प्रदेश

सतनामी समाज के प्रमुखों ने कहा शांति और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण के लिए मिलकर करेंगे कार्य

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने बलौदाबाजार जिले की घटना के संबंध में सतनामी समाज के प्रमुखों से कहा है कि बाबा गुरू घासीदास का संदेश समाज में शांति और सद्भाव का रहा है। आप सबकी भी जिम्मेदारी है कि समाज भ्रमित न हो और शांति स्थापित करने की दिशा में साथ मिलकर आगे बढ़े।

    सतनामी समाज प्रमुखों ने कहा कि समाज के सभी लोग घटना से आहत हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने प्रदर्शन के दौरान हिंसा और तोड़फोड़ की कार्रवाई की है, वे असामाजिक तत्व थे और हमारे प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा नहीं थे। शांति और सौहार्द्र स्थापित करने के लिए हम सब दृढ़संकल्पित है।

    गौरतलब है कि सतनामी समाज के राज्यभर से आए प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री श्री साय से आज यहां उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की और बलौदाबाजार जिले में हुई घटना के संबंध में शांति और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण चर्चा की और एक बार फिर शांति स्थापित करने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया।

    मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने कहा कि सतनामी समाज परम पूज्य गुरू बाबा घासीदास के अनुयायी है। बाबा ने दुनिया को सत्य और अहिंसा का रास्ता दिखाया है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों असामाजिक तत्वों द्वारा जैतखाम का अपमान किया गया। शासन ने इसका संज्ञान लेते हुए न्यायिक जांच की घोषणा भी की है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा शांति के टापू छत्तीसगढ़ में इस घटना का होना अत्यंत निंदनीय है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने सतनामी समाज के प्रमुखों से कहा कि आप सभी प्रदेश के विभिन्न इलाकों से आए हैं। आप सबकी भी जिम्मेदारी है कि भ्रम की स्थिति न  निर्मित हो और शांति स्थापित करने की दिशा में सब साथ मिलकर आगे बढ़े। मुख्यमंत्री ने समाज प्रमुखों से कहा कि किसी भी निर्दाेष को सजा नहीं होगी। आप सभी ने शासन को धन्यवाद ज्ञापित करने के उद्देश्य से यह शांतिपूर्ण आयोजन किया था, जिसमें कुछ असामाजिक तत्वों के हस्तक्षेप से यह घटना घटी।

    चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने पवित्र अमरगुफा में जैतखाम को क्षति पहुंचाने की घटना के संबंध में शासन द्वारा अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी दी।

    इस दौरान प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद भतपहरी ने कहा कि हमारा समाज परम पूज्य बाबा गुरू घासीदास जी का अनुयायी है। हम सत्य, अहिंसा और सद्भाव को मानने वाले लोग है। हम मनखे-मनखे एक समान को  मानते हैं। बलौदाबाजार जिले की इस घटना ने हम सभी को आहत किया है। हम सब चाहते हैं कि समाज में शांति स्थापित हो और हम अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए शासन के साथ मिलकर इस दिशा में काम करने के उत्सुक है।  

    इस दौरान उपमुख्यमंत्री  अरूण साव, कैबिनेट मंत्री बृजमोहन अग्रवाल,  दयाल दास बघेल,  टंक राम वर्मा, विधायक  अजय चंद्राकर, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के उपाध्यक्ष  सरजु प्रसाद धृतलहरे, संरक्षक  विनोद भारती, सतनामी कल्याण समिति, सतनामी  सेवा समिति, सतनामी उत्थान समिति के जिला अध्यक्ष, कार्याकारिणी सदस्य सहित समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

और पढ़ें ...

कांग्रेस ने गठित की 7 सदस्यीय जांच समिति,इनके इनके नाम है शामिल..

रायपुर : बाबा गुरु घासी दास के तपोभूमि गिरौदपुरीधाम, बलौदाबाजार के समीपस्थ ग्राम-महकोनी के जैतखाम में हुई तोड़फोड़ व अपमान के बाद हो रही अप्रिय घटना को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया के संयोजकत्व में सात सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है

इसमें पूर्व मंत्री गुरु रूद्र कुमार, विधायक संदीप साहू, विधायक जनकराम ध्रुव, पूर्व विधायक प‌द्मा मनहर, शैलेश नितिन त्रिवेदी, हितेन्द्र ठाकुर को शामिल किया गया है

जांच समिति के सदस्य प्रभावित स्थल का दौरा कर स्थानीय ग्रामवासियों से भेंट और चर्चा कर घटना की वस्तुस्थिति से अवगत होकर अपना प्रतिवेदन प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित करेंगे.

 
 
 
और पढ़ें ...

सतनामी समाज के बाद अब पटेल समाज हुआ उग्र, एसपी कार्यालय का किया घेराव, जानिए क्या है मामला

महासमुंद। बलौदाबाजार जिले में सोमवार को सतनामी समाज के प्रदर्शन में हुए हिंसा के बाद आज महासमुंद जिले में भी पटेल समाज के लोग उग्र हो गए और एसपी कार्यालय का घेराव किया. पटेल समाज का आरोप है कि 4 महीने पहले हुई हत्या के मामले में पुलिस ने निष्पक्ष जांच नहीं की है, जिसको लेकर समाज में आक्रोश है. इसको लेकर ही आज समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में एसपी कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपा है

जानकारी के अनुसार, महासमुंद के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के नांदगांव में बीते 18 मार्च 2024 को एक युवक पूनम पटेल की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 19 मार्च को एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. हत्या के मामले में पुलिस की इस कार्रवाई से मरार पटेल समाज के लोग असंतुष्ट थे. जिसके चलते आज 4 महीने बाद समाज के लोग और ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित होकर एसपी कार्यालय घेराव करने पहुंचे.

समाज का आरोप है कि पूनम पटेल की हत्या किसी एक व्यक्ति ने नहीं की है, बल्कि इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं. समाज के पदाधिकारियों ने एसपी से मिलकर पूनम पटेल की हत्या की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है. पदाधिकारियों को एसपी ने हत्या की जांच पूरी पारदर्शिता से करने का आश्वासन दिया. जिसके बाद समाज के लोगों ने प्रदर्शन को समाप्त किया.

और पढ़ें ...

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने संभाला पदभार, प्रदेशवासियों को जल्द मिल सकती है बड़ी सौगात

लोरमी. बिलासपुर लोकसभा के सांसद तोखन साहू को पीएम मोदी मंत्रिमंडल में नई जिम्मेदारी मिली है. उन्हें केंद्रीय राज्यमंत्री बनाया गया है. बता दें कि तोखन साहू पीएम मोदी सहित तमाम मंत्रिमंडल के साथ शपथ ग्रहण में शामिल हुए थे. वहीं आज उन्होंने अपने विभाग में पदभार ग्रहण किया.

पदभार ग्रहण के दौरान तोखन साहू आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ अधिकारियों की बैठक में शामिल हुए. उन्होंने बैठक में कार्य योजनाओं की समीक्षा भी की.

बता दें कि बिलासपुर सांसद तोखन साहू के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने से क्षेत्र सहित प्रदेश में खुशी की लहर है. साथ ही बिलासपुर से डोंगरगढ़ नई रेल परियोजना जल्द ही शुरू हो सकती है.

 
 
और पढ़ें ...

बलौदाबाजार हिंसा पर एक्शन में सरकार, अब तक 200 गिरफ्तार, कई नेताओं ने नाम भी आये सामने

बलौदाबाजार : जिला मुख्यालय में तोड़फोड़ और आगजनी करने वाले विभिन्न संगठनों के लगभग 200 लोगों की गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। कलेक्टर केएल चौहान ने बताया कि, लगातार पूछताछ की जा रही है और गिरफ्तारियां भी हो रही हैं। नुकसान का आकलन पीडब्ल्यूडी विभाग कर रहा है। दस्तावेजों के लिए लिस्टिंग की जा रही है। आरोपियों की पहचान सीसी टीवी वीडियो फुटेज के माध्यम से की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि, सोमवार की दोपहर उग्र भीड़ ने शहर में जमकर उत्पात मचाया था। कलेक्ट्रेट कार्यालय को आग के हवाले करने के अलावा बड़ी संख्या में गाड़ियों को फूंक दिया गया। कलेक्टर केएल चौहान ने बताया कि, प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा था कि, सिर्फ सभा करेंगे और सरकार को धन्यवाद ज्ञापित करेंगे। हमारे पास जो इनपुट था उसके हिसाब से हमने फोर्स तैनात की थी । कलेक्टर ने बताया कि, जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनमें कांग्रेस के कुछ पदाधिकारी भी शामिल हैं। शासकीय विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी और सामाजिक संगठनों से जुड़े सरकारी कर्मचारियों के नाम भी शामिल हैं।

कई जिला पंचायत, जनपद पंचायत सदस्यों के भी नाम
कलेक्टर केएल चौहान ने यह भी कहा कि, पंचायत विभाग के जनप्रतिनिधियों के भी नाम सामने आ रहे हैं। इनमें जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य और कई गांवों के सरपंचों की भी गिरफ्तारियां होनी बाकी है। पुलिस की टीम लगातार इनकी तलाशी कर रही है। उन्होंने बताया कि, अधिकतर लोग गिरफ्तारी के डर से भूमिगत हो गए हैं। सारंगढ़ लोकसभा क्षेत्र से पूर्व सांसद एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के पुत्र का नाम भी सामने आ रहा है।

 
और पढ़ें ...

