प्रदेश
पत्नी ने खुद उजाड़ा अपना ही सुहाग, डंडे से पीट-पीटकर कर दी पति की हत्या
सक्ती। छत्तीसगढ़ में आपराधिक मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है, आए दिन चाकूबाजी, लूटपाट, चोरी, हत्या और दुष्कर्म के मामले सामने आ रहे है, वहीं इसी कड़ी में प्रदेश के सक्ती जिले से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां किसी बात को लेकर बासीन गांव में पत्नी ने डंडे से अपने पति पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे पति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही डभरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पत्नी को हिरासत में ले लिया। वारदात को लेकर पुलिस पत्नी से पूछताछ कर रही है।
फर्जी पत्रकार ने फर्जी मॉइनिंग अधिकारी बनकर की अवैध वसूली, जेल दाखिल
कोरबा। जिले की कटघोरा पुलिस ने उस कथित पत्रकार को गिरफ्तार कर लिया है, जो खुद को खनिज विभाग के अधिकारी बताकर लोगों से पैसों की अवैध वसूली करता था। आरोपी का नाम पुनीत दुबे है, जो कसनिया का निवासी है। आरोपी कई लोगों का भयादोहन कर पैसों की अवैध वसूली कर चुका है। पैसे नहीं देने पर आरोपी कार्रवाई करने की धमकी दिया करता था। आरोपी के खिलाफ ग्राम लालमटिया निवासी लखन पटेल ने पुलिस से शिकायत की थी। बताया गया, कि आरोपी उसकी ट्रैक्टर को पकड़कर दस हजार रुपयों की मांग कर रहा था। आरोपी के खिलाफ पुलिस अब आगे की कार्रवाई कर रही है।
अंधेरा छँटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा -
अटल जी ने कहा था “अंधेरा छँटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा - Raman Singh
अटल जी ने कहा था “अंधेरा छँटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा”। साथियों! कल पूरे छत्तीसगढ़ में परिवर्तन की बयार बहने वाली है, कल सूरज की पहली किरण के साथ ही छत्तीसगढ़ में भाजपा का कमल खिलने लगेगा। आप सभी तैयारी कर लीजिए क्योंकि अब अन्याय का अंत बस कुछ ही घंटों की दूरी पर है।
मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस सहित अन्य वस्तुएं रहेंगी प्रतिबंधित विधानसभा आम निर्वाचन-2023
विधानसभा निर्वाचन-2023 अंतर्गत जिले के तीनों विधानसभा के लिए मतगणना रविवार 03 दिसम्बर को शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज नाथियानवागांव में सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला ने बताया कि मतगणना कार्य हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और सभी मतगणना कर्मियों को भलीभांति प्रशिक्षित भी किया जा चुका है। मतगणना के दिन सुबह 7 बजे स्ट्रांग रूम खोले जाने की कार्यवाही प्रेक्षक, रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं अभ्यर्थियों अथवा उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं की उपस्थिति में संपन्न होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ई.व्ही.एम. मशीन से मतों की गणना हेतु प्रत्येक विधानसभा के लिए 14-14 मतगणना टेबल लगाए गए हैं तथा डाक मतपत्र की गणना हेतु विधानसभावार कुल 08 टेबल लगाए गए हैं, जिनमें अंतागढ़ के लिए 02, भानुप्रतापपुर के लिए 03 एवं कांकेर के लिए 03 टेबल शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सर्वप्रथम डाक मतपत्रों की गणना की जाएगी। वहीं ई.व्ही.एम. मशीन से मतों की गणना अंतागढ़ विधानसभा की मतगणना 16, भानुप्रतापपुर विधानसभा की 19 और कांकेर विधानसभा की मतगणना 18 राउंड में संपन्न होगी। प्रत्येक गणना मेज के समीप बेरिकेडिंग के बाहर सभी अभ्यर्थियों के एक-एक गणना एजेंट के बैठने की व्यवस्था होगी। केवल अभ्यर्थी एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ता बेरिकेडिंग के बाहर से ही टेबल से दूसरे टेबल पर आ-जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि मतगणना हेतु पहली बार जिले में महिला कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। ई.