सियासत
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपनी टूटी नाव चलाने के लिए राजस्थान से पायलट को बुलवाया है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री शर्मा ने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के तौर पर राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के छत्तीसगढ़ प्रवास पर कटाक्ष कर कहा कि विधानसभा चुनाव में पराजय से पस्त हो चली छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपनी टूटी नाव चलाने के लिए राजस्थान से पायलट को बुलवाया है। यह कतई नहीं भूला जाना चाहिए कि ये वही पायलट हैं, जिन्होंने अपने राज्य में कई बार कांग्रेस के उड़ते प्लेन को खींचकर पटकने का काम करके कांग्रेस की सत्ता को धूल चटाई है। इससे पहले कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी शैलजा थीं, जिन्होंने पहले हरियाणा और फिर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की लुटिया डुबाने का काम किया था। श्री शर्मा ने कहा कि अपने-अपने राज्य में जिन नