष्ट दुरुपयोग किया गया। साथ ही, अपने द्वारा की गई त्रुटियों का दोष अन्य कर्मचारियों पर डालकर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास भी किया गया। प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।

यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 03 के विपरीत पाया गया, जिसके चलते छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 09 के तहत कलेक्टर द्वारा निलंबन की कार्रवाई की गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

और पढ़ें ...

मंदिर में तोड़फोड़ से मचा बवाल, विधायक रायमुनि भगत सख्त, एसएसपी लाल उमेद सिंह बोले “होगी कड़ी कार्रवाई”।

 

 

 

 

जशपुर जिले के आस्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत धरधरी गांव में स्थित बम्हनी माता मंदिर की प्राचीन मूर्तियों में अज्ञात तत्वों द्वारा की गई तोड़फोड़ और धार्मिक प्रतीकों के अपमान से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मंदिर परिसर में रखी प्राचीन मूर्तियों को खंडित कर फेंक दिया गया, वहीं माता रानी की चुनरी और झंडे को जलाए जाने की घटना ने लोगों की आस्था को गहरा आघात पहुंचाया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू कर दी गई। ग्रामीणों से पूछताछ के साथ-साथ आरोपियों की पहचान के लिए सघन प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक का सख्त रुख

ग्रामीणों की सूचना पर जशपुर विधायक रायमुनि भगत ने मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। विधायक ने कहा कि ऐसी घटनाएं क्षेत्र की शांति व्यवस्था को बिगाड़ने की साजिश हो सकती हैं, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एसएसपी का बड़ा बयान

जिले के एसएसपी लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया है कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। मौके पर डीएसपी और डॉग स्क्वायड की टीम सक्रिय रूप से आरोपियों की पतासाजी में जुटी हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

हिंदू संगठनों में उबाल

घटना को लेकर विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल सहित सर्व हिंदू समाज में जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है। रामदास यादव, प्रखंड अध्यक्ष मनोरा ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन में इस घटना को धार्मिक भावनाओं पर सीधा आघात बताते हुए इसे क्षेत्र की शांति और सौहार्द के लिए गंभीर खतरा करार दिया गया है।

 फिलहाल पुलिस की टीमें लगातार जांच में जुटी हैं और प्रशासन जल्द बड़े खुलासे की बात कह रहा है।

और पढ़ें ...

तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत, तलाश के बाद शव बरामद।

 

 

 

 

जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिसबहरी गांव से एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है, जहां तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतक बच्चों की पहचान गोल्डी टोप्पो (7 वर्ष) और अनीस टोप्पो (8 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे कल से लापता थे, जिसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम लगातार बच्चों की तलाश में जुटी हुई थी।

एएसआई विपिन तिवारी ने बताया कि तलाश के दौरान आज दोनों बच्चों के शव बिसबहरी गांव के तालाब में मिले, जिन्हें पुलिस ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला।

एएसआई विपिन तिवारी, एएसआई नरेश मिंज समेत पुलिस की टीम शव पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी हुई है।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

और पढ़ें ...

दुःखद खबर : जशपुर के पूर्व विधायक जगेश्वर राम भगत का आकस्मिक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर।

 

 

 

 

जशपुर जिले के पूर्व विधायक जगेश्वर राम भगत का आकस्मिक निधन हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुरानी टोली स्थित उनके निवास पर हार्ट अटैक आने से उनका निधन हुआ। इस दुखद खबर के सामने आते ही पूरे जशपुर जिले में शोक की लहर फैल गई है। राजनीतिक, सामाजिक और आमजन में गहरा दुःख व्याप्त है तथा उनके समर्थक बड़ी संख्या में उनके निवास पर पहुंच रहे हैं।

स्वर्गीय जगेश्वर राम भगत का जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण का प्रतीक रहा। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्राणवान कार्यकर्ता रहे और समाज सेवा से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। इसके साथ ही वे अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम से भी जुड़े रहे। 

वर्ष 2008 में स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के प्रयास से उन्हें जशपुर विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया, जहां उन्होंने शानदार जीत दर्ज कर विधायक बनने का गौरव प्राप्त किया। चुनाव में उन्होंने 64,553 मत प्राप्त कर 50.18 प्रतिशत मतों के साथ विजय हासिल की और क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