व्ही.एम. मशीन एवं डाक मतपत्र की गणना महिला गणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक एवं सहयोग हेतु महिला चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिले में अब तक कुल 3571 डाकमत प्राप्त हो चुके हैं। प्राप्त डाक मतपत्रों को पुलिस सुरक्षा में जिला कोषालय में स्थापित स्ट्रांग रूम से मतगणना स्थल तक ले जाने के दौरान अभ्यर्थी एवं उनके निर्वाचन अभिकर्तागण उपस्थित रह सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ईटीपीबीएस स्कैनिंग के दौरान अभ्यर्थी एवं उनके निर्वाचन अभिकर्तागण उपस्थित रह सकते हैं। मतगणना हाल में प्रेक्षक, रिटर्निंग ऑफिसर एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के अलावा किसी भी व्यक्ति को मोबाईल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
इसके अलावा मतगणना केन्द्र के भीतर अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश रोकने के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेराबंदी की गई है। प्रथम सुरक्षा घेरे में जिला पुलिस बल तैनात किए गए हैं, द्वितीय घेरे में राज्य सशस्त्र पुलिस बल तथा तृतीय घेरे में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात किए गए हैं। यह भी बताया कि गणना परिसर के चारों ओर 100 मीटर की परिधि को ‘‘पैदल यात्री क्षेत्र’’ के रूप में निर्धारित किया गया है। इस परिधि में किसी भी वाहन का प्रवेश निषेध होगा। मतगणना हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी फोटो प्रवेश पत्र के बिना किसी भी व्यक्ति को सुरक्षा के पहले घेरे को पार करने की अनुमति नहीं होगी।
मतगणना केन्द्र में ये रहेंगे प्रतिबंधित -
मतगणना परिसर के बाहर एवं भीतर कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए कार्यपालिक दण्डाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। मतगणना केन्द्र के अन्दर मोबाइल, स्मार्ट वॉच के अलावा बीड़ी, तम्बाकू, गुटखा, सिगरेट जैसे नशीले पदार्थ सहित लाइटर, धारदार वस्तु लेकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। किसी भी अभ्यर्थी या उनके अभिकर्ता को कैलकुलेटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ मतगणना हाल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
नक्सली सप्ताह के पहले दिन वारदात, IED ब्लास्ट में CRPF के 2 जवान घायल
दंतेवाड़ा। जिले में नक्सली सप्ताह के पहले ही दिन नक्सलियों ने IED ब्लास्ट किया है। जिसकी चपेट में आने से CRPF 195 बटालियन के 2 जवान घायल हो गए हैं। घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामला बारसुर थाना क्षेत्र का है।बता दें आज से नक्सलियों का PLGA सप्ताह शुरू हो गया है। इसी को देखते हुए बारसुर इलाके में CRPF-195 बटालियन के जवान एरिया डोमिनेशन के लिए निकले हुए थे। इस दौरान बारसुर-पल्ली मार्ग पर ब्रिज के पास नक्सलियों के लगाए बैनर-पोस्टर पर जवान निकालने लगे। तभी आईईडी ब्लास्ट हो गया, इस घटना में 2 सीआरपीएफ के जवान घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद जवान दोनों घायलों को अस्पताल लेकर गए।
जोर का धमाका हुआ।
हाईकोर्ट ने हत्यारे बेटे की फांसी की सजा को आजीवन कारावास में बदला, दो सह-अभियुक्त बरी