उद्योग विभाग में कसावट लाने की कवायद शुरू, मंत्री श्री देवांगन ने ली मैराथन बैठक

उद्योग मंत्री  लखन लाल देवांगन ने मंगलवार को उद्योग विभाग की एक-एक योजना की विस्तार से समीक्षा की।बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योग स्थापना के नाम पर जमीन लेने के बाद भी उद्योग नहीं लगाने वाले उद्योगपतियों को नोटिस जारी कर जमीन आबंटन की प्रक्रिया निरस्त करने की कार्रवाई करे। आज मंगलवार को सर्किट हाऊस रायपुर में प्रदेश के सभी जिलों के उद्योग और व्यापार केन्द्र के प्रबंधकों, सीएसआईडीसी के अधिकारीयों व उद्योग संचालनालय के उच्च अधिकारियों की बैठक लेकर उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने इस आशय के निर्देश दिए। बैठक में उद्योग विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, संचालक उद्योग श्री पी. अरूण प्रसाद सहित जिलों से आए अधिकारी एवं उद्योग संचालनालय के अधिकारी उपस्थित थे।
    उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने निर्देश देते हुए कहा कि चुनाव के आदर्श आरचण संहिता के दौरान जो कार्य लंबित थे, उसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने की कार्यवाही करें।
     मंत्री ने औद्योगिक दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए वाष्पयंत्र निरीक्षकालय की समीक्षा के दौरान कहा कि अधिकारीगण समय-समय पर बायलर का निरीक्षण करते रहें।
    विभाग के योजनाओ में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के तहत 2023दृ24 में 1024 लक्ष्य की तुलना में अब तक 1252 प्रकरणों को स्वीकृत किया गया।मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत 600 लक्ष्य की तुलना में 1129 आवेदन स्वीकृत किए गए। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा  कौशल योजना के तहत अब तक एमएसएमई रायपुर द्वारा अब तक 10798 लोगों को ट्रेनिंग दी जा चुकी है। इस कार्य में मंत्री श्री देवांगन ने तेजी लाने के निर्देश दिए गए।भू आबंटन के 758 प्रकरणों को स्वीकृत किया गया, 30 पेंडिंग मामलों को भी जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए गए। मंत्री श्री देवांगन ने कहा की देश के प्रधानमंत्री जिन्होंने हॉल ही में तीसरी बार प्रधानमंत्री का पदभार ग्रहण किया है। वे भी चाहते है कि युवाओं को अधिक से अधिक काम मिले जिससे उनके जीवन स्तर में बदलाव आ सके। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की भी मंशा है की अलग अलग सेक्टर में ज्यादा से ज्यादा उद्योग लगें ताकि रोजगार के अवसर सृजित हों सके।
    उद्योग मंत्री ने इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री फॉर्मलाईजेशन ऑफ माइक्रो फूड प्रोसेसिंग इंटरप्राईजेस (पी.एम.एफ.एम.ई.) योजना, विभिन्न अनुदान, छुट एवं रियायतों के प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की। इसके अलावा भूमि आवंटन संबंधी प्रकरणों की समीक्षा की और फ्री-होल्ड संबंधी प्राप्त आवेदन पत्रों के निराकरण, उद्योंगों के लिए किए गए एम.ओ.यू. की प्रगति, अधोसंरचना विकास कार्य, राज्य निवेश प्रोत्साहन बोर्ड के कार्यों, वाष्पयंत्र निरीक्षणालय कार्यों, पंजीयक फॉर्म एवं संस्थाएं की समीक्षा की गई। राज्य में उद्योग निवेश बढ़ाए जाने के संबंध में राज्य प्रोत्साहन बोर्ड को सक्रिय भूमिका निभाने और निवेश आकर्षित करने का निर्देश दिया गया । नई सरकार में उद्योग विभाग को अपनी सक्रिय भूमिका निभाने में प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए सभी अधिकारियों को उद्योग संचालन में आवश्यक सहयोग करने और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने का निर्देश दिया गया।

और पढ़ें ...

कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की केन्द्र एवं राज्य शासन के महत्वाकांक्षी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के दिए निर्देश

कलेक्टर  नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार समय-सीमा की बैठक लेते हुए विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत लंबित कार्यों एवं प्रकरणों की समीक्षा की। कलेक्टर ने बैठक में सभी अधिकारियों से कहा कि केन्द्र एवं राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन के लिए कार्य करें और जिले के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आम नागरिकों की मांग एवं समस्याओं पर प्राथमिकता से ध्यान दें और समय-सीमा में नियमानुसार उनका निराकरण करें।
              कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने आज सुबह जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में नियद नेल्लानार योजना की प्रगति की जानकारी ली और कहा कि राज्य शासन की यह एक महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के तहत चयनित गांव एवं उसके आसपास पांच गांवों में सभी प्रमुख योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन किया जाना है। वहां आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, आधार कार्ड, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना सहित सभी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही वहां स्वास्थ्य केन्द्रों, स्कूलों और आंगनबाड़ी की स्थिति भी अच्छी हो इसके लिए भी प्रयास करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राम लला दर्शन योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के जिले में क्रियान्वयन की जानकारी ली। जिला पंचायत सीईओ श्री सुमित अग्रवाल ने श्री रामलला दर्शन योजना के बारे में बताया कि इस योजना के अंतर्गत जिले से कुल 228 आवेदन प्राप्त हुए हैं। श्री रामलला दर्शन के लिए 26 जून को अगली ट्रेन रवाना होगी। 
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि इस योजना का लाभ जिले के सभी जरूरतमंद व्यक्तियों को मिलना चाहिए। इस योजना के तहत जिले में कुछ काम स्वीकृत होने के बाद भी अभी तक शुरू नहीं हो पाए हैं। उक्त कार्यों के शुरू नहीं होने के कारणों का पता लगाएं और उनका निराकरण कर निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराएं। जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में कुल 29 हजार 207 कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 22 हजार 996 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। कलेक्टर  क्षीरसागर ने जिले में धान उठाव की स्थिति की भी समीक्षा की और खाद्य विभाग के अधिकारियों को समितियों में जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लेने और निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने खाद एवं बीज की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए किसानों को समय पर वितरण करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने जिले के स्कूलों में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण के तहत एवं अन्य निर्माणाधीन कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिले के सभी स्कूलों के आसपास का स्थल बच्चों के लिए सुरक्षित हो यह सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने बैठक में सभी अधिकारियों से वृक्षारोपण के लिए अभियान चलाने की बात भी कही। उन्होंने जिले में वृहद वृक्षारोपण के लिए भूमि का चयन कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर वन मण्डलाधिकारी  आलोक वाजपेयी एवं  हेमचंद पहारे, एडीएम  एस. अहिरवार,  बीएस उईके एवं जितेन्द्र कुर्रे, जिला पंचायत के सीईओ श्री सुमित अग्रवाल सहित सभी एसडीएम व विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
 

और पढ़ें ...

CG : बाइक सवार तीन युवकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, परिजनों में पसरा मातम

रायगढ़ :- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है, यहां बीती रात सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। मंगलवार की सुबह जब सुबह लोगों ने युवकों की लाश को देखा तो तत्काल इसकी सुचना पुलिस को दी, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। वहीं घटना के बाद से परिजनों में मातम पसर गया है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है

इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, चक्रधर नगर थाना  क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महापल्ली गांव बीती रात तेज रफ्तार मोटर सायकल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर जाने की घटना  में तीन युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार तीनों युवक इंड सिनर्जी प्लांट में काम करते थे और बीती रात शराब पीने कनकतुरा गए हुए थे, जहां से घर वापसी के दौरान देर रात यह घटना घटित हो गई।

मंगलवार की सुबह गांव के ग्रामीणों ने सड़क किनारे तीनो का शव को देखते हुए पुलिस को घटना से अवगत कराया। घटना की जानकारी मिलते ही चक्रधर नगर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंच कर तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के ग्राम शकरबोगा गांव के पास घटना हुई। मृतकों की उम्र 20 से 25 साल के आसपास है। मृतक तीनो युवक इंड सिनर्जी लिमिटेड के केंटीन के कर्मचारी है जो ठेकेदार रजत के अंडर में काम करते थे, जिसमे दो लोग सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के एवं एक व्यक्ति रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र का बताया जा रहा है। तीनो एक ही मोटर साइकिल हीरो एचएफ डीलक्स क्रामंक CG 13AW 6548 में सवार थे। मृतकों के नाम उमेश, संजय पटेल और टिकेंद्र हैं।

और पढ़ें ...

सड़क और पुल-पुलिया निर्माण की नई तकनीकों के ज्ञान से अभियंताओं की बढ़ेगी दक्षता : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री  अरुण साव ने आज लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं के लिए आयोजित प्रशिक्षण के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सड़क और पुल-पुलिया निर्माण की नई तकनीकों के ज्ञान से अभियंताओं की दक्षता बढ़ेगी। इस प्रशिक्षण के माध्यम से वे पुलिया तथा लघु एवं मध्यम पुलों की डिजाइन, निर्माण व रखरखाव की नई और आधुनिक तकनीकों से रू-ब-रू होंगे। राज्य में पुलिया तथा लघु एवं मध्यम पुलों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण और रखरखाव सुनिश्चित करने में इससे मदद मिलेगी।

राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग और केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के भारतीय राजमार्ग अभियंता अकादमी (IAHE – Indian Academy of Highway Engineers) द्वारा रायपुर के नवीन विश्राम भवन में लोक निर्माण विभाग के रायपुर और दुर्ग संभाग के अभियंताओं के लिए इस चार दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। इसमें दोनों संभागों के विभागीय उप अभियंताओं, सहायक अभियंताओं, कार्यपालन अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं को पुलिया तथा लघु एवं मध्यम पुलों की डिजाइन, निर्माण, रखरखाव और मरम्मत के साथ ही गुणवत्ता नियंत्रण की बारीकियों की जानकारी दी जा रही है। विभिन्न संस्थाओं और निर्माण एजेंसियों के विषय विशेषज्ञ उन्हें इनका प्रशिक्षण दे रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री  अरुण साव ने अभियंताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। व्यक्ति जब तक काम करता है, लगातार सीखता रहता है। समय के साथ कार्यक्षेत्र की जरूरत बदलती है, नई तकनीकें आती जाती हैं। इनके अनुरूप हमें भी अपडेट होना पड़ता है। तभी हमारी उपयोगिता और प्रासंगिकता रहती है। उन्होंने कहा कि आज सड़कों पर लगातार ट्रैफिक बढ़ रहा है, तेज रफ्तार वाली गाड़िया भी आ गई हैं। इन्हें ध्यान में रखते हुए सड़क और पुल-पुलियों के निर्माण में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन जरूरी है।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि प्रदेश में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए डीपीआर, टेंडर एग्रीमेंट, गुणवत्ता का निरीक्षण व नियंत्रण तथा कार्यों का भुगतान लोक निर्माण विभाग करता है। इसलिए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा मानक और समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करना भी विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभागीय अभियंता इस प्रशिक्षण के दौरान देश-दुनिया की नई तकनीकों और नए मानकों से रू-ब-रू होंगे और उन्हें फील्ड में अमल में लाएंगे। इस प्रशिक्षण से हमारे अभियंताओं की योग्यता, कार्यकुशलता और दक्षता में बढ़ोतरी होगी। श्री साव ने इस वृहद प्रशिक्षण के आयोजन के लिए आईएएचई को धन्यवाद दिया।

लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं के चार दिवसीय प्रशिक्षण में आईएएचई के निदेशक  संजीव कुमार, सीआरआरआई (Central Road Research Institute) की पूर्व प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. लक्ष्मी परमेश्वरन और  सतेन्दर कुमार तथा एलिगेंट कन्सल्टेंट (Elegant Consultant) के प्रबंध निदेशक  आलोक पाण्डेय पुलिया तथा लघु एवं मध्यम पुलों की डिजाइन, निर्माण, रखरखाव और मरम्मत के साथ ही गुणवत्ता नियंत्रण की बारीकियों के बारे में बताएंगे। आईएएचई के संयुक्त निदेशक श्री दिनेश कुमार शर्मा, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता  के.के. पीपरी और मुख्य अभियंता (सेतु बंध)  एम.एल. उरांव सहित सभी मुख्य अभियंता प्रशिक्षण के शुभारंभ सत्र में मौजूद थे।

और पढ़ें ...

दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश संबधित अधिकारियों को दिए -श्री शर्मा

प्रदर्शनकारियों के द्वारा सोमवार को जिला मुख्यालय बलौदाबाजार स्थित संयुक्त जिला कार्यालय में की गई तोड़फोड़ एवं आगजनी की घटना का जायजा लेने उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा रात्रि करीब 1: 30 बजे बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनके साथ खाद्य मंत्री  दयाल दास बघेल एव राजस्व मंत्री  टंकराम वर्मा भी थे। उन्होंने कलेक्टर एव एसपी से घटना की विस्तृत जानकारी ली। साथ उन्होंने पूरे परिसर में हुई आगजनी, जिला पंचायत, कुटुंब न्यायालय एवं जनपद पंचायत कार्यालय सहित शहर का भी मुआयना कर नुकसानों का जायजा लिया।
श्री शर्मा ने घटना पर गहरा दुःख प्रकट किया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश संबधित अधिकारियों को दिए है। उन्होने आगे कहा भारी संख्या में वाहनों को क्षति पहुंचा गया है। जिनमे से कुछ अपने कार्य के लिए पहुँचे गरीब लोगों एवं अधिकारी कर्मचारी के होंगे साथ ही शासकीय सम्पति को नुक़सान पहुँचाया गया है,रिकॉर्ड रूम में न जाने कितनी दस्तावेज जल चुकी है, बिल्डिंग को जला दिया गया है जो की बड़ी मुश्किल से तैयार होती है। उन्होंने कहा कि सरकारी सम्पति को तबाह करने वाले समाज के नहीं होते। पूरे प्रदेश में परम पूज्य बाबा गुरुघासीदास को माना जाता है वे श्वेत ध्वजवाहक हैं तथा शांति के प्रतीक हैं। विगत माह अमर गुफा में जैतखांभ को क्षति पहुँचायी गई थी इस पर पुलिस की जाँच से असंतुष्ट होकर समाज के लोगों ने जाँच की माँग की थी।सभी प्रकार की चर्चा के पश्चात न्यायिक जाँच की घोषणा माननीय मुख्यमंत्री के निर्देश पर की गई थी।इस पर समाज के लोगो ने संतुष्टि ज़ाहिर करने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित करने के लिए कार्यक्रम रखा था इसी दौरान असामाजिक तत्वों ने भीड़ में घुसकर घटना को अंजाम दिया है। जिसकी जाँच की जा रही है, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान आई जी अमरेश मिश्रा,संजीव शुक्ला, कलेक्टर के एल चौहान,एसपी सदानंद कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि गण सहित गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

और पढ़ें ...

BIG NEWS: कलेक्टर ने लगाया धारा 144,जानिए कब तक रहेगा प्रभावशील, आदेश हुआ जारी

बलौदाबाजार :- दिनांक 10.06.2024 को सतनामी समाज द्वारा प्रदेश स्तरीय आंदोलन (कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक कार्यालय घेराव) के दौरान संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में खड़ी वाहनों को तोड़-फोड़ करने, आग लगाने एवं संयुक्त जिला कार्यालय भवन को आग के हवाले करने के कारण संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों सहित जिला मुख्यालय बलौदाबाजार के निवासियों में भय का वातावरण उत्पन्न हो गया है। आज की घटना को देखते हुए जिले के असामाजिक तत्वों के द्वारा भय एवं आतंक का वातावरण निर्मित कर जिले में शांति व्यवस्था की स्थिति में बाधा उत्पन्न कर सकते हैं। उपरोक्त कारणों के आधार पर नगरपालिका बलौदाबाजार सीमा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाये रखने हेतु तत्काल कार्यवाही करना आवश्यक है, ताकि जिला मुख्यालय बलौदाबाजार के रहवासी भयमुक्त वातावरण में निर्भय होकर निवास कर सके।

अतः उपरोक्त परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी बलौदाबाजार-भाटापारा के.एल. चौहान ने  दण्ड प्रक्रिया संहिता, 1973 के अंतर्गत धारा 144 (1) एवं (2) के तहत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए नगरपालिका बलौदाबाजार सीमा क्षेत्र में आगामी आदेश तक रैली या जुलूस पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।अन्य जिले अथवा बाहरी व्यक्तियों का 5 या उससे अधिक व्यक्तियों के समूह का नगरपालिका बलौदाबाजार सीमा क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कोई भी व्यक्ति न तो किसी प्रकार का शस्त्र तलवार, फरसा, भाला, लाठी, चाकू, छुरा, कुल्हाड़ी, गुप्ती, त्रिशुल, खुकरी, सांग एवं बल्लम अथवा अन्य अस्त्र-शस्त्र लेकर सार्वजनिक स्थान पर नहीं निकलेगा। अपवाद- जो व्यक्ति शासकीय कर्तव्य पर है, ड्यूटी के दौरान अस्त्र-शस्त्र धारण कर सकेंगे। ऐसे वृद्ध / दिव्यांग जो लाठी के बिना चलने में असमर्थ है, वे लाठी का प्रयोग कर सकेंगे।

चूंकि यह संकटकालीन तथा आपातकालीन स्थिति एकाएक उत्पन्न हुई है और किसी पक्ष या व्यक्ति को सुनवाई का अवसर देना संभव नहीं है। यह आदेश सर्व साधारण को संबोधित है एवं प्रत्येक जनसाधारण पर तामिल किया जाना संभव नहीं है। अतः यह आदेश दण्ड प्रक्रिया संहिता, 1973 के अंतर्गत धारा 144 (2) के अंतर्गत समयाभाव के कारण सार्वजनिक हित को दृष्टिगत रखते हुए,एकतरफा कार्यवाही कर पारित किया जाता है। उक्त आदेश दिनांक 10.06.2024 को रात्रि 9.00 बजे से दिनांक 16.06.2024 को मध्यरात्रि 12.00 बजे तक नगरपालिका सीमा क्षेत्र बलौदाबाजार में प्रभावशील होगा।

और पढ़ें ...

बलौदाबाजार उग्र प्रदर्शन मामला; धर्मगुरु खुशवंत साहेब ने लोगों से की अपील, कहा- समाज शांति बनाए रखें, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी

  • शांतिपूर्ण प्रदर्शन में कुछ असामाजिक तत्व घुस आए थे, जिन्होंने तोड़फोड़ और आगजनी की – धर्मगुरु खुशवंत साहेब
और पढ़ें ...

CG लोकसभा चुनाव के बाद एक्शन मोड में कांग्रेस, नगर पंचायत अध्यक्ष सहित निगम पार्षद पार्टी से निष्‍कासित, जाने वजह

 मनेंद्रगढ़। लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम आते हैं कांग्रेस ऐक्शन मोड़ में आ चुकी हैं कांग्रेस ने पार्टी से बगावत कर दूसरे दल को ज्वाइन करने एवं पार्टी के अंदर रहकर भीतर घात करने वाले नेताओं पर कार्यवाही करना शुरू कर दिया है।छत्तीसगढ़ में एकमात्र लोकसभा सीट कोरबा में कांग्रेस ने जीत का परचम लहराया है जिसमें महत्पूर्ण योगदान मनेंद्रगढ़ जिले का रहा। जहां मनेंद्रगढ़ और भरतपुर दोनों ही विधानसभा सीटों में कांग्रेस को बहुमत मिला जबकि मनेंद्रगढ़ विधानसभा सीट से स्वयं स्वाथ्य मंत्री का निर्वाचन क्षेत्र है। संजीवनी के रुप में मिली इस जीत के बाद कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष संगठन को और मजबूत करने के लिए सक्रिय हो गए है।

कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव लोकसभा चुनाव के परिणाम आते हैं सक्रिय कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित कर आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी छोड़कर अन्य दल में शामिल होने वाले नेताओं पर काफ़ी आक्रामक नजर आ रहे हैं लोकसभा चुनाव परिणाम आते ही बागियों की निष्कासन सूची जारी गई जिसमें झगरा खांड नगर पंचायत के अध्यक्ष रजनीश पांडे को कांग्रेस पार्टी से निष्कासित कर उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई उसके साथ ही नगर निगम चिरमिरी की पार्षद एवं एम आई सी सदस्य हेमलता मुखर्जी को भी कांग्रेस पार्टी से निष्कासित कर उनकी सदस्यता रद्द की गई।

निष्कासन सूची जारी करते हुए जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस के कठिन समय में कांग्रेस पार्टी का कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को आगे बढ़ाने एवं मजबूत करने की जिम्मेदारी कांग्रेस संगठन को मिली है परंतु उसके साथी उन बाकी नेताओं पर भी कार्यवाही जारी रहेगी जो पार्टी में रहकर भीतरघात करते हैं या अन्य दलों का दामन थाम लेते हैं ऐसे लोगों के लिए कांग्रेस पार्टी के दरवाजे हमेशा बंद रहेंगे।

और पढ़ें ...

गिरौदपुरी धाम के जैतखांभ में हुई तोड़फोड़ की होगी न्यायिक जांच : विजय शर्मा

रायपुर । सतनामी समाज के विभिन्न संगठनों एवं प्रतिनिधियों की मांग पर गिरौदपुरी धाम के पवित्र अमरगुफा के नजदीक जैतखांभ में हुई तोड़फोड़ पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस पूरे मामले के लिए न्यायिक जांच कराने की घोषणा की है। उन्होंने दो टूक कहा की प्रदेश में कही भी सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली घटनाओं को बर्दाश्त नही की जाएगी ऐसे कृत्य करने वाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी से सामाजिक साैहार्द्र बनाए रखने की अपील भी  की है। गौरतलब है की विगत दिनों 15-16 मई रात को पूज्य जैतखांभ को क्षति पहुंचाने की कोशिश की गई थी।

और पढ़ें ...

दिग्गजों को छोड़कर आखिर तोखन साहू को ही मोदी कैबिनेट में क्यों मिली जगह ? समझिये पूरा समीकरण

छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने लोकसभा चुनाव में धमाकेदार प्रदर्शन किया है। नतीजतन, इस राज्य में बीजेपी ने केवल कोरबा लोकसभा सीट को छोड़कर 11 में से 10 सीटों पर कब्जा किया है।

इस चमकती हुई जीत के बाद, बीजेपी ने अपनी शक्ति को निरंतर बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ को नए नेतृत्व के साथ विकसित करने का वादा किया है। इसके साथ ही, राज्य के प्रमुख मंत्री तोखन साहू भी केंद्रीय मंत्री मंडल में शामिल हो गए हैं।

तोखन साहू ने अपने कार्यकाल के शुरुआती दिनों से ही जनता के बीच अपनी जगह बनाई है, और उनके संवेदनशील नेतृत्व ने उन्हें पार्टी के अध्यक्षता में उच्च स्थान दिलाया है। अब उन्हें केंद्रीय मंत्री के रूप में नेतृत्व करने का मौका मिला है, जिससे राज्य के विकास में और भी गति आ सकती है।

बिलासपुर से सांसद तोखन साहू मंत्री बन गए, शपथ भी हो गई। लेकिन हर किसी के जहन में यह सवाल जरूर है कि तोखन साहू को मंत्री क्यों बनाया गया? जबकि प्रदेश से सीनियर नेता भी सांसद बने हैं। इसके जवाब के लिए समीकरण समझना होगा। खबरों के अनुसार छत्तीसगढ़ की लगभग 1 करोड़ 35 लाख ओबीसी आबादी में साहू समाज का दबदबा सबसे ज्यादा माना जाता है। इसके बाद यादव समाज जो कि करीब 18 प्रतिशत होने का दावा करते हैं। वहीं, कुर्मी समाज की आबादी 6-7 फीसदी है। विधानसभा और लोकसभा को लेकर यह माना जाता है कि साहू समाज ने पिछले 2 दशकों में बीजेपी को ज्यादा समर्थन दिया है। साथ ही परंपरागत रूप से भाजपा को वोट दिया है। इसके पीछे की वजह यही मानी गई है कि भाजपा ने कांग्रेस की तुलना में समाज से अधिक उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं, ज्यादा से ज्यादा मौका देने की कोशिश की।