विधायक रहते हुए उन्होंने आमजन की समस्याओं, अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति, पुस्तकालय समिति, पटल पर रखे गए पत्रों की जांच समिति तथा गैर सरकारी विधेयक एवं संकल्प समिति जैसे महत्वपूर्ण समितियों में सक्रिय भूमिका निभाई। 

अपने कार्यकाल में उन्होंने क्षेत्र के विकास, सड़क, शिक्षा और विशेष रूप से आदिवासी समाज के उत्थान से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी।

उनका जन्म 2 अगस्त 1949 को जशपुर जिले के ग्राम कोमड़ो में हुआ था। उनके पिता का नाम श्री रामेश्वर राम था। वे हायर सेकेंडरी शिक्षित थे और कृषि उनके जीवन का मुख्य व्यवसाय रहा। वे धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में विशेष रुचि रखते थे। पारिवारिक जीवन में वे विवाहित थे और उनके छह पुत्र एवं पांच पुत्रियां हैं।

सरल, सहज और जमीनी नेता के रूप में पहचाने जाने वाले जगेश्वर राम भगत का आम जनता से गहरा जुड़ाव था। यही कारण है कि वे लंबे समय तक क्षेत्र में लोकप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में स्थापित रहे।

उनका अंतिम संस्कार कल उनके गृह ग्राम कोमड़ो में किया जाएगा, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में आमजन के शामिल होने की संभावना है।

स्वर्गीय जगेश्वर राम भगत के निधन से जशपुर जिले ने एक अनुभवी, समर्पित और जनप्रिय नेता को खो दिया है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।

और पढ़ें ...

अंधविश्वास की जकड़ में इंसानियत हुई शर्मसार,जादू-टोना के शक में पिता ने वृद्ध महिला को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार।

 

 

अंधविश्वास की जकड़ में इंसानियत एक बार फिर शर्मसार हुई है। जशपुर जिले में जादू-टोना के शक ने एक बेबस वृद्ध महिला की जान ले ली है। जहां एक व्यक्ति ने निर्दयता की सारी हदें पार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

घटना बगीचा थाना क्षेत्र के गितारीपानी गांव की है। यहां आरोपी छंदनू राम (31 वर्ष) पिता मंगरू, पहाड़ी कोरवा ने शुक्रवार की रात गांव में अकेले रह रही वृद्ध महिला फूलमइत बाई (71 वर्ष) की लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

बताया जा रहा है कि आरोपी के बच्चे अक्सर बीमार रहते थे, जिसके चलते वह मृतिका पर जादू-टोना करने का संदेह करता था। इसी अंधविश्वास के कारण उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

शनिवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि मृतिका रात में खाना खाकर अपने घर में सो रही थी, तभी आरोपी ने उसके सिर और चेहरे पर डंडे से कई वार कर उसकी हत्या कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार एवं एसडीओपी दिलीप कोसले के मार्गदर्शन में पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची। टीम में एएसआई बैजन्ती किंडो, एएसआई नरेश मिंज, आरक्षक मुकेश पांडेय एवं सैनिक बलि रवि शामिल थे। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसडीओपी दिलीप कोसले ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

और पढ़ें ...

महामहिम राज्यपाल ने बिरहोर बस्ती में परखी हकीकत, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश।

 

 

जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत बेहराखार के शंकर नगर में आज उस वक्त खास हलचल देखने को मिली, जब छत्तीसगढ़ के महामहिम रमेन डेका यहां पहुंचे और राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र माने जाने वाले 11 बिरहोर परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।

महामहिम राज्यपाल ने गांव पहुंचते ही सीधे हितग्राही परिवारों से संवाद किया और उनके आवास, रोजगार तथा मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने जमीनी हकीकत को नजदीक से समझते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए।

महामहिम ने कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को निर्देशित करते हुए कहा कि गांव में योजनाओं का केवल कागजी क्रियान्वयन नहीं, बल्कि उसका वास्तविक असर भी दिखना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से बिरहोर परिवारों के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समूहों का गठन किया जाए और उन्हें बिहान योजना से जोड़ा जाए। साथ ही महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए “लखपति दीदी” योजना को तेजी से लागू करने के निर्देश दिए, ताकि गांव की आर्थिक स्थिति में ठोस सुधार लाया जा सके।

महामहिम ने यह भी कहा कि सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी हितग्राही को योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

महामहिम राज्यपाल के इस दौरे से गांव में नई उम्मीद जगी है। अब देखना होगा कि अधिकारियों को दिए गए निर्देश कितनी तेजी से धरातल पर उतरते हैं और बिरहोर परिवारों के जीवन में कितना सकारात्मक बदलाव ला पाते हैं।

और पढ़ें ...

