प्रदेश
चुनाव से पहले BJP को बड़ा झटका, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष ने दिया इस्तीफा, बड़ी संख्या में समर्थकों ने भी छोड़ा भाजपा का दामन.....
महासमुंद। विधानसभा चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। महासमुंद के सरायपाली से जिला पंचायत सदस्य और भाजपा नेता श्याम तांडी ने अपने समर्थकों के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। तांडी सरायपाल जनपद उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वे लगातार दूसरी बार जिला पंचायत सदस्य बने हैं।
भाजपा की पहली उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने के बाद नेताओं और अन्य दावेदारों के बगावती तेवर दिखने लगे हैं। सरायपाली से सरला कोसरिया को भाजपा उम्मीदवार बनाए जाने से श्याम नाराज चल रहे थे। वे गाड़ा समाज से आते हैं। विधानसभा में समाज के 40 हजार से ज्यादा वोटर्स हैं।
बता दें पिछले दिनों समाज के लोगों ने महापंचायत बुलाकर भाजपा उम्मीदवार सरला कोसरिया का विरोध किया था। क्योंकि सरला कोसरिया सतनामी समाज से आती हैं। जिसके चलते गांडा समाज के भाजपा नेताओं ने समाज के लोगों को उपेक्षित करने का आरोप लगाया था। इस्तीफा देने वालों में समाज के सैकड़ों मंडल से बूथ स्तर के भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल हैं। इस्तीफे के बाद सरायपाली भाजपा को भारी नुकसान की संभावना जताई जा रही है और भाजपा नेता जो गांडा समाज से आते हैं, जो विधानसभा चुनाव की दावेदारी कर रहे थे वे भी इस्तीफा दे सकते हैं।
कांग्रेस प्रभारी सैलजा का बड़ा बयान, कहा प्रदेश में अभी शराबबंदी जरुरी नहीं
महासमुंद। छत्तीसगढ़ में 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में शराबबंदी का मुद्दा विशेष तौर से उठाया था। घोषणा पत्र में कांग्रेस पार्टी ने कहा था, हम शराबबंदी जरूर करेंगे। सरकार बनने के बाद, पांच साल पूरे होने वाले हैं। लेकिन अबतक प्रदेश में शराबबंदी नहीं हुई है। वहीं शराबबंदी को लेकर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने बड़ा बयान दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने महासमुंद का दौरा किया और प्रेस वार्ता कर पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया। उन्होंने लभराखुर्द स्थित सर्किट हाउस में महासमुंद लोकसभा अंतर्गत आने वाले आठ विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं व पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा की। प्रेस वार्ता में कांग्रेस प्रभारी सैलजा ने शराबबंदी के सवाल पर कहा, “प्रदेश में अभी इसकी जरूरत नहीं है। जब जरूरत महसूस होगी तब स्वतः ही निर्णय लिया जाएगा”।
इसके बाद सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास साहेब के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने के सवाल पर कुमारी सैलजा ने कहा, इससे कांग्रेस को फर्क नहीं पड़ेगा। वे पहले भी भाजपा के रहे हैं। बार-बार पार्टी बदलने से समाज का विश्वास खत्म होता है। आगे भाजपा द्वारा प्रत्याशियों की सूची जारी करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि, कांग्रेस में जल्दी सूची जारी करने की रेस नहीं लगी है। कांग्रेस पूरी तसल्ली करने के बाद ही सूची जारी करेगी। प्रत्याशियों की पैराशूट लैंडिंग के सवाल पर उन्होंने बताया कि, इसकी संभावना बहुत कम है। अधिकतर सीटों पर जिन लोगों ने आवेदन दिए हैं, उन्ही में से नाम तय किए जाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री के कार्यक्रम में लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़, जानिए क्या है मामला…
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के कार्यक्रम में एक्सपायर्ड फ्रूटी और माजा बांटने का मामला सामने आया है। दरअसल, शनिवार को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम रूम में स्वास्थ्य विभाग और की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसके मुख्य अतिथि डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव थे।

