प्रदेश
आइसीसी ने माना इंदौर की पिच खराब नहीं थी
इंदौर। इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत और आस्ट्रेलिया के बीच हुए बार्डर गावस्कर ट्राफी के मैच की पिच को लेकर विवाद उठा था। मैच रेफरी ने इसे खराब करार देते हुए तीन नकारात्मक अंक दिए थे। जिसके खिलाफ बीसीसीआइ ने अपील की थी। अब इस मामले में आइसीसी ने माना है कि मैच रेफरी के मत में बदलाव की जरूरत है। आइसीसी ने माना की पिच खराब नहीं थी। यह औसत से कम थी। ऐसे में तीन नकारात्मक अंक हटाते हुए अब सिर्फ एक रह गया है।
इंदौर के होलकर स्टेडियम में बार्डर गावस्कर ट्राफी में इंदौर और आस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच टेस्ट मैच मुकाबला हुआ। तीन दिन में ही यह खत्म हो गया। इस दौरान मैच रेफरी क्रिस ब्राड ने मैच जल्दी खत्म होने की वजह पिच का बहुत सूखी होने बताया और इसी की वजह से गेंद और बल्ले के बीच अच्छा संतुलन नहीं बनना कहा गया। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि मैच शुरू होने के साथ ही पिच में पर गेंद का असामान्य रूप से उछाल हो रहा था। क्रिस ब्राड ने इसमें होलकर स्टेडियम की पिच को 3 निगेटिव अंक दे दिए थे। ऐसे में इंदौर स्टेडियम में एक वर्ष तक सभी मैचों पर प्रतिबंध लगा जाता और यह निगेटिव अंक पांच साल तक रहते।
क्रिकेट मैच के रेफरी द्वारा किसी भी स्टेडियम की पिच का आकलन 6 तरह से होता है। जिसमें बहुत अच्छा पिच, अच्छा पिच, औसत पिच, औसत से खराब पिच, खराब पिच के बाद अयोग्य पिच की श्रेणी है। इसमें इंदौर के पिच को औसत से खराब बताते हुए 3 निगेटिव अंक दिए गए थे।
बिजली गिरने से दो लोगों की मौत
सूरजपुर । जिले में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गयी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित प्रतापपुर विकास खंड के मदननगर गांव में गन्ने के खेत में काम कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान मोहनलाल पंडो (40) और रमेश आयाम (21) के रूप में हुई है, वहीं अमित आयाम (28) गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
बारिश के दौरान तीनों ने एक पेड़ के नीचे शरण ली। बिजली गिरने से वे घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक उन्हें प्रतापपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां पंडो और रमेश को मृत घोषित कर दिया गया और अमित का इलाज किया जा रहा है।
बाघ के हमले से एक की मौत, दो घायल
सूरजपुर । सूरजपुर जिले में सोमवार को बाघ के हमले से एक की मौत हो गई है जबकि दो लोग बुरी तरह से घायल हैं।
घायलों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
हमले के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर है। ओड़गी के कालामांजन में बाघ के विचरण करने की सूचना जारी की गई है। हादसा कुदरगढ़ धाम से महज 3 किमी दूर बाघ के होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना के बाद लोगो मे दहशत का माहौल। बता दें कि हर रोज़ लाखो की संख्या मे श्रद्धालु दर्शन करने कुदरगढ़ धाम पहुंचते हैं।
दरअसल समयलाल पिता रूप साय (32 वर्ष), कैलाश सिंह पिता बाल साय (35 वर्ष), राय सिंह पिता रुज बिहारी (30 वर्ष) सोमवार की सुबह जंगल की ओर लकड़ी लेने जा रहे थे तभी अचानक बाघ ने हमला कर दिया. जिससे समयलाल कि मौत हो गई और उसके दो साथी जख्मी हो गए है।
घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। ये घटना कुदरगढ़ के नजदीक सुबह करीब 6 बजे हुई है।
इस घटना से कुदरगढ़ में भी दहशत की स्थिति बन गई है।
बाघ के खौफ के बीच स्कूलों में छुट्टी का ऐलान...
सूरजपुर । सूरजपुर में बाघ का खौफ फैल गया है। सोमवार सुबह हुए ओड़गी ब्लाक में बाघ के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गयी, वहीं दो की हालत गंभीर है।
इधर बाघों के खौफ के बीच स्कूल में छुट्टी का ऐलान कर दिया गया है।
ओड़गी बीईओ ने सभी संकुल प्राचार्य व जन शिक्षकों को निर्देश जारी कर कहा है कि संवेदनशील क्षेत्र के स्कूलों में बच्चों को आने से मना करें।
बीईओ ने आदेश में कहा है कि बाघ के लिए वन विभाग रेस्क्यू कर रहा है। जैसे ही बाघ का रेस्क्यू हो जायेगा, ये आदेश समाप्त हो जायेगा।
वहीं कलेक्टर इफ्फत आरा ने बताया कि संवदेनशील क्षेत्र के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने का आदेश दिया गया है। वन विभाग की टीम लगी हुई है। बाघ को ट्रेस किया जा रहा है। तब तक ऐहितियात के तौर पर प्रशासन को निर्देश दिया गया है। संवेदनशील क्षेत्र के स्कूलों और आंगनबाड़ी को बंद करने का निर्देश दिया है।
सूरजपुर जिले में ओड़गी ब्लाक के ग्राम कालामांजन में बाघ के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई है,जबकि दो लोग बुरी तरह जख्मी है,जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है,घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है।कुदरगढ़ के नजदीक हुई इस घटना से ईलाके में दहशत की स्थिति बन गई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह कालामांजन निवासी समय लाल कैलाश सिंह और राय सिंह जंगल की ओर लकड़ी लेने जा रहे तभी अचानक बाघ ने हमला कर दिया जिससे समयलाल कि मौत हो गई जबकि दो लोग जख्मी हो गए है।
वन विभाग के मुताबिक क्षेत्र में तेंदुए के आहट की खबरे है वैसे में यह साफ नही है कि हमला बाघ ने किया है या फिर तेंदुए ने।
इस घटना से पूरे इलाके में दहशत है खास कर चैत्र नवरात्र कुदरगढ़ मेले में जहाँ लोगो का भारी जमावड़ा है। कूदरगढ़ महोत्सव शुरु होने वाला है ऐसे में इस घटना ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
BREAKING NEWS : एक बार फिर बीजापुर में नक्सली हमला, प्रेशर आइईडी की चपेट में आने से सीएएफ जवान शहीद
Bijapur News: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर (Bijapur) जिले में नक्सलियों के लगाए प्रेशर आइईडी की चपेट में आने से सीएएफ (CAF) का एक जवान बलिदान हो गया। बलिदानी जवान का नाम एपीसी (असिस्टेंट प्लाटून कमांडर) विजय यादव है। मिली जानकारी के अनुसार जवान सड़क निर्माण कार्य में सुरक्षा देने के लिए तीमेनार कैंप से निकले थे। पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय ने इस घटना की जानकारी दी है।
दरअसल, यह मिरतुर थानाक्षेत्र का मामला है। बताया जा रहा है कि आइईडी ब्लास्ट एटेपाल कैंप से एक किमी की दूरी पर टेकरी में हुआ। शहीद जवान के पार्थिव शरीर को भैरमगढ़ थाने में गार्ड आफ आनर दिया जाएगा। बलिदानी जवान उत्तरप्रदेश के बलिया जिले के राजपुर गांव का निवासी है।
CG Transfer News : एक्शन दुर्ग के एसपी का, दो थानेदार और तीन आरक्षकों का किया तबादला, आदेश जारी
दुर्ग / एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने कई थानों में हल्की सर्जरी की है। उन्होंने दो थानों के थाना प्रभारी और तीन आरक्षकों का तबादला आदेश जारी किया है।
एसपी ने राजधानी रायपुर से लगे अमलेश्वर थाने के टीआई राजेंद्र यादव का तबादला जिविशा थाने कर दिया है। ऐसा कहा जा रहा है यादव अमलेश्वर में बढ़ रही चोरी की वारदातों पर लगाम नहीं लगा पा रहे थे, इसके चलते उन्हें छोटा थाना दिया गया है।
दो थानेदार और तीन सिपाहियों का तबादला एक थाने से दूसरे थाने किया
दुर्ग एसपी ने रविवार को दो थानेदार और तीन सिपाहियों का तबादला एक थाने से दूसरे थाने किया है। सूत्रों के मुताबिक पता चला कि अमलेश्वर थाना क्षेत्र में लगातार चोरी सहित अन्य वारदात बढ़ रहे थे। एसपी के निर्देश के बाद थाना प्रभारी अपराध में लगाम नहीं लगा पा रहे थे। इसके चलते एसपी ने वहां के थानेदार राजेंद्र कुमार यादव को जिविशा थाने का प्रभारी बनाया है।
CG Job Alert : युवाओं के लिए सुनहरा मौका इस दिन वृहद रोजगार मेला का आयोजन 1 हजार से अधिक पदों पर होगी भर्ती
रायगढ़। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा की पहल पर जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के उद्वेश्य से जिले में पहली बार मुख्यालय से बाहर विकासखंड तमनार में आगामी 4 अप्रैल को वृहद रोजगार मेला का आयोजन होने जा रहा है। तमनार के शा हाई स्कूल मैदान में लगने वाले इस वृहद रोजगार मेले में उद्योगो द्वारा स्थानीय युवाओं को उनकी योग्यता एवं उद्योगो की मांग अनुसार रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा
कलेक्टर सिन्हा द्वारा स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किया जा रहा है। जिससे प्रशिक्षित एवं योग्यताधारी युवाओं को स्थानीय उद्योगों में रोजगार प्राप्त हो सके।कलेक्टर सिन्हा ने जिले के युवाओं को अधिक से अधिक इस मौके का लाभ उठाने की अपील की है।
रायगढ़ रोजगार मितान’ पोर्टल लॉन्च युवाओं को रोजगार मेले से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराने
‘रायगढ़ रोजगार मितान’ पोर्टल लॉन्च युवाओं को रोजगार मेले से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराने जिला प्रशासन द्वारा ‘रायगढ़ रोजगार मितान’ http://www.raigarhrozgarmitan.inवेबपोर्टल बनाया गया है। जिसमें युवा विभिन्न उद्योग, कंपनियों और उनकी रिक्तियों की जानकारी देख सकते हैं एवं पोर्टल में अपना पंजीकरण कराकर रोजगार मेले के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही टोल फ्री नंबर ‘9399983879’ जारी किया गया है। जिसमें कॉल कर के मेले के संबंध में जानकारी ले सकते हैं।
NTPC में बड़ा हादसा, मेंटेनेंस कार्य के दौरान 50 फीट ऊंचाई से गिरा मजदूर, मौत
कोरबा। कोरबा एनटीपीसी प्लांट में लगभग 50 फीट की ऊंचाई से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई है. प्लांट परिसर में टावर के मेंटेनेंस का काम चल रहा था. इसी दौरान ये हादसा हुआ. मजदूर को पहले एनटीपीसी के विभागीय अस्पताल में ले जाया गया. जहां से उसे न्यू कोरबा अस्पताल में रेफर किया गया. लेकिन वहां उसकी मौत हो गई।
एनटीपीसी प्लांट परिसर में लगभग 50 फीट ऊंचाई पर कूलिंग टावर का मेंटेनेंस कार्य चल रहा था. इसी दौरान स्ट्रक्चर टूटने से मजदूर चमार सिंह(45 वर्ष) वहां से गिर गया. गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी. गंभीर घायल मजदूर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां उसकी मौत हो गई. मजदूर पास के ही गांव केदाईखार का रहने वाला था। एनटीपीस में ठेका मजदूरी में काम करता था।
पावर स्टेशन में संविदा वर्कर को काम के दौरान गंभीर चोट आई
एनटीपीसी की जनसंपर्क अधिकारी हिमानी शर्मा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 26 मार्च को कोरबा सुपर थर्मल पावर स्टेशन में संविदा वर्कर को काम के दौरान गंभीर चोट आई. मजदूर को अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां इलाज के दौरान मौत हो गई. मजदूर के परिवार को हरसंभव मदद दी जाएगी.
