प्रदेश
भिलाई को 241.50 करोड़ की सौगात, स्टेट कैपिटल रीजन से विकास की नई गति : मुख्यमंत्री साय
भिलाई, 19 अगस्त 2025
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को भिलाई में कहा कि स्टेट कैपिटल रीजन की परिकल्पना से रायपुर, दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव सहित पूरे अंचल में विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे नगरीय सुविधाओं का विस्तार होगा और नागरिकों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय भिलाई नगर निगम क्षेत्र में 241.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने भिलाई नगर निगम के नए कार्यालय भवन के लिए 20 करोड़ रुपये की घोषणा भी की।
शासन की प्राथमिकता : सुशासन और डिजिटलाइजेशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरीय निकायों के चुनाव में किए गए अटल विश्वास पत्र के वादों को एक-एक कर पूरा किया जा रहा है। राज्य में सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन कर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की 1460 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू हो चुके हैं और आने वाले छह माह में पांच हजार और पंचायतें इससे जुड़ जाएंगी। 24 अप्रैल 2026 पंचायती राज दिवस तक प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतें इस सुविधा से जुड़ जाएंगी।
महिलाओं, किसानों और मजदूरों को सीधा लाभ
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बीते 20 महीनों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को पूरा किया गया है।
किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी की जा रही है और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान सुनिश्चित है।
महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे 70 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं।
दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना के तहत भूमिहीन मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।
रामलला दर्शन योजना में अब तक 22 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या यात्रा कर चुके हैं।
नगरीय विकास में ऐतिहासिक निवेश
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने बताया कि प्रदेश में सरकार गठन के बाद से 7 हजार करोड़ रुपये नगरीय निकायों के विकास के लिए स्वीकृत किए गए हैं। अकेले भिलाई नगर निगम को 470 करोड़ रुपये मिले हैं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में उल्लेखनीय सफलता मिली है, जिसके चलते प्रदेश के सात नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार और छोटे शहरों की श्रेणी में 58 शहरों को सम्मान मिला है।
आमजन को मिला सम्मान और सौगात
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पार्षद श्रीमती स्मृति दोड़के को स्वच्छता वार्ड के लिए शील्ड प्रदान की। इसके अलावा –
प्रधानमंत्री आवास योजना के 9 हितग्राहियों को गृह प्रवेश प्रमाणपत्र
पीएम सूर्य घर योजना के 3 हितग्राहियों को प्रमाणपत्र
दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल और व्हीलचेयर
महिला स्व-सहायता समूहों को चेक
वूमेन फॉर ट्री योजना के तहत राधारानी महिला समूह को प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
इस अवसर पर वैशाली नगर विधायक श्री रिकेश सेन, नगर निगम महापौर नीरज पाल, विधायक ललित चन्द्राकर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय, पूर्व मंत्री श्रीमती रमशीला साहू और पूर्व विधायक लाभचंद बाफना सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।