इस कार्यक्रम में एक्सपायर्ड फ्रूटी नाश्ते के साथ बांटी गई, जिसे सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने पिया। इसमें छोटे बच्चे भी शामिल थे, जो पेय बांटे गए वो कई दिनों पहले ही एक्सपायर हो चुके हैं। इस बात की जानकारी जब उपमुख्यमंत्री मंत्री को लगी तो उन्होंने कार्रवाई की बात कही।

छत्तीसगढ़ में लाखों रुपए के अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद। नेशनल हाईवे 53 के रेहटी खोल के पास आयसार ट्रक में भूसे की आड़ में शराब की तस्करी कर रहे दो शराब तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सायबर सेल और सिंघोड़ा पुलिस ने मिलकर यह कार्रवाई की है।
पुलिस को शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश का एक ट्रक भारी मात्रा में शराब लेकर ओडिशा की ओर से महासमुंद की ओर आ रहा है। सूचना पर सिंघोडा व साइबर सेल टीम ने सभी प्वाइंट पर तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग रेहटीखोल के पास आइसर ट्रक को रोका गया। ट्रक में दो युवक सवार थे जिन्होंने अपना नाम-पता मानपुर थाना शिवराजपुर, जिला कानपुर, उत्तर प्रदेश निवासी अजय कुमार (25) चासबोकारो, थाना चासबोकारो, झारखण्ड निवासी बादल मण्डल (25) बताया।
पुलिस ने जब ट्रक की तलाशी ली तो उसमें भूसा भरा था, भूसा बोरी को हटाने पर ट्रॉली में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां मिली। शराब झारखंड से ओडीशा होते हुए बीजापुर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
बीजेपी को बड़ा झटका : भाजपा के दिग्गज नेताओं सहित कार्यकर्ताओं ने दिया इस्तीफा
महासमुंद। जिले के अंतर्गत सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी श्याम तांडी ने अपने सैकड़ो समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देते हुए अपना त्याग पत्र भारतीय जनता पार्टी महासमुंद जिला अध्यक्ष रूप कुमारी को सौंप दिया है।
हम आपको बता दें कि विगत दिनों भारतीय जनता पार्टी ने सरायपाली विधानसभा के लिए भारतीय जनता पार्टी की कद्दावर नेता सरला कोसरिया को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इसके बाद से ही सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के गड़ा समाज में भारतीय जनता पार्टी के लिए भारी नाराजगी देखी जा रही है। इसी परिपेक्ष में गाड़ा समाज ने समाज की बैठक कर यह निर्णय लिया था कि गाड़ा समाज के सभी भाजपा के कार्यकर्ता भाजपा से अपना इस्तीफा देंगे, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी ने सरायपाली क्षेत्र में गाड़ा समाज की बाहुलता के बावजूद दीगर समाज को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है।
CG से गुजरने वाली 22 ट्रेनें फिर रद्द, दो गाड़ियां चलेगी परिवर्तित मार्ग से
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इस बाद रेलवे ने 22 ट्रेनों को रद्द किया है, जबकि दो ट्रेनों का मार्ग बदला गया है। रेलवे की ओर से बताया गया कि बिलासपुर रेल मंडल के शहडोल-रूपोंद सेक्शन में बधवाबारा रेलवे स्टेशन में तीसरी रेललाइन का विद्युतीकृत का कार्य के लिए नान इंटरलोकिंग का कार्य किया जाएगा। यह काम दो से आठ सितंबर तक किया जाएगा। वहीं 7 ट्रेनें पटरी पर वापस दौडेंगी।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
2 से 8 सितंबर तक 08740 बिलासपुर-शहडोल मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
2 से 8 सितंबर तक 08739 शहडोल-बिलासपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
2 से 8 सितंबर तक 08269 चिरिमिरी-चंदिया रोड पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
2 से 8 सितंबर तक 08270 चंदिया रोड- चिरिमिरी पैसेंजर स्पेशल रद्द रहेगी।
2 सिंतबर को 22830 शालीमार-भुज बिलासपुर एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
5 सितंबर तक 22829 भुज-शालीमार बिलासपुर एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
31 अगस्त से 7 सितंबर तक 22909 वलसाड-पुरी एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
3 से 10 सितम्बर तक 22910 पुरी-वलसाड एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
2 सितम्बर को 20971 उदयपुर-शालीमार एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
3 सितंबर को 20972 शालीमार-उदयपुर एक्सप्रेस रद्द रहेगी ।