Narayanpur News : नक्सल प्रभावित इलाका ग्राम धनोरा में सेनानी समर बहादुर सिंह के मार्गदर्शन में सिविक एक्शन कैम्प का किया गया आयोजन
नारायणपुर।नक्सल प्रभावित इलाका ग्राम धनोरा नारायणपुर (छ0ग0) में 29वीं वाहिनी, भा०ति०सी०पुलिस बल के ई रामवाय द्वारा सेनानी समर बहादुर सिंह के मार्ग दर्शन में रविवार को सिविक एक्शन कैम्प का आयोजन किया गया जिसमें पाँच ग्राम हिकपुला, ईडनॉर, झोरी, मडमनौर और राजपुर के आदिवासी स्कूली बच्चों को लेखन सामाग्री ( बैग प्रतियोगी किताबे, पेन, कॉपी, पेन्सिल बाक्स ज्योमेट्री बाक्स) इत्यादि का रण कर लाभांवित किया गया।

साथ ही निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया जिसमें डा० मुनाल ई०पी० द्वारा सिविक एक्शन कैम्प में आये मरीजों का परीक्षण किया एवं दवाईयों दी। इस दौरान भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के अधिकारी सहायक सेनानी / जी०डी० संदीप कलकल, सहायक सेनानी / जी०डी० सजीव यादव निरीक्षक / जी०डी० रोहताश सिंह एवं जवानों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के उपरान्त सभी आदिवासी ग्रामीणों व बच्चों को जलपान भी करवाया गया एवं ग्रामीणों / बच्चों को समाज के मुख्य धारा में जुड़ने शासन के विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी एंव नवोदय विद्यालय में प्रवेश हेतु प्रेरित किया गया।

भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल आपकी सुरक्षा के लिये तैनात हैं और हमेशा तत्पर है
साथ ही सहायक सेनानी संदीप कलकल के द्वारा ग्रामीणों को विश्वास दिलाया गया कि भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल आपकी सुरक्षा के लिये तैनात हैं और हमेशा तत्पर है। आप किसी भी समय किसी भी प्रकार की सहायता के लिये तैनात 29वीं वाहिनी, भा०ति०सी०पुलिस बल की ई समवाय धनोरा में सम्पर्क कर सकते है, सरपंच रामदेई उसेण्डी, दसाय दोदी, फागूराम मण्डावी, पण्डाराम कचलाम सेवाराम पटेल एवं अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहें।
प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे कलेक्टर-एसपी
समस्या सुनी और प्रशासन के कार्य में सहयोग करने अपील की
अम्बिकापुर । कलेक्टर कुंदन कुमार और एसपी श्रीमती भावना गुप्ता प्रशासनिक अमले के साथ शनिवार को बतौली विकासखंड के ग्राम पंचायत चिरगा में मां कुदरगढ़ी एल्युमिनियम प्लांट का विरोध प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से पहली बार मिलने पहुंचे। उन्होंने लोगों की समस्या सुनी व सीधा संवाद करते हुए प्रशासन के कार्य में सहयोग करने की अपील की।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बताया कि चिरगा में पहली बार लोगो के बीच पहुंच कर सीधा संवाद किया गया इससे लोगों में एक अच्छा संदेश गया। प्रशासन ने शनिवार को सीमांकन का दिन निर्धारित किया था। लोगों के मन में कई तरह का भ्रम था। लोगों को समझाइश दी गई। उनको बताया गया कि जो भी कार्य किया जा रहा है वह शासन की योजनाओं को आप सभी तक पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। कोई भी व्यक्ति या तत्व बरगलाने की कोशिश करता है या कहता है कि हम शासन के योजना को नहीं आने देंगे तो वो कानून को हाथ में लेने जैसा है। ग्रामीणों से बात करने से शासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और अच्छा संवाद स्थापित हुआ। जिला प्रशासन के जो भी अधिकारी कर्मचारी हैं वो केवल शासन के प्रतिनिधि हैं और शासन की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना उनका कर्तव्य है। शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने से रोकने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्यवाही की जा सकती है।
अफरोज ख्वाजा बने, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संरक्षण आयोग के छत्तीसगढ़ प्रदेश मीडिया प्रभारी
छत्तीसगढ़ : तालाब में नहाने जा रहे 5 बच्चों को तेज रफ्तार डंपर ने रौंदा, दो की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
सारंगढ़ : सारंगढ़-सरायपाली मार्ग बटाउपाली में दर्दनाक हादसा हुआ है. जहां एक तेज रफ्तार डंपर ने 5 बच्चों को कुचल दिया है. हादसे में 2 बच्चों की मौत हो गई है. वहीं 3 बच्चों की हालत नाजुक बताई जा रही है.
बता दें कि, तालाब नहाने जा रहे बच्चों को डंपर ने रौंदा है. ये भीषण हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चे सड़क पार कर रहे थे. वहीं बच्चों की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया है. शासन प्रशासन मौके पर मौजूद है. सारंगढ़ SDOP स्नेहिल साहू ने मामले की जानकारी दी है.