अवैध धान परिवहन में जप्त ट्रक रिलीज कर धान समेत हुआ गायब, मिथलेश साहु पर गंभीर आरोप, मालिक ने एसपी से लगाई गुहार।

 

 

 

जशपुर जिले में अवैध धान परिवहन से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। झारखंड के गुमला निवासी ट्रक मालिक सुधीर कुमार मांझी ने पुलिस अधीक्षक जशपुर को आवेदन देकर ग्राम पण्डरापाठ बगीचा निवासी मिथलेश साहु पर जप्त ट्रक को रिलीज कर धान समेत गायब करने का आरोप लगाया है।

आवेदन के अनुसार, प्रार्थी सुधीर कुमार मांझी ने बताया कि मिथलेश साहु से उनकी पहले से पहचान थी और वह पूर्व में भी उनका ट्रक किराये पर ले चुका था। इसी विश्वास के चलते उन्होंने दिनांक 02 नवंबर 2025 को अपना ट्रक क्रमांक CG14MG8063 एक माह के लिए 1,20,000 रुपये में मिथलेश साहु को किराये पर दे दिया।

प्रार्थी के मुताबिक, उक्त ट्रक से मिथलेश साहु द्वारा अवैध धान परिवहन किया जा रहा था। इसी दौरान 05 नवंबर 2025 को फूड विभाग एवं जशपुर पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए ट्रक को जप्त कर लिया गया और जशपुर थाना परिसर में खड़ा कर दिया गया। ट्रक करीब चार माह तक थाना परिसर में खड़ा रहा।

आरोप है कि दिनांक 10 मार्च 2026 को मिथलेश साहु ने फूड विभाग से ट्रक को रिलीज करवा लिया और बिना ट्रक मालिक को कोई सूचना दिए धान सहित ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चला गया। बाद में जब प्रार्थी को अन्य लोगों से इसकी जानकारी मिली, तब उन्होंने मिथलेश साहु से संपर्क किया।

प्रार्थी का कहना है कि संपर्क करने पर मिथलेश साहु ने धान खाली करवाकर ट्रक वापस करने और चार माह का किराया देने का आश्वासन दिया, लेकिन आज दिनांक 01 अप्रैल 2026 तक न तो ट्रक वापस किया गया है और न ही किराया दिया गया है। बार-बार पूछने पर भी आरोपी द्वारा सही जानकारी नहीं दी जा रही है और लगातार टालमटोल किया जा रहा है।

प्रार्थी ने आशंका जताई है कि उसके ट्रक का दुरुपयोग किया जा सकता है। मामले को गंभीर बताते हुए उसने पुलिस अधीक्षक से मिथलेश साहु के विरुद्ध उचित वैधानिक कार्रवाई करते हुए ट्रक वापस दिलाने एवं बकाया किराया दिलाने की मांग की है।

फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।

और पढ़ें ...

छेड़छाड़ का आरोपी निकला हिस्ट्रीशीटर, पहले से कई संगीन मामलों में दर्ज है आरोपी का नाम,पुलिस ने भेजा जेल।

 

 

बगीचा थाना क्षेत्र में युवती से छेड़छाड़ के मामले में आरोपी कैलाश यादव को गिरफ्तार कर।पुलिस ने जेल भेज दिया है। आरोपी की पृष्ठभूमि चौंकाने वाली सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी कैलाश यादव पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है और उसका नाम गुंडा बदमाश सूची में दर्ज है।

जानकारी के मुताबिक, 24 मार्च 2026 की रात आरोपी ने एक युवती के घर में जबरन घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ की थी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी कैलाश यादव पिता प्रभाकर यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

मामले की विवेचना कर रहे एएसआई बैजन्ती किंडो ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही धोखाधड़ी, लूट, डकैती, मारपीट, चोरी और अवैध वसूली जैसे कई संगीन अपराध दर्ज हैं। क्षेत्र में उसकी छवि एक आदतन अपराधी के रूप में रही है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से लोगों में भरोसा बढ़ेगा और ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

और पढ़ें ...