6 सितम्बर को 20847 दुर्ग-ऊधमपुर एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
7 सितंबर को 20848 उधमपुर-दुर्ग एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
6 सितंबर को 20828 सांतरागाछी-जबलपुर एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
7 सितंबर को 20827 जबलपुर-सांतरागाछी एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
1 से 7 सितंबर तक 18248 रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
2 से 8 सितंबर तक 18247 बिलासपुर-रीवा एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
1 से 7 सितंबर तक 18233 इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
2 से 9 सितंबर तक 18234 बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
1 से 7 सितंबर तक 18235 भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
2 से 8 सितंबर तक 18236 बिलासपुर- भोपाल एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
1 से 7 सितंबर तक 11751 रीवा-चिरमिरी एक्सप्रेस कटनी और चिरमिरी के बीच रद्द रहेगी।
2 से 8 सितंबर तक 11752 चिरिमिरी-रीवा एक्सप्रेस चिरिमिरी और कटनी के बीच रद्द रहेगी।
छत्तीसगढ़ में पकड़ाई गांजे की बड़ी खेप, पुलिस ने 3 तस्करों से जब्त किया 100 किलो गांजा
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस ने तस्करों से गांजे की बड़ी खेप बरामद की है। बस्तर में ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे तीन तस्करों को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपियों के पास से पुलिस ने करीब 100 किलो गांजा बरामद किया है। जिसकी कीमत लगभग 9 लाख 81 हजार रुपए बताई जा रही है। मामला जिले के दरभा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, बस्तर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से सुकमा होते हुए दरभा की तरफ से कुछ लोग गांजा की तस्करी करने वाले हैं। सूचना के आधार पर दरभा पुलिस ने गुरुवार को चेकपोस्ट लगाकर आने-जाने वाली वाहनों की तलाशी ली। इस दौरान एक ब्लैक कलर की कार आ रही थी। चालक ने पुलिस को देखकर कार को दूसरी तरफ मोड़ दिया जिससे पुलिस को शक हुआ।
कुछ पुलिसकर्मियों ने कार पीछा कर कुछ दूरी पर जाकर उसे रोक लिया। कार में तीन लोग सवार थे। पुलिस ने इनसे पूछताछ की। इनमें से एक मो. तनवीर (37) महाराष्ट्र का रहने वाला था। जबकि नितेश एक्का (30) और शांतिएल तिग्गा (39) दोनों छत्तीसगढ़ के जशपुर के रहने वाले हैं। जब वाहन की तलाशी ली गई तो डिक्की से 100 किलो गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे हैं। जिसके बाद पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने शुक्रवार को मामले का खुलासा किया है।
हैरान कर देने वाला मामला : पत्नी ने डंडे से पीट-पीटकर शराबी पति को उतारा मौत के घाट...पढ़िये पूरी खबर
कांकेर/पखांजूर। छत्तीसगढ़ के अंतर्गत पखांजूर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने खुद अपने ही हाथों से अपना सुहाग उजाड़ दिया। महिला अपने पति के शराब पीने और झगड़ा करने की आदतों से परेशान थी। इससे तंग आकर उसने अपने पति को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने हत्यारीन पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला पखांजूर थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, घटना कांकेर के पखांजूर थाना के देवपुर क्षेत्र की है। पखांजूर में पति के शराब पीने से तंग आकर पत्नी ने पति की बांस के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी है। हत्या को अंजाम देने के बाद महिला ने खुद पड़ोसी के घर जाकर उन्हें बताया कि मैंने अपने पति को मार डाला। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पति की हत्या के आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
पति के शराब पीने से नाराज थी पत्नी
पुलिस ने बताया कि पीवी 1 की रहने वाली शांति धरामी को पति के हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसने अपने पति पर डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पति रोज शराब पीकर आता था और यह आरोपित महिला को अच्छा नहीं लगता था। घटना वाले दिन भी मृतक शराब पीकर आया था। जिसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद आवेश में आकर पत्नी ने पति की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियाँ पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया है।