:दुर्ग। बिलासपुर हाईकोर्ट ने दुर्ग के चर्चित रावल मल जैन मनी दंपत्ति हत्याकांड मामले में दंपत्ति के आरोपी बेटे संदीप जैन को राहत देते हुए दुर्ग कोर्ट में दी गई फांसी की सजा को आजीवन कारावास में बदल दिया है। वहीं मामले में दो सह अभियुक्त शैलेंद्र और गुरु दत्ता की 5-5 साल की सजा को बदलकर उन्हें दोष मुक्त कर दिया है।
एक जनवरी 2018 को संदीप जैन ने दुर्ग के गंजपारा स्थित मकान में अपने पिता रावल मल जैन और मां सुरजा बाई की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस की पूछताछ में आरोपी संदीप ने पुलिस को बताया था कि उसके पिता रावल मल जैन पुरानी रूढ़ीवादी विचारधारा के थे। उनको उसके महिला मित्रों से मिलना पसंद नहीं था। वे कई बार उसे अपनी संपत्ति से बेदखल करने की धमकी भी दे चुके थे। इससे व्यथित होकर उसने अपने पिता को मारने की साजिश रची थी।
संदीप ने पिता की हत्या करने के लिए एक देसी पिस्टल और कारतूस खरीदा था। देसी पिस्टल और कारतूस कालीबाड़ी दुर्ग निवासी भगत सिंह गुरूदत्ता (47 वर्ष) और गुरूनानक नगर दुर्ग निवासी शैलेंद्र सागर (47 वर्ष) ने बेचा था। इसलिए मामले में दोनों आरोपियों को जिला न्यायालय ने पांच-पांच साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। जिसे हाईकोर्ट ने बदलकर उन्हें दोषमुक्त कर दिया है।
जिला कोर्ट ने संदीप जैन को फांसी की सजा सुनाई थी। इसके खिलाफ संदीप के वकील ने हाईकोर्ट बिलासपुर में याचिका लगाई। याचिका पर सुनवाई करते हुए शुक्रवार 1 दिसंबर को हाईकोर्ट ने मुख्य अभियुक्त संदीप जैन की फांसी की सजा को आजीवन कारावास में बदल दिया है।
दो डिस्टलरीयों द्वारा देशी शराब की आपूर्ति में कचरा और कीड़ा पाए जाने पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्यवाही
छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ के दो डिस्टलरीयों द्वारा देशी शराब (प्लेन-पाव) की आपूर्ति में कचरा व कीड़ा पाए जाने पर पीने के लिए हानिकारक मानते हुए संबंधित के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की गई है। इन दोनों डिस्टलरीयों द्वारा आपूर्ति की गई 7189 पेटी देशी शराब प्लेन पाव को जप्त कर नष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं दोनों डिस्टलरीयों के मेसर्स पर वर्तमान शराब मूल्य की राशि 2 करोड़ 75 लाख 66 हजार 480 रूपए का जुर्माना लगाते हुए यह राशि छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कार्पोरेशन लिमिटेड में जमा करने को कहा गया है। इनमें मेसर्स वेलकम डिस्टलरीज प्राईवेट लिमिटेड, ग्राम-छेरकाबांधा, जिला- बिलासपुर को 2 करोड़ 29 लाख 27 हजार 440 रूपए और मेसर्स छत्तीसगढ़ डिस्टलरीज लिमिटेड, ग्राम-खपरी, कुम्हारी, जिला-दुर्ग को 46 लाख 79 हजार 40 रूपए जमा करने के आदेश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि मेसर्स वेलकम डिस्टलरीज प्राईवेट लिमिटेड, ग्राम-छेरकाबांधा, जिला- बिलासपुर के द्वारा जिला जांजगीर-चांपा में प्रदाय की गई देशी मदिरा प्लेन के पाव में कचरा एवं कीड़ा पाये जाने की शिकायत की जांच पर बैच नंबर 141, 145 एवं 156 के अंतर्गत भरी गई मदिरा में घोंघे व शैल का कचरा एवं कीड़ा युक्त होना पाया गया जिस पर जिला-जांजगीर-चांपा की कुल बैच नंबर 141 की 11 देशी मदिरा दुकानों में, बैच नंबर 145 की 16 देशी मदिरा दुकानों में एवं बैच नंबर 156 की 14 देशी मदिरा दुकानों एवं मद्यभण्डागार जांजगीर में संग्रहित कुल 5,970 पेटी एवं 33 नग मदिरा को जप्त किया जाकर विधिवत कार्यवाही की गई। आसवक को सुनवाई का अवसर देने के पश्चात् मदिरा में पाई गई कीड़े एवं कचरे को आसवक की लापरवाही मानते हुए तथा तीनों बैच नंबर की मदिरा को 03 प्रकरण मानते हुए 50-50 हजार रूपये का शास्ति अधिरोपित की गई हैं। इस मदिरा को मानव सेवन के लिए संभावित हानिकारक मानते हुए समस्त मदिरा को नष्ट करने का आदेश दिया गया है। साथ ही मेसर्स को समस्त मदिरा का वर्तमान विक्रय दर के आधार पर रूपये 2 करोड़ 29 लाख 27 हजार 440 रूपए का भुगतान छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कार्पाेरेशन लिमिटेड को किये जाने का आदेश दिया गया है।
इसी प्रकार मेसर्स छत्तीसगढ़ डिस्टलरीज लिमिटेड, ग्राम-खपरी, कुम्हारी, जिला-दुर्ग द्वारा जिला दुर्ग एवं बालोद में आपूर्ति की गई देशी मदिरा प्लेन के पाव में कचरा एवं कीड़ा पाये जाने की शिकायत की जांच पर बैच नंबर 165 एवं 167 के अंतर्गत भरी गई मदिरा में कचरा एवं कीड़ा युक्त होना पाया गया जिस पर जिला-दुर्ग की कुल 908 पेटी 24 नग एवं जिला-बालोद की 310 पेटी मदिरा को जप्त किया जाकर विधिवत कार्यवाही की गई। आसवक को सुनवाई का अवसर देने के पश्चात् मदिरा में पाई गई कीड़े एवं कचरे को आसवक की लापरवाही मानते हुए तथा दोनों बैच नंबर की मदिरा को 02 प्रकरण मानते हुए 50-50 हजार रूपये का शास्ति अधिरोपित की गई। इसी प्रकार उक्त मदिरा को मानव सेवन के लिए हानिकारक संभावित मानते हुए समस्त मदिरा को नष्ट करने का आदेश दिया गया है। साथ ही समस्त मदिरा का वर्तमान विक्रय दर के आधार पर रूपये 46 लाख 79 हजार 40 रूपए का भुगतान छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कार्पाेरेशन लिमिटेड में किये जाने का आदेश दिया गया है।
डिस्टलरीयों द्वारा त्रुटिपूर्ण देशी मदिरा की आपूर्ति करने की आसवक की प्रवृत्ति को घोर लापरवाही मानते हुए वर्तमान विक्रय दर के आधार पर छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कार्पाेरेशन लिमिटेड को भुगतान दिये जाने का आदेश आसवक को दिया गया है, वहीं ऐसी समस्त मदिरा को नष्ट किये जाने का आदेश भी दिया गया है। भविष्य में इस प्रकार की त्रुटि की पुनरावृत्ति न करने संबंधितों को सचेत भी किया गया है।
1181 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कल…मतगणना की सभी तैयारियां हुईं पूरी
छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव में मतदान सम्पन्न हो चुके हैं। अब सभी की नजरें कल यानि तीन दिसंबर को होने वाले मतगणना पर टिकी हुई हैं।
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा, सातों एग्जिट पोल में से किसी के भी आंकड़ों में समानता नहीं है। दो दिन बाद सभी के आंकड़े एक समान हो जाएंगे। एग्जिट पोल चलने दीजिए, एग्जिट पोल पर ध्यान मत दीजिए। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा, अधिकांश एग्जिट पोल से स्पष्ट हो रहा है कि छत्तीसगढ़ में बीजेपी मजबूती के साथ सरकार बना रही है।
1181 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
सात व 17 नवंबर को हुए चुनाव में 1181 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। इस दौरान प्रत्याशी भी टेबल पर जाकर मतगणना को देख सकेंगे, जबकि प्रत्याशी के अभिकर्ता सिर्फ निर्धारित टेबल पर ही मतगणना का निरीक्षण करेंगे। मतगणना की पूरी कार्रवाई मतगणना प्रेक्षक तथा सामान्य प्रेक्षक की उपस्थिति तथा निगरानी में होगी।
इस दौरान प्रत्येक राउंड की समाप्ति पर अभ्यर्थी या उनके अभिकर्ता की उपस्थिति एवं प्रेक्षक की निगरानी में रैंडम आधार पर किसी दो कंट्रोल यूनिट की जांच की जाएगी। इसके अलावा सभी चक्रों की गणना पूर्ण होने पर पांच वोटर वेरिफाएबल पेपर आडिट ट्रेल (वीवीपैट) का ड्रॉ के माध्यम से चयन कर मतों का सत्यापन किया जाएगा।
2018 में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों पर एक नजर
अगर छत्तीसगढ़ में 2018 में हुए विधानसभा के नतीजों पर एक नजर डालें तो यहां 90 सीटें हैं और अभी वर्तमान में कांग्रेस की सरकार है। 2018 में दो चरणों में चुनाव हुए थे। इस दौरान कुल 1269 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे। छत्तीसगढ़ में दोनों चरणों में कुल 76.45 फीसदी वोटिंग हुई थी, जिसमें 76.58 प्रतिशत पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया था, जबकि 76.33 प्रतिशत महिला वोटर शामिल थी।
30 चक्रों में होगी मतगणना
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि सभी मतगणना केंद्रों में प्रेक्षकों की निगरानी में होने वाली मतगणना के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं। प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों में से कवर्धा में सबसे अधिक 30 चक्रों में मतगणना होगी।
नारायणपुर ओरछा मार्ग पर नक्सलियों ने सड़क पर पत्थर रखकर मचाया उत्पात, फेंके पर्चे और लगाया बैनर
नारायणपुर। पीएलजीए सप्ताह आज से शुरू हो रहा है इसी के साथ पहले दिन नारायणपुर ओरछा मार्ग नक्सलियों ने सड़क पर पत्थर रखकर और पर्चे फेककर जमकर मचाया उत्पात है ।हालांकि सुरक्षा बल के जवानों ने पत्थर हटाकर मार्ग बहाल किया. नक्सल दहशत के चलते आज ओरछा जाने वाली बसें बंद रहेगी
पीएलजीए सप्ताह को नक्सली शहीद दिवस के रूप में मनाते हैं। पीएलजीए का पूरा मतलब पीपुल्स लिबरेशन गोरिल्ला आर्मी है। ऐसा माना जाता है कि इस संगठन में जो नक्सली शामिल होते हैं वह बेहद ही माहिर और अत्याधुनिक हथियारों से लैस रहते हैं। इन नक्सलियों के पास कई बड़ी घटनाओं की जानकारी होती है और घटनाओं को अंजाम तक पहुंचने के लिए इस संगठन के सदस्यों को तैयार किया जाता है। पीएलजीए सप्ताह नक्सली अपने संगठन के सदस्यों को याद करते हुए हर साल 2 दिसंबर से 8 दिसंबर तक एक सप्ताह शहीद दिवस के रूप में मनाते हैं इस सप्ताह के दौरान नक्सली एक साथ इकट्ठा होकर पूरे साल का लेखा जोखा और आने वाले साल में किस तरह से प्लानिंग की जाएगी
कलेक्टर-एसपी ने किया मतगणना कक्ष का निरीक्षण अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
विधानसभा निर्वाचन 2023 के तहत प्राप्त मतों की गणना आगामी रविवार 03 दिसम्बर को की जाएगी। मतगणना हेतु आवश्यक तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ प्रियंका शुक्ला और एसपी श्री दिव्यांग पटेल ने नाथिया नवागांव के शासकीय पॉलीटेक्निक में स्थापित मतगणना कक्ष का निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारी द्वय ने अंतागढ़, भानुप्रतापपुर और कांकेर विधानसभा क्षेत्र हेतु तैयार किए गए पृथक पृथक मतगणना कक्ष में आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। तदुपरांत उन्होंने ईटीपीबीएस स्कैनिंग रूम सहित मंच एवं मीडिया सेंटर का निरीक्षण कर अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग से जारी नियमों व निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री सुमित अग्रवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अशोक मारबल, रिटर्निंग ऑफिसर कांकेर मनीष साहू सहित अधिकारीगण मौजूद रहे।
जिले में अब तक 3571 डाक मतपत्र प्राप्त हुए