सायबर ट्रैकिंग से पश्चिम बंगाल पहुंची जशपुर पुलिस, दुष्कर्म के आरोपी को किया गिरफ्तार।

 

 

 

बगीचा थाना क्षेत्र में युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी राकेश विश्वकर्मा (उम्र 27 वर्ष), पिता हृदय सिंह विश्वकर्मा, निवासी थाना बाराबनी, जिला पश्चिम वर्धमान (पश्चिम बंगाल) के खिलाफ बगीचा थाने में अपराध क्रमांक 24/26 दर्ज है। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 एवं 64(2)(m) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।

बताया गया कि आरोपी पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर बगीचा पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था।

जशपुर साइबर टीम के सहयोग से बगीचा पुलिस लगातार आरोपी की लोकेशन ट्रैक कर रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह के निर्देशन में मामले की जांच की गई। विवेचना एएसआई बैजंती किंडो द्वारा की जा रही थी।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बगीचा थाना से एएसआई नरेश मिंज एवं आरक्षक विनोद यादव की टीम पश्चिम बंगाल रवाना हुई, जहां से आरोपी को पकड़कर बगीचा लाया गया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की कार्रवाई जारी है।

और पढ़ें ...

जलजीवन मिशन के भुगतान में देरी से परेशान ठेकेदार ने आत्मदाह की दी चेतावनी, PHE समेत विभागीय इंजीनियर पर गंभीर आरोप।

 

 

जिला सरगुजा के अंबिकापुर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग PHE से जुड़े ठेकेदारों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। भुगतान में देरी और कथित प्रताड़ना से परेशान एक ठेकेदार ने आत्मदाह की चेतावनी दी है, वहीं अन्य ठेकेदारों ने भी विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्य कर चुके ठेकेदार रजनीकांत अग्रवाल ने कलेक्टर को लिखे पत्र में बताया कि उन्होंने लगभग एक वर्ष पहले अपना कार्य पूर्ण कर लिया था, लेकिन अब तक उन्हें पूरा भुगतान नहीं मिला है। करीब 65 लाख रुपये के कार्य के बदले मात्र 22 लाख रुपये का भुगतान किया गया है, जबकि शेष राशि के लिए उन्हें लगातार विभाग के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

पत्र में आरोप लगाया गया है कि PHE विभाग के कुछ अधिकारी जानबूझकर भुगतान प्रक्रिया में देरी कर रहे हैं। साथ ही उपअभियंता धर्मेन्द्र सिंह पर देयक तैयार करने के नाम पर कमीशन मांगने और मना करने पर ठेकेदारों को ब्लैकमेल व प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

इधर, भुगतान में देरी से नाराज ठेकेदारों ने PHE कार्यालय के सामने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ठेकेदार संघ का कहना है कि पिछले डेढ़ साल से भुगतान लंबित है और अनुबंध नियमों में लगातार फेरबदल कर उन्हें परेशान किया जा रहा है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 30 मार्च तक भुगतान को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई, तो वे कार्यालय में ताला जड़ देंगे।

रजनीकांत अग्रवाल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे 30 मार्च 2026 को दोपहर 1 बजे अंबिकापुर स्थित PHE कार्यालय के सामने आत्मदाह करेंगे। उन्होंने इस संभावित घटना की पूरी जिम्मेदारी विभाग और संबंधित अधिकारियों पर डाली है। इस मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय दण्डाधिकारी, अधीक्षण अभियंता और कार्यपालन अभियंता को भी भेजी गई है।

वहीं, PHE विभाग के जिला अधिकारी ओंकार सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद उपअभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर चेतावनी को किस तरह लेता है और समय रहते क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

और पढ़ें ...