सुकमा : अंत्यावसायी विभाग से मिली ऋण, वाहन खरीदने का सपना हुआ पूरा
छिंदगढ़ के ग्राम कांजीपानी निवासी रमेश मांझी, धोबनपाल निवासी चेरो दुवारी ने अंत्यावसायी विभाग की योजना का लाभ लेकर वाहन खरीदने का सपना पूरा किया है। घरेलू कार्य के साथ ही व्यावसायिक क्षेत्र में उपयोग में लाकर आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं। जिससे परिवार में खुशहाली भी आने लगी है। हितग्राहियों को 09 जून 2023 को कैबिनेट मंत्री श्री कवासी लखमा ने वाहन की चाबी सौंपी थी। वाहन खरीदने का सपना पूरा होने पर उन्होंने शासन प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
ग्राम कांजीपानी के निवासी रमेश मांझी ने बताया कि वे ग्राम में किराना दुकान का संचालन करते हैं। दुकान के सामनों को लाने में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। किराना सामानों को लाने ले जाने के लिए पीकअप वाहन खरीदने का सपना अंत्यावसायी विभाग की योजना से अब पूरा हो चुका है। पिकअप वाहन के मिलने से व्यवसाय के क्षेत्र में वृद्धि होने लगी है। जिससे आसपास के ग्रामों में भी किराना सामानों को पहुंचाने में सहूलियत हो रही है। साथ ही वाहन को मालवाहक वाहन के तौर पर उपयोग में लाने से अतिरिक्त आमदनी भी अर्जित हो रही है।
वहीं धोबनपाल निवासी चेरो दुवारी ने बताया कि किराये का आटो चलाकर परिवार का जिम्मेदारी उठाया करते थे। परिचित व्यक्ति के सलाह पर उन्होंने जिला अंत्यावसायी विभाग में ऋण योजना का लाभ लेने आवेदन किया। जिससे कई वर्षों से अधूरी सवारी गाड़ी खरीदने का सपना अब पूरा हुआ हैं। साथ ही अब यात्रियों को बिना किसी इंतजार के ही उनके गंतव्य तक पहुंचाई जा रही है। वहीं वाहन बुकिंग के लिए भी ग्रामवासी सम्पर्क कर रहे हैं। जिससे आर्थिक सुदृढ़ीकरण को गति मिल रही है और स्वयं का सवारी वाहन होने से परिवार में भी खुशहाली आने लगी है।
जिला अंत्यावसायी कार्यपालन अधिकारी श्री कुलेश्वर सेवता ने बताया कि कांजीपानी निवासी रमेश मांझी को आदिवासी अनुसूचित जनजाति के तहत 7 लाख 30 हजार रुपये से पीकअप वाहन और धोबनपाल निवासी चेरो को पेशेनज़र व्हीकल के तहत 7 लाख 19 हजार की राशि से सवारी वाहन प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि जिले के अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग व अल्पसंख्यक वर्गों के आर्थिक विकास की व्यक्तिमूलक योजनाओं का संचालन कर स्वरोजगार के लिए वित्तीय ऋण प्रदान की जाती है।
छत्तीसगढ़ के इन तीन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से मानसून एक्टिव हो गया है। बीते दो दिनों से राजधानी रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार और आसपास के जिलों समेत उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में कई जगहों पर भारी बारिश के आसार हैं।
गुरुवार को रायपुर में दिनभर उमस भरा माहौल रहा और शाम को हल्की बारिश हुई। रात में बलौदाबाजार, बस्तर, बेमेतरा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर और सुकमा जिले के अलग-अलग जगहों पर बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकांश समय बादल छाए रह सकते हैं।शाम या देर रात को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
वहीं राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों में बरसात की संभावना है। रायपुर मौसम विज्ञान केन्द्र ने मानसून एक्टिविटी को लेकर कहा कि मानसूनी द्रोणिका का पश्चिमी छोर सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर है और अगले 6-7 दिनों तक स्थिति बरकरार रह सकती है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम उत्तर प्रदेश के उपर 7.6 किमी तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश के आसार है।
डीआरयूसीसी की बैठक में विधायक अनिता योगेन्द्र शर्मा ने क्षेत्र वासियों की समस्या को जल्द निराकरण हेतु सौपा माग पत्र....