सियासी गलियारों में चर्चा यही है कि साहू समाज को साधने के लिए ही तोखन साहू को मंत्री बनाया गया है। बात 2014 की हो तो साहू समाज से कुल 3 सांसद रहे हैं। जिसमें से बीजेपी से 2 और कांग्रेस से एक सांसद थे। 2019 में यह संख्या घटकर 2 रह गई। भाजपा से जुड़े दोनों सांसद बिलासपुर और महासमुंद लोकसभा सीटों से जीतकर आए थे। अगर बात 2018 के विधानसभा चुनाव की करें तो दोनों पार्टियों ने 22 साहू कैंडिडेट्स को टिकट दिया था। हालांकि बताया जा रहा है कि इस बार साहू समाज ने भाजपा से 2 उम्मीदवारों को मैदान में उतारना की मांग की, लेकिन पार्टी ने इनकार कर दिया। राजनीतिक विशेषज्ञ ने बताया कि बिलासपुर से केवल एक तोखन साहू को मैदान में उतारने से भाजपा के खिलाफ गुस्सा बढ़ गया, यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समाज तक पहुंचे और धमतरी में अपने एक भाषण में उन्होंने दावा किया कि वह भी साहू समाज से हैं।

और पढ़ें ...

लोकल ट्रेन के यात्रियों को मिली बड़ी राहत, रेल किराया हुआ आधा

राजनांदगांव :- रेलवे ने लोकल ट्रेन के यात्रियों को बड़ी राहत दी है। कोरोना कल के दौरान लोकल ट्रेन के किराए दर में हुए इजाफे को खत्म कर दिया गया है। वहीं अब पुराने दर पर ही यात्रीगण अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। यात्रियों को किरायादर आधा होने से काफी राहत मिली है। वहीं रेलवे ने 6 जून से स्पेशल ट्रेन के रूप में चलने वाले लोकल ट्रेनों को स्पेशल ट्रेनों की सूची बाहर कर पुराने नंबरों पर डाला है।

वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान लोकल ट्रेनों को स्पेशल ट्रेनों का दर्जा देकर चलाया जा रहा था, जिससे लोकल ट्रेनों में यात्री किराया भी दोगुना हो गया था। कोरोना कल के लगभग 3 साल बीतने के बाद भी यात्री किराया दर में रहता नहीं दी गई थी। तो वहीं बीते 22 फरवरी से लोगों को राहत देते हुए यात्री किराएदार को काम करते हुए पहले जैसा ही कर दिया लिया जा रहा है, लेकिन इन लोकल ट्रेन को स्पेशल ट्रेनों के श्रेणी से अलग नहीं किया गया था। वहीं बीते 6 जून से इन ट्रेनों को स्पेशल ट्रेनों की सूची से हटकर पुनः लोकल ट्रेनों के नंबरों पर चलाया जा रहा है , जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। इस मामले में राजनांदगांव के रेलवे स्टेशन प्रबंधक आरके बर्मन ने बताया कि कोरोना कल के बाद जो लोकल ट्रेन चल रही थी उसे स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाया जा रहा था और उसमें एक्सप्रेस ट्रेन का किराया लिया जा रहा था, उन्होंने बताया कि 22 फरवरी 2024 से इन ट्रेनों में पुनः लोकल ट्रेन का किराया लिया जा रहा है। जिससे किराया आधा हुआ है। वहीं बीते 6 जून से बिलासपुर जोन में चलने वाली लोकलों को बी नंबर कर दिया गया है, जिन्हें स्पेशल ट्रेन का दर्जा दिया गया था वह अब पुराने नंबर से लोकल ट्रेनों के रूप में चल रही है।

कोरोना कल के दौरान लोकल ट्रेनों के किराए में काफी इजाफा हुआ था, लगभग दोगुना किराया हो जाने से यात्रियों को भी खासी परेशानी हो रही थी। लोकल ट्रेन में सफर करने वाले यात्री अधिक दर पर सफर करने मजबूर हो रहे थे। लगभग 3 साल बाद रेलवे ने यात्रियों को राहत दी है और अब पुनः लोकल ट्रेन का किराया लागू कर दिया गया है। पहले बढी़ दरों में राजनांदगांव से राजधानी रायपुर के लिए लोकल ट्रेन में 40 रूपये देने पड़ रहे थे, तो वहीं अब किराया दर 20 कर दिया गया है। वहीं राजनांदगांव से दुर्ग 30 रूपये की जगह 10 रूपये, राजनांदगांव से बिलासपुर 75 रूपये की जगह 40 रूपये, राजनांदगांव से डोंगरगढ़ 30 रुपए की जगह 10 रूपये, राजनांदगांव से गोंदिया 50 रूपये की जगह 25 रूपये, राजनांदगांव से नागपुर 90 रुपए की जगह 50 रूपये का यात्री किराया लिया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। राजनंदगांव जोन की बात की जाए तो लगभग 100 लोकल ट्रेनों को स्पेशल ट्रेनों की श्रेणी से अलग किया गया है, तो वहीं राजनांदगांव से गुजरने वाली 5 ट्रेनों को स्पेशल श्रेणी से हटकर पुनः लोकल ट्रेन का दर्जा दिया गया है।

और पढ़ें ...