मुंह पर काला कपड़ा और ताला - कांग्रेस का धरना प्रदर्शन
ACCIDENT NEWS : तेल से भरी ट्रक अनियंत्रित होकर पलटी, जिसे जो मिला, उसी में ले भागे…
कवर्धा। ACCIDENT NEWS : कबीरधाम बड़ी खबर आ रही है यहां अचानक उस वक्त हड़कंप मच गया जब यहाँ खाद्य तेल से लोड तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गयी। हादसा चिल्फी थाना इलाके के नेशनल हाईवे 30 चिल्फ़ी घाटी से 5 किलोमीटर दूर ग्राम पागवाही का बताया जा रहा है।
इधर, टैंकर पलटने के बाद तेल टैंकर से बाहर निकलने लगा। जिसे देख वहां के लोगों तेल लूटने के लिए देखते ही देखते भीड़ जमा हो गयी। लोग डब्बा, बाल्टी और बर्तन लेकर मौके पर पहुँच गये। जिसको जितना तेल मिला वो उतना ही बर्तन में भरकर- भरकर ले गये। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुँची और लोगों को तेल निकालने से रोका।
मिली जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक MP 04 HE 3417 जबलपुर से रायपुर जा रही थी। उसी दौरान चिल्फीघाटी के पास पागवाही मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो तेज रफ्तार होने की वजह से ये हादसा हुआ है। हादसे के बाद से ड्राइवर और कंडक्टर कोई पता नहीं है। जिसकी तालश पुलिस कर रही है। वहीं पुलिस वाहन मालिक की पतासाजी में जुटे है।
छत्तीसगढ़ में महिलाएं असुरक्षित एवं नासमझ - राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष का बयान
Coronavirus Update: इस जिले में फिर मिले चार कोरोना संक्रमित
बिलासपुर। जिले में कोरोना महामारी काबू में तो चल रही है, लेकिन अब बीच-बीच में मरीज मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार को शहरी क्षेत्र में चार कोरोना मरीज मिलने की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। इनमें से तीन मरीज सरकंडा क्षेत्र के रहने वाले हैं। वही एक मरीज गौरवपथ रोड से मिला है।
मौजूदा स्थिति में जिले में 10 कोरोना संक्रमित मरीज सक्रिय हैं। ये सभी सप्ताह भर के भीतर में मिले हैं। लिहाजा जिला स्तर पर भी इससे निपटने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
सीएमएचओ डा. अनिल श्रीवास्तव ने एक बार फिर कोरोना टेस्टिंग व ट्रेसिंग शुरू करने निर्देश दे दिए हैं। वहीं सिम्स व जिला अस्पताल में सर्दी-खांसी, बुखार के पहुंचने वाले मरीजों का लक्षण के आधार पर कोरोना टेस्ट करने को कहा गया है।
यदि इस दौरान कोई भी कोरोना से संक्रमित मिलता है तो तत्काल मरीज के संपर्क में आने वालों को ट्रेसिंग कर सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सावधानी नहीं बरती गई तो एक बार फिर संक्रमण के मामले बढ़ सकते हैं। हालांकि अभी भी कोरोना महामारी नियंत्रण में चल रही है।
लेकिन, इसके बाद भी इसके दुष्परिणाम को दरकिनार नहीं किया जा सकता है। ऐसे में कोरोना को लेकर जिलेवासियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बीते चार दिन पहले रिंग रोड दो स्थित महिमा विहार में एक 65 वर्षीय महिला के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि की गई। इसके बाद इस क्षेत्र से लगातार कोरोना मरीज मिल रहे हैं। चार दिन के भीतर इस क्षेत्र में पांच मरीज मिल चुके हैं। ऐसे में ट्रेसिंग टीम क्षेत्र में सक्रिय है और लगातार मरीज के संपर्क में आने वालों का कोरोना सैंपल ले रही है।
कोरोना के मरीज मिलने के बाद कोरोना टेस्ट में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। लक्षण वाले जांच करा रहे हंै। शुक्रवार को जिला अंतर्गत कुल 264 की कोरोना जांच की गई। इसमें चार कोरोना संक्रमित मिलने की पुष्टि की गई है।
डा. अनिल श्रीवास्तव, सीएमएचओ ने कहा कि जिले में कोरोना की स्थिति नियंत्रण में है। लेकिन, लापरवाही के गंभीर परिणाम आ सकते हंै। इसे देखते हुए अभी से तैयारी कर ली गई है। नियंत्रण के काम में गति लाई जा रही है।