रायपुर । धरसीवा विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा के द्वारा मंडल रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति के बैठक में शामिल होकर क्षेत्र वासियों को समस्या को देखते हुए डीआरएम संजीव कुमार को माग पत्र सौंपा जिसमे प्रमुख माग सिलयारी में सभी ट्रेनों का स्टापेज बनाया जाए,
रेलवे स्टेशन में चाय नाश्ता स्टॉल एवं उचित लाइट व्यवस्था की जाए सिलयारी अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य जल्द से जल्द से प्रारंभ किया जाएं ग्राम मांढर, गिरौद, टोर एवं बरबंदा में अंडरब्रिज निर्माण कार्य जल्द से जल्द करायें। सडडू उरकुरा मार्ग को पुनः प्रारम्भ किया जाए
टेकारी खार से उरकुरा फाटक बंद हैं उसे पुनः चालू किया जाए MST पास धारको को पूर्व की भांति व्यवस्था का लाभ दिया जाये सभी रेलवे स्टेशनों में पेयजल की व्यवस्था कराएं साथ ही विभिन्न ट्रेनों के रद्द होने से हो रही समस्याओं का उचित निराकरण करें।
इस अवसर में विधायक अनिता योगेन्द्र शर्मा ने बैठक में शामिल होकर अपनी मांगों को रखते हुए इन्हें जल्द से जल्द पूरा करने हेतु मांग पत्र सौंपा और कहां की यह क्षेत्र वासियों के लिए अत्यंत आवश्यक विषय हैं जिन्हें तत्काल कार्य करने हेतु निर्देशित करें जिससे हजारों यात्रियों एवं आमजन लाभान्वित होंगे।
आई फ्लू का कहर, बाल आश्रम के 39 बच्चे आये चपेट में, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप…
धमतरी। छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश भर में इस समय आई फ्लू तेजी से लोगों में फ़ैल रहा है। छोटे बच्चों से लेकर बड़े बुजुर्ग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। वहीँ एक घबराने वाली खबर सामने आ रही है जहां धमतरी जिले के बालक आश्रम में 39 बच्चे आई फ्लू की चपेट में आ गए हैं। करैहा,नयापारा बालक आश्रम के 39 बच्चों को आई फ्लू हो गया है जिनका चैकअप कर सभी को आईड्राप दिया गया है।
बताया जा रहा है कि छात्रावास में कुल 56 बच्चे है जिनमें से 39 बच्चे आई फ्लू के चपेट में है। अधीक्षक ने बताया कि जब बच्चों के पैरेंट्स को इस बात की जानकारी हुई तो ,कुछ पालक आश्रम पहुँचकर कुछ बच्चों को साथ ले गये। वहीं इस मामले में हेल्थ अधिकारी पूर्वा देवांगन ने बताया कि 39 बच्चों को आई फ्लू जैसा लक्षण है आँखें लाल हो गयी है सभी का चेकअप कर आई ड्रॉप दिया गया है। वहीं जिन बच्चों को नहीं हुआ है उनको एहतियातन के तौर पर अलग रखने को कहा गया है।
सांप काटने से महिला की मौत, बिस्तर पर बैठा मिला करैत सांप
बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले में सांप काटने से एक महिला की मौत हो गई। महिला का पति जब घर लौटा तो उसका शव बिस्तर पर पड़ा मिला। मामला करौंधा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत कमलापुर के खखसीपारा की रहने वाली सुगंती बाई (34) ने बुधवार की रात लरंगसाय पति और बच्चे के साथ खाना खाया और फिर तीनों सो गए। गुरुवार सुबह 6 बजे पति अपनी पत्नी और बेटे को सोता हुआ छोड़कर खेत में काम करने के लिए चला गया। जब दोपहर में वो खाना खाने के लिए घर वापस लौटा, तो बेटा आंगन में रोता हुआ मिला।
पति अंदर कमरे में गया, तो पत्नी की लाश बिस्तर पर पड़ी थी। पति ने जैसे ही बिस्तर हटाया, तो उस पर करैत सांप बैठा हुआ दिखाई दिया। पति ने पड़ोसियों को बुलाया और सांप को मार डाला। इसके बाद पति ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर ने बताया कि महिला की मौत सांप काटने से हुई है।