अंबिकापुर संजय पार्क में 15 हिरणों की मौत पर साय सरकार सख्त,5 निलंबित,जांच टीम गठित।

 

 

 

 

अंबिकापुर स्थित संजय पार्क में आवारा कुत्तों के हमले से 15 हिरणों की मौत के मामले को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। इस पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय जांच के लिए समिति का गठन कर दिया गया है।

जांच समिति की अध्यक्षता दो वरिष्ठ अधिकारियों CCF सरगुजा और CCF वाइल्ड लाइफ को सौंपी गई है। यह टीम पूरे मामले की विस्तृत जांच कर अपना प्रतिवेदन शासन को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

इसके अलावा समिति संजय पार्क की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी अपने सुझाव देगी।

इधर, पार्क का संचालन कर रही वन प्रबंधन समिति शंकरघाट को भंग कर दिया गया है। मामले में लापरवाही के आरोप में अब तक डिप्टी रेंजर सहित पांच कर्मचारियों को निलंबित किया गया है, जबकि संबंधित रेंजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

बहरहाल सरकार इस घटना को लेकर सख्त नजर आ रही है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है।

और पढ़ें ...

ब्रेकिंग पत्रवार्ता : रायगढ़ में 72 घंटे के भीतर अफीम की खेती पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, कई जगह भंडाफोड़।

 

 

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ प्रशासन का सख्त अभियान जारी है। बीते 72 घंटों के भीतर जिला प्रशासन ने तमनार से लेकर लैलूंगा क्षेत्र तक अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़ करते हुए कई आरोपियों को हिरासत में लिया है।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान से अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

ड्रोन सर्वे से मिली बड़ी सफलता

प्रशासन द्वारा जिले के सभी अनुविभागों में व्यापक ड्रोन सर्वे कराया गया। खरसिया, घरघोड़ा, तमनार, लैलूंगा, मुकडेगा, रायगढ़, पुसौर और धरमजयगढ़ क्षेत्रों के दर्जनों गांवों में सघन निगरानी की गई। ड्रोन तकनीक के जरिए दुर्गम इलाकों में भी अवैध खेती की पहचान कर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकी।

तमनार में 2 करोड़ की अफीम जब्त

19 मार्च को तमनार के आमाघाट में छापेमारी के दौरान सब्जी की खेती की आड़ में अफीम उगाई जा रही थी। पुलिस ने यहां से 60,326 पौधे बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। मुख्य आरोपी मार्शल सांगा (झारखंड निवासी) को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूरी फसल नष्ट कर दी गई है।

लैलूंगा में भी कार्रवाई

23 मार्च को लैलूंगा तहसील के नवीन घटगांव में सादराम नाग द्वारा खेत में छिपाकर अफीम की खेती करने का मामला सामने आया। पुलिस ने फसल जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया। वहीं, अभिमन्यु नागवंशी के घर से सूखी अफीम भी बरामद की गई, जिसे नष्ट करने की कोशिश की जा रही थी।

इसके अलावा मुड़ागांव में तानसिंह नागवंशी से पूछताछ में भी संदिग्ध खेती की जानकारी मिली है। उसके घर से अवशेष बरामद कर जांच के लिए भेजे गए हैं।

सख्त कार्रवाई के संकेत

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की अवैध खेती गंभीर अपराध है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अब तक दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि आगे नारकोटिक्स एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

और पढ़ें ...

शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण का मामला, आरोपी ज्ञानचंद तिर्की गिरफ्तार,पुलिस ने भेजा जेल।

 

 

 

जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर महिला के साथ लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बगीचा थाना क्षेत्र की 32 वर्षीय महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2021 में उसका परिचय ग्राम डगडौआ निवासी ज्ञानचंद तिर्की से हुआ था। परिचय के बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। आरोप है कि आरोपी ने उसे प्यार करने और शादी करने का झांसा देकर 24 दिसंबर 2022 की रात करीब 11 बजे उसके घर पहुंचकर पहली बार शारीरिक संबंध बनाया।

महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी 15 फरवरी 2026 तक कई बार उससे शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब महिला ने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया तो वह टालमटोल करता रहा और मारपीट भी की। बाद में आरोपी ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया।

महिला की लिखित शिकायत पर बगीचा पुलिस ने आरोपी ज्ञानचंद तिर्की पिता सुलेमान तिर्की, निवासी ग्राम डगडौआ थाना बगीचा जिला जशपुर के खिलाफ धारा 366 व 376(2)(n) भादवि के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

और पढ़ें ...

पीलिया से 13 वर्षीय बालक की मौत, शहर में दूषित पेयजल को लेकर आक्रोश।

 

 

 

 

अंबिकापुर के नमनाकला खटिकपारा क्षेत्र में 13 वर्षीय बालक दिव्यांश राय की पीलिया से मौत हो गई है। इससे पहले 22 फरवरी को झँझटपारा नवापारा निवासी 40 वर्षीय सोना लाल की भी पीलिया के कारण मृत्यु हो चुकी है। लगातार हो रही मौतों के बाद शहर में हड़कंप की स्थिति है।

दूषित पानी पर उठ रहे सवाल

नवागढ़, घुटरापारा सहित कई वार्डों में पीलिया के मरीज सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम की पेयजल आपूर्ति दूषित है, जिसके चलते संक्रमण तेजी से फैल रहा है। प्रभावित इलाकों में गंदे पानी की सप्लाई को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं।

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने प्रभावित वार्डों में पानी के सैंपल लेना और जांच शुरू कर दी है। मरीजों की स्क्रीनिंग, क्लोरीनेशन और जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। हालांकि, लगातार बढ़ते मामलों ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

निगम की कार्यप्रणाली पर विपक्ष हमलावर

जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने 25 फरवरी को नए नगर निगम भवन के घेराव का ऐलान किया है। दोपहर 12:30 बजे कोठीघर में एकत्र होकर रैली के रूप में गौरव पथ स्थित नए निगम कार्यालय की ओर कूच किया जाएगा। विपक्ष का आरोप है कि नगर निगम की लापरवाही के कारण शहर में पीलिया का प्रकोप बढ़ा है।

टीएस सिंहदेव का बयान 

टी. एस. सिंहदेव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर इसे स्थानीय प्रशासन की गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया है। उन्होंने पेयजल व्यवस्था की तत्काल समीक्षा और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

शहर में पीलिया प्रकोप को लेकर लोगों में आक्रोश है। अब सबकी नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर टिकी है।

और पढ़ें ...

सड़क पर डम्प मिट्टी बनी जानलेवा,नहर में गिरी ट्रैक्टर,चालक की दबकर मौत।

  

 

 

जशपुर जिले के बगीचा क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नगर पंचायत बगीचा के भट्ठीकोना रोड स्थित नहर में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर जा गिरी, जिससे ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान नीलेश्वर यादव (22 वर्ष) पिता दुबराज यादव, निवासी खरीडांड के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर क्रमांक CG 14 MQ 5606 सड़क से गुजर रही थी, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा गिरी और चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया।

हादसे के बाद मचा हड़कंप

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के वार्डवासी बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। हाइड्रा मशीन की सहायता से ट्रैक्टर और चालक के शव को नहर से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

सड़क पर डम्प मिट्टी बनी हादसे की वजह?

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर मकान निर्माण के लिए मिट्टी डम्प की गई थी, जिससे सड़क संकरी हो गई थी। सड़क के एक ओर मिट्टी का ऊंचा ढेर था और दूसरी ओर गहरी नहर। ऐसे में तेज रफ्तार ट्रैक्टर के लिए रास्ता बेहद जोखिम भरा हो गया और वाहन सीधे नहर में जा गिरी।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क पर मिट्टी डम्प कर रास्ता बाधित नहीं किया गया होता, तो यह दुखद हादसा टाला जा सकता था। लोगों ने मांग की है कि जिन लोगों द्वारा सड़क को अवरुद्ध कर दुर्घटना की स्थिति पैदा की गई, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और प्रशासन की लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।

और पढ़ें ...

उरांव समाज में दो फाड़,वायरल ऑडियो को लेकर कृपाशंकर भगत से हाथापाई, संतन भगत पर मामला दर्ज,वीर बुधु भगत जयंती कार्यक्रम में हुई थी घटना।

 

 

 

उरांव समाज के दो प्रमुख पदाधिकारियों के बीच चल रहा विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। कृपाशंकर भगत के कथित ऑडियो वायरल होने के बाद शुरू हुई जुबानी जंग 17 फरवरी को आयोजित वीर बुधु भगत जयंती कार्यक्रम में मारपीट तक पहुंच गई।जहां संतन भगत ने समाज के सामने ही कृपाशंकर भगत को अश्लील गाली गलौज हाथापाई कर सुधरने की नसीहत दे डाली।हांलाकि बीच बचाव कर तत्काल मामले को शांत कर लिया गया था।पुनः दोनों पक्षों ने जशपुर पुलिस में लिखित आवेदन देकर कार्यवाही की मांग की है।जिसपर जशपुर पुलिस ने कृपाशंकर भगत की शिकायत पर संतन भगत के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरु कर दी है।

पत्रवार्ता को प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरटोली निवासी संतन राम भगत ने आरोप लगाया है कि 16 फरवरी 2026 को कृपाशंकर भगत द्वारा उन्हें एवं समाज के प्रतिष्ठित लोगों को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। उन्होंने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक जशपुर को लिखित शिकायत सौंपते हुए मान-सम्मान को ठेस पहुंचाने और छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है।

वहीं दूसरी ओर, टिकैतगंज निवासी कृपाशंकर भगत ने 17 फरवरी को ग्राम डांडटोली में आयोजित सरना पूजा एवं वीर बुधु भगत जयंती कार्यक्रम के दौरान संतन भगत पर सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज,मारपीट, धक्का-मुक्की एवं जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने सिटी कोतवाली जशपुर में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

थाना सिटी कोतवाली जशपुर द्वारा कृपाशंकर भगत की शिकायत पर संतन भगत के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2), 296(b), 115(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।

दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद उरांव समाज में भी चर्चा का माहौल है। सोशल मीडिया पर वायरल कथित ऑडियो को लेकर भी विवाद गहराता जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच उपरांत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।बहरहाल उरांव समाज के पदाधिकारियों के आपसी टकराहट से सामाजिक संगठन पर काफी गहरा असर पड़ सकता है।

और पढ़ें ...

फर्जी कलेक्ट्रेट अफसर बनकर 4.35 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार।

जशपुर जंक्शन,18 फ़रवरी 

थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र में खुद को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताकर नौकरी दिलाने के नाम पर दो युवकों से 4 लाख 35 हजार रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रदीप पंडा (28 वर्ष) निवासी सोडापाठ चौक पुसौर, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ (छ.ग.) है। आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली जशपुर में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

प्रार्थी रोहित खाखा (23) निवासी ग्राम इचकेला ने 16 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उसकी मां को झांसे में लेकर कलेक्ट्रेट में सुरक्षा गार्ड की नौकरी लगाने का दावा किया। पहले 50 हजार रुपए, फिर ज्वाइनिंग लेटर के नाम पर 1.50 लाख रुपए लिए बाद में एक अन्य युवक उमेश भगत से भी 2.35 लाख रुपए ऐंठ लिए।

शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जशपुर के एक होटल से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की रकम से उधारी चुकाने, फर्नीचर व कंप्यूटर खरीदने तथा अन्य खर्च करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने उसके तथाकथित कार्यालय से टेबल, कुर्सी और कंप्यूटर जब्त कर लिए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोरध्वज देशमुख सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और पढ़ें ...

1400 गौवंश गायब..? आदर्श गोठान पोरतेंगा में बड़ा घोटाला? जांच की मांग हुई तेज,गौठान की आड़ में गौ तस्करी का बड़ा सिंडीकेट....।

 

 

जिले के पोरतेंगा स्थित आदर्श गोठान में बड़े पैमाने पर अनियमितता और गौवंश गायब होने का गंभीर आरोप सामने आया है। मामले में गौ रक्षक व शिकायतकर्ता कृपा शंकर भगत ने जिला प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

शिकायत के अनुसार वर्ष 2020-21 से अब तक जशपुर जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों से लगभग 1400 गौवंश ग्राम पंचायत पोरतेंगा के आदर्श गोठान को सुपुर्द किए गए थे। आरोप है कि वर्तमान में गोठान परिसर में एक भी गौवंश मौजूद नहीं है,जिससे पूरे मामले में भारी गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है।

उन्होंने सीधे साफ शब्दों में कहा है कि आदर्श गौठान की आड़ में बड़े गौ वंश तस्करी का सिंडिकेट चल रहा है जिसमें जांच व कार्यवाही की आवश्यकता है।

शिकायत में पूर्व सरपंच रोहित खलखो पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि किसानों के आधार कार्ड लेकर गौवंश को उनके नाम पर दर्शाया गया और बाद में कथित रूप से गौ तस्करों एवं गौ हत्यारों को बेच दिया गया। यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं तो यह न केवल शासकीय संपत्ति के दुरुपयोग का मामला होगा, बल्कि पशु क्रूरता और अवैध व्यापार से जुड़ा गंभीर अपराध भी माना जाएगा।

मामले को लेकर अब स्थानीय गौसेवकों में लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। शिकायत पत्र जिला कलेक्टर कार्यालय जशपुर में प्रस्तुत किया गया है, जिसमें निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में कितनी तत्परता से जांच करता है और सच्चाई सामने लाता है। यदि 1400 गौवंश के गायब होने की पुष्टि होती है तो यह जिले का अब तक का बड़ा गोठान घोटाला साबित हो सकता है।

मामले में एडिशनल एसपी राकेश कुमार पाटनवार ने जांच की बात कही है।

और पढ़ें ...