छत्तीसगढ़ विधानसभा निर्वाचन-2023 अंतर्गत 01 दिसम्बर 2023 तक जिले के तीनों विधानसभाओं में अब तक सभी श्रेणी के कुल 3571 डाक मतपत्र प्राप्त हो चुके हैं। इसमें सेवा मतदाताओं के ईटीपीबी, निर्वाचन ड्यूटी कर्मचारियों के सुविधा केन्द्रों से प्राप्त डाक मतपत्र, अनुपस्थित श्रेणी के 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता और दिव्यांग मतदाताओं के प्राप्त डाक मतपत्र शामिल हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सेवा मतदाताओं को जारी किये गए ईटीपीबी प्रत्येक दिवस प्राप्त हो रहे हैं, जिनकी संख्या 01 दिसम्बर 2023 तक विधानसभा अंतागढ़ में 34, भानुप्रतापपुर में 185 और कांकेर में 232 सहित कुल 451 है। सेवा मतदाताओं के ईटीपीबी 03 दिसम्बर 2023 को मतगणना प्रारंभ होने के पूर्व तक प्राप्त किये जाएंगे। प्रत्येक दिवस प्राप्त होने वाले इन ईटीपीबी को जिला स्तर पर अभ्यर्थियों अथवा उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिला मुख्यालय के कोषालय में स्थित स्ट्रॉग रूम में सुरक्षित रखा जाता है और इसकी संख्यात्मक जानकारी से सभी को अवगत कराया जा रहा है।
डाक मतपत्रों की कुल संख्या में निर्वाचन ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विधानसभा अंतागढ़ से 505, भानुप्रतापपुर से 1221, कांकेर के 1096 सहित कुल 2822 डाक मतपत्र भी शामिल हैं जो कि मतदान दिवस के 01 दिन पूर्व तक जिले में निर्मित सुविधा केन्द्रों से प्राप्त हुए थे। साथ ही 80 से अधिक आयु वर्ग एवं दिव्यांगजनों के डाक मतपत्र घर-घर जाकर प्राप्त किये गये हैं। अनुपस्थित मतदाता जैसे 80 वर्ष से अधिक आयु एवं दिव्यांग मतदाता के डाक मतपत्रों की संख्या में विधानसभा अंतागढ़ के 36, भानुप्रतापपुर के 192, कांकेर के 70 सहित कुल 298 है। डाक मतपत्रों की संख्यात्मक जानकारी प्रत्येक दिवस भारत निर्वाचन आयोग को निर्धारित प्रारूप में ऑनलाईन और ऑफलाइन रिपोर्ट प्रेषित की जा रही है और जिला स्तर पर इसकी जानकारी सभी उपस्थित अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों को लिखित में तथा सभी अभ्यर्थियों व उनके प्रतिनिधियों को पृथक से एक व्हॉटसअप ग्रुप तैयार कर प्रतिदिन की प्रगति से अवगत कराया जा रहा है। मतगणना तिथि को कोषालय स्थित स्ट्रॉग रूम से विधानसभा की मतपेटियां अभ्यर्थियों और प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूरी सुरक्षा के साथ प्रातः 06 बजे मतगणना स्थल तक पहुंचाई जाएगी।
राजनांदगांव-कन्हान तीसरी रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत नागपुर रेल मंडल के कन्हान स्टेशन में नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा, इसके फलस्वरूप कुछ गाड़ियों का परिचालन प्रभावित रहेगा
पुलिस ने दो इनामी समेत चार नक्सलियों को किया गिरफ्तार, वाहनों में आगजनी की घटना में थे शामिल
दंतेवाड़ा। जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस ने दो इनामी समेत चार नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है। भांसी क्षेत्र में वाहनों में आगजनी की घटना में शामिल दो इनामी सहित चार नक्सलियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेजा गया है।
जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत डीआरजी, बस्तर फाइटर्स दंतेवाड़ा, डीआरजी बीजापुर व यंग प्लाटून सीआरपीएफ 230 बटालियन व थाना भांसी के संयुक्त बल भांसी क्षेत्र में आगजनी मामले में शामिल नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर ग्राम गहनार, कोण्डापाल, हुर्रेपाल व बेचापाल के जंगल/पहाड़ी की ओर नक्सल गश्त, सर्चिंग के लिए रवाना हुआ। ग्राम हुर्रेपाल व कोण्डापाल के जंगल-पहाड़ी में पुलिस पार्टी को देखकर चार संदिग्ध व्यक्ति भागने व छिपने लगे। जिन्हें पुलिस पार्टी ने घेराबंदी कर पकड़ा।
संदिग्धों से पूछताछ करने पर उनकी शिनाख्त बोटी उर्फ बदरू इच्छाम निवासी हुर्रेपाल गायतापारा मिलिशिया कमाण्डर (एक लाख इनामी), लक्ष्मण हपका निवासी एटेपाल पटेलपारा थाना मिरतुर हुर्रेपाल पंचायत डीएकेएमएस अध्यक्ष (एक लाख इनामी), मोटू उर्फ बुधरू इच्छाम पंचायत मिलिशिया सेक्शन कमाण्डर तथा सोनारू मड़काम निवासी मिरतुर डीएकेएमएस सदस्य के रूप में हुई। सभी नक्सल आरोपितों को रिमांड पर जेल भेजा गया है। थाने में कई गंभीर मामले लंबित: बताया गया कि सभी के विरूद्ध थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
75 पर की बात करके वाली कांग्रेस सर्वे में 40 सीट पर पहुंची है, 3 दिसंबर के नतीजों में 35 के नीचे रहेगी: पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पत्रकारवार्ता कर छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनवा के एग्जिट पोल पर चर्चा की।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव का एग्जिट पोल आया है उसे लेकर कांग्रेस शायद इस भ्रम में है कि वे इस बार भी जनता को छलने में सफल हो गए हैं लेकिन मैं हर प्रदेशवासी को यह स्पष्ट करना चाहता हूँ कि आपको इस कांग्रेसी कुशासन को अगले 5 साल तक नहीं झेलना पड़ेगा, एग्जिट पोल वह रिपोर्ट होती है जो चुनाव परिणाम के पहले कुछ कम्पनियों के सर्वे इत्यादि के आधार पर सिर्फ़ अंदाज़ा लगाया गया होता है कि किस पार्टी को कितनी सीटें मिल सकती हैं, आपको याद होगा कि पिछली बार सन 2018 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा के पक्ष में एग्जिट पोल आए थे लेकिन कांग्रेस की सरकार बन गई।
ऐसा इसलिए होता है क्योंकि कुछ सर्वे एजेंसी और पत्रकार कम अवधि के लिए छत्तीसगढ़ आते हैं और इतने कम समय में वे पूरी तरह से जनता के मन को समझने में अक्सर असफल हो जाते हैं इसलिए चुनाव का परिणाम एग्जिट पोल के विपरीत आ जाता है और छत्तीसगढ़ में इस बार का चुनाव तो सीधे भाजपा और कांग्रेस के बीच न होकर जनता और कांग्रेस के बीच था,
छत्तीसगढ़ की वो सभी माताएं बहनें जिनसे कांग्रेस ने शराबबंदी का झूठा वादा वादा किया था,
छत्तीसगढ़ के वो सभी युवा सीजीपीएससी में जिनकी नौकरियों को नीलम किया गया,
छत्तीसगढ़ का हर वो गरीब हर वो गरीब जिसका आवास भूपेश ने नहीं बनने दिया, जिसके हक़ का चावल इस सरकार ने चोरी किया, इन सभी प्रदेशवासियों की हार संभव नहीं है, छत्तीसगढ़ का हर वर्ग, हर समाज, हर व्यक्ति जिन्होंने पिछले 5 साल इस कांग्रेसी कुशासन को झेला है उन सभी ने अपने उज्जवल भविष्य के लिए, छत्तीसगढ़ के उज्जवल भविष्य के लिए मतदान किया है
और किसी सर्वे में नहीं बल्कि मतदान में कांग्रेस के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया है इसलिए असली चुनाव का परिणाम एग्जिट पोल में नहीं बल्कि 3 दिसंबर को हर छत्तीसगढ़वासी के चेहरे की मुस्कराहट में दिखाई देगा और निःसंदेह पूर्ण बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।
इसके साथ ही पूर्व सीएम ने कांग्रेस के 75 पार के नारे को लेकर कहा कि पिछले विधानसभा चुनवा के मुकाबले प्रदेश में भाजपा की सीटों में बढ़त दिखाई दे रही है जबकि 75 पार की बात करने वाली कांग्रेस इस एग्जिट पोल में 40 से 50 सीटों पर आ गई है और यह तो सिर्फ़ एग्जिट पोल है आनेवाले 3 दिसंबर के नतीजों में कांग्रेस को 35 से भी कम सीटे मिलने वाली हैं और 52 से 55 सीटों के साथ प्रदेश में भाजपा स्पष्ट बहुमत से सरकार बनाने वाली है।
नेता प्रतिपक्ष चंदेल ने किया कटाक्ष : गिनती के घंटों के लिए कांग्रेसी खुशफहमी में जी लें, तीन दिसंबर को तो उनका सत्ता में लौटने का सपना चूर-चूर हो ही जाना है
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने दावा किया है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश की जनता का आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी को प्राप्त हो रहा है और प्रदेश में स्पष्ट बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी। श्री चंदेल ने कहा कि जनता ने इस बार के चुनाव में बदलाव के लिए जनादेश दिया है और अब "सी-एम" (सी यानी कांग्रेस और एम यानी माओवाद) वालों सरकार से छत्तीसगढ़ को मुक्ति मिलेगी।
प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री चंदेल ने छत्तीसगढ़ प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए 07 और 17 नवंबर को हुए मतदान के सर्वे की रिपोर्ट्स (एक्जिट पोल) विभिन्न एजेंसियों और चैनलों पर सार्वजनिक होने के बाद अपनी राय व्यक्त करते हुए कहा कि यह जो सर्वे है, वह मात्र आकलन है। हमारा आकलन है और हमारा यह सुस्पष्ट मत है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस और भूपेश सरकार के कुशासन की विदाई चाहती है। जनता का आशीर्वाद, स्नेह और प्यार भाजपा को प्राप्त होगा और छत्तीसगढ़ में कमल खिलेगा। पिछले विधानसभा चुनाव में वोट शेयर का जो 10 फीसदी का अंतर था, वह इस बार के चुनाव में कांग्रेस के कतई फायदेमंद साबित नहीं होगा और इसके चलते कांग्रेस भारी नुकसान उठा रही है। श्री चंदेल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और भाजपा के घोषणा पत्र 'मोदी की गारंटी' ने भाजपा के प्रति जन-विश्वास को दृढ़तर किया है और पूरे प्रदेश में भाजपा के पक्ष में सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ। भाजपा की महतारी वंदन योजना को प्रदेश की मातृ-शक्ति का अच्छा प्रतिसाद मिला है।
प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री चंदेल ने कहा कि गंगाजल की सौगंध खाकर पूर्ण शराबबंदी के वादे से मुकर चुकी कांग्रेस को इसकी कीमत इस चुनाव में चुकानी पड़ रही है। एक ओर जहाँ नशाखोरी और अपराधों ने महिलाओं के सम्मान व स्वाभिमान को लहूलुहान किया, वहीं युवाओं में पीएससी में हुए घोटालों को लेकर जबर्दस्त आक्रोश था। कर्ज में डूबे सैकड़ों किसानों का कांग्रेस के कुशासन में आत्महत्या के लिए विवश होना कांग्रेस और भूपेश सरकार के किसान विरोधी राजनीतिक चरित्र का प्रमाण था, तो कर्मचारी विरोधी नीतियों से अधिकारियों-कर्मचारियों का कांग्रेस से पूरी तरह मोहभंग हो गया। श्री चंदेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तो अपने पूरे कार्यकाल में पद की गरिमा को ताक पर रखकर सारी संवैधानिक मर्यादाएँ लांघने की होड़ में लगे रहे। भ्रष्टाचार के चलते एक ओर जहाँ 'सीएम' यानी 'कलेक्शन मास्टर' कहा जाने लगा वहीं सीएम को चीफ ऑफ महादेव एप का तमगा मिला। गिनती के घंटों के लिए कांग्रेसी अपनी सरकार बनने की खुशफहमी में जी लें, तीन दिसंबर को तो उनका सत्ता में लौटने का सपना चूर-चूर हो ही जाना है।
छत्तीसगढ़ : हाथी ने महिला को पटक-पटककर उतारा मौत के घाट, दहशत में ग्रामीण
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ वन परीक्षेत्र में हाथी ने एक महिला को पटक-पटककर मार डाला. इस घटना से ग्रामीण दहशत में हैं. घटना के बाद वन विभाग की टीम अलर्ट पर है और लोगों को हाथियों से बचाव को लेकर आगाह कर रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, शंकरगढ़ वन परीक्षेत्र के ग्राम पतराटोली में हाथी ने महिला को पटक पटक कर मौत के घाट उतार दिया. बताया जा रहा है कि महिला खेत में काम करने गई हुई थी. जहां अचानक विचरण कर रहे हाथी से उसका का सामना हो गया. इसी दौरान हाथी ने उसे मार डाला. वहीं ग्रामीणों ने इसकी जानकरी पुलिस को दी. घटना की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. वहीं शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया है.