निर्वाचन कार्यालय बालोद में पदस्थ सहायक ग्रेड 2 रिपुसूदन कोसमा बर्खास्त
रायपुर । छत्तीसगढ़ में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है। छत्तीसगढ़ में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने भी कमर कस ली है। इस दौरान निवार्चन आयोग के अधिकारियों द्वारा चुनाव संबंधी तैयारियों की समीक्षा भी की जा रही है और निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ शख्त कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नया रायपुर के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन कार्यालय बालोद में पदस्थ सहायक ग्रेड 02 रिपुसूदन कोसमा 23 जून 2018 से निरंतर अपने कार्य से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के कारण शासकीय सेवा से पदच्युत किया गया है।
सहायक ग्रेड 02 रिपुसूदन कोसमा के विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित किया गया एवं विभागीय जांच प्रतिवेदन अनुसार अधिरोपित आरोप क्रमांक 01 एवं 02 सिद्ध होना पाया गया है। रिपुसूदन कोसमा के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने हेतु अंतिम कारण बताओ नोटिस जारी किया परंतु उनके द्वारा किसी प्रकार का कोई प्रतित्युत्तर नहीं दिया गया। सहायक ग्रेड 02 रिपुसूदन कोसमा शासकीय सेवा नहीं किया जाना परिलक्षित हो रहा है तथा अधिरोपित आरोप क्रमांक 01 एवं 02 मौन स्वीकृति माना जाता है। सहायक ग्रेड 02 रिपुसूदन कोसमा को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 10(8) के तहत दिनांक 14 अगस्त 2023 से शासकीय सेवा से पदच्युत का दण्ड दिया जाता है।
शिक्षा विभाग में बड़ा घोटालाः अधिकारियों द्वारा अपने चहेतों की मनपसंद स्कूल में की गई नियुक्ति, DEO की भूमिका संदेह के घेरे में
महासमुंद। एक ओर जहां प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए लगातार प्रयास जारी है और कई तरह की योजनाएं भी संचालित की जा रही है। वहीं दूसरी ओर शिक्षा विभाग के आला अधिकारी शासन के नियमों को दर किनार करते हुए अपना खुद का नियम चलाते हुए एक स्कूल में दो – दो प्रधान पाठक की नियुक्ति कर दे रहे हैं और ऊपर से नीचे तक मिले अधिकारी गलत होना जानते हुए भी नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए गलत आदेश का क्रियान्वयन करा कर अपने आप को पाक साफ बता रहे हैं।
महासमुंद मुख्यालय से 12 किमी दूर स्थित शासकीय प्राथमिक कन्या शाला तुमगांव है. जहां कक्षा पहली से लेकर पाचंवी तक के 86 छात्र – छात्राएं पढ़ाई करते हैं । इन बच्चों को पढ़ाने के लिए शासन ने बकायदा एक प्रधान पाठक व तीन सहायक शिक्षक पदस्थ कर रखा है । यहा की प्रधान पाठक करमता भांडेकर की नियुक्ति वर्ष 1998 मे हुई है और ये मई 2024 में सेवानिवृत्त होंगी पर शिक्षा विभाग के आला अधिकारी नियमों को दर किनार करते हुए अपने चहेतो को लाभ देते हुए जून 2023 को परसराम साहू को दूसरे प्रधान पाठक के रूप में पदस्थ कर दिया और परसराम साहू ज्वाइन कर अपनी सेवा देने के साथ बकायदा वेतन भी ले रहे है । शासन के नियमानुसार एक स्कूल में दो प्रधान पाठक की नियुक्ति नहीं की जा सकती। पहले से प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ प्रधानपाठिका गलत मानते हुए अधिकारी के आदेशों का पालन करने की बात कह रही है ।
प्रधान पाठक करमता भांडेकर
इस पूरे मामले में नये प्रधान पाठक का सैलरी निकालने वाले ब्लाक शिक्षा कार्यालय के लेखापाल कमलेश चन्द्राकर का कहना है कि नियम के अनुसार नियुक्ति नहीं की जा सकती और न ही सैलरी वहां से निकाली जा सकती है । लेकिन अधिकारी का आदेश है तो पालन किया जा रहा है। दूसरे नव नियुक्त प्रधान पाठक परसराम साहू का कहना है कि ऐसा आदेश मेरा ही नहीं और लोगों का भी हुआ है। सेवानिवृत्त के प्रत्याशा में किया गया है।
नव नियुक्त प्रधान पाठक परसराम साहू
शिक्षा विभाग ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है कि जिसे सोच कर किसी को भी हैरान कर सकता है. दरअसल महासमुंद विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर सिन्हा ने आनन-फानन में जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश जारी होने के एक सप्ताह पहले 23 जून 2023 को जिला शिक्षा अधिकारी के हवाले से पदोन्नत परसराम साहू को बागबाहरा विकासखंड के खम्हारमुडा शासकीय प्राथमिक शाला से तुमगांव के शासकीय प्राथमिक कन्या शाला के लिए प्रधान पाठक का कार्यभार ग्रहण करने का आदेश जारी कर दिया था। जबकि जिला शिक्षा अधिकारी ने 30 जून 2023 को बागबाहरा विकासखंड खम्हारमुडा से सरायपाली विकासखंड चारभाठा के शासकीय प्राथमिक शाला में पदांकित का आदेश जारी किया था ।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लीलाधर सिन्हा
फिर उसी आदेश को जिला शिक्षा अधिकारी ने संशोधित आदेश जारी कर प्रधान पाठक परसराम साहू को तुमगांव शासकीय प्राथमिक कन्या शाला में नियुक्त कर दिया था । जहां ब्लाक शिक्षा अधिकारी उपर के आदेश का पालन करने की बात कह रहे हैं। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी मीता मुखर्जी मीडिया से इस विषय में बात करने से बच रही है।
जिला शिक्षा अधिकारी मिता मुखर्जी
गौरतलब है कि शिक्षा विभाग में ये कोई पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी अपने चहेतो को नियमों के विरुद्ध उपकृत करने का खेला जाता रहा है । देखना होगा कि ये मामला उजागर होने के बाद आखिर क्या कार्रवाई होती है।
रायपुर आ रही फ्लाइट में आई खराबी, लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग
रायपुर । फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी के चलते गुरुवार शाम को दिल्ली से रायपुर आने वाली उड़ान लखनऊ डाइवर्ट हो गई।
विमानन अधिकारियों के अनुसार इस फ्लाइट में तकनीकी खराबी के चलते इस उड़ान की इमरजेंसी लैंडिंग लखनऊ में करानी पड़ी।
विमानन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार फ्लाइट नंबर 6ई 859 गुरुवार शाम को दिल्ली से रायपुर के लिए उडान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही फ्लाइट में तकनीकी खराबी आ गई
एटीसी से संपर्क करने के बाद इस फ्लाइट को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया। फ्लाइट में सवार सभी यात्री सकुशल है। हालांकि इमरजेंसी लैंडिंग की बात पता चलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
बताया जा रहा है कि इस फ्लाइट में 100 से अधिक यात्री सवार थे। यह फ्लाइट दिल्ली से शाम 6.40 बजे उड़ान भरी और रात आठ बजे इसे रायपुर विमानतल पहुंचना था। लखनऊ एयरपोर्ट में लैंडिंग होते ही यात्रियों ने राहत की सांस ली। घटना की जानकारी मिलते यात्रियों के परिचित भी एक दूसरे से संपर्क करने में लगे रहे।