स्कूल में बाइबिल बांटने और कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में व्याख्याता निलंबित।

 

 

 

जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरसई में पदस्थ व्याख्याता (एल.बी.) दीपक तिग्गा को गंभीर आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन आदेश लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़, नवा रायपुर द्वारा जारी किया गया है।

पत्रवार्ता को प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर जशपुर के पत्र के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। आरोप है कि संबंधित शिक्षक बिना पूर्व सूचना या अवकाश स्वीकृति के विद्यालय से अनुपस्थित रहते थे, विद्यालयीन समय में अध्यापन कार्य छोड़कर अन्यत्र चले जाते थे, शिक्षक दैनंदिनी तैयार नहीं करते थे तथा विषय से संबंधित पाठ्यक्रम पूर्ण नहीं किया गया। साथ ही उपस्थिति पंजी में अनुपस्थित रहने के बाद हस्ताक्षर करने और प्राचार्य द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस की प्राप्ति से इंकार करने की भी बात सामने आई है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित वेब न्यूज के अनुसार 10 फरवरी 2026 को विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बाइबिल की छोटी पुस्तिकाएं बांटने का मामला भी जांच के दायरे में है।

आदेश में उल्लेख किया गया है कि उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 एवं 7 के विपरीत गंभीर कदाचार की श्रेणी में आता है। छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत उन्हें निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, जशपुर कार्यालय नियत किया गया है। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

जिला शिक्षा अधिकारी को सात दिवस के भीतर आरोप पत्र का प्रारूप उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मामले को लेकर शिक्षा विभाग में हलचल देखी जा रही है।

और पढ़ें ...

कैलाश गुफा महाशिवरात्रि मेला जाते वक्त बड़ा हादसा,अभिषेक यादव की मौके पर मौत।

 

 

 

बलरामपुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत डिपाडीह कलां में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। महाशिवरात्रि के अवसर पर जशपुर जिले के प्रसिद्ध कैलाश गुफा मेले में जा रही एक बाइक अनियंत्रित होकर कनहर नदी की पुलिया से नीचे गिर गई।

पुलिस सूत्रों से पत्रवार्ता को मिली जानकारी के अनुसार युवक सबाग से मेला देखने कैलाश गुफा जा रहा था। इसी दौरान डिपाडीह कलां के पास पुलिया पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे नदी में जा गिरी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान अभिषेक यादव पिता नंदकुमार यादव, निवासी सबाग, थाना सामरी के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

मामले की जांच में शंकरगढ़ पुलिस जुटी हुई है। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है।

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मेला जाते समय हुआ यह दर्दनाक हादसा क्षेत्रवासियों के लिए स्तब्ध कर देने वाला है।

और पढ़ें ...

ब्रेकिंग जशपुर : कुएं में गिरकर युवक की मौत, दो दिनों से पड़ा था शव।

 

 

 

जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत लघुटरी गांव में एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक का शव दो दिनों से कुएं में पड़ा हुआ था।

पुलिस सूत्रों से पत्रवार्ता को मिली जानकारी के अनुसार एक कृषक सिंचाई के लिए खेतों में उसी कुएं से पानी लेकर सिंचाई कर रहा था।कुएं का जल स्तर कम होने पर उसकी नजर कुएं के अंदर पड़े शव पर पड़ी।

घटना की सूचना तत्काल बगीचा पुलिस को दी गई।

मृतक की पहचान नरहरी (20 वर्ष), पिता मधुसूदन नगेशिया, निवासी लघुटरी गांव के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया गया।

बगीचा अस्पताल से बीएमओ डॉ. सुनील लकड़ा भी मौके पर पहुंचे और शव पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्यवाही में सहयोग किया।फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

और पढ़ें ...
Previous12Next