राशिफल
गर्मियों में अगर दूध फट जाए तो न करें फेंकने की गलती, उससे बनाएं फ्रेश पनीर
कई बार गलत तरीके से स्टोर करने की वजह से दूध खराब हो जाता है और फटने लगता है. गर्मी के मौसम में ये समस्या काफी देखने को मिलती है. ऐसे में लोगों को समझ नहीं आता कि इस दूध का क्या किया जाए. हालांकि अगर आप फटे दूध का सही इस्तेमाल करना चाहते हैं तो सबसे आसान तरीका है कि आप इससे ताजा पनीर बना लें. यही नहीं, पनीर निकालने के बाद जो पानी बचता है आप उसका इस्तेमाल भी कुकिंग या अन्य चीजों के लिए कर सकते हैं. तो आइए हम बताते हैं कि आप फटे या खराब हो चुके दूध की मदद से ताजा और स्वादिष्ट पनीर किस तरह निकाल सकते हैं.
नींबू का इस्तेमाल- अगर आप दूध को उबाल रहे हैं और ये फट रहा है तो इसमें तुरंत नींबू का रस मिलाएं. इसके लिए आप पहले गैस की आंच को कम कर लें. फिर एक कटोरी में एक या दो नींबू निचोड़ लें और हल्का पानी मिला लें. अब आप इसे गैस पर रखे दूध में धीरे धीरे डालते जाएं और चम्मच से हिलाते रहें. ऐसा करने से दूध बहुत ही अच्छी तरह से फट जाएगा. अब आप दूध को छन्नी से छान लें और मलमल के कपड़े में इस छेने को बांधकर किसी भारी चीज से दबाकर छोड़ दें. आपका पनीर तैयार है.
अगर आपके घर में नींबू नहीं है तो आप सिरके की मदद से भी दूध से पनीर निकाल सकते हैं. सबसे पहले दूध को अच्छी तरह गर्म करें. अब जब ये गर्म हो जाए तो एक कटोरी में एक से दो ढक्कन सफेद सिरका डालें और उसमें पानी मिला लें. अब दूध को हिलाते हुए उसमें ये पानी मिला लें. दूध अच्छी तरह से फट जाएगा और पनीर एक तरफ आ जाएगा. अब आप छन्नी से इसे छान लें. अगर आपको सिरका की खुशबू पसंद नहीं तो आप पनीर को धोकर छानें. फिर कपड़े में बांधकर टांग दें. पनीर तैयार है.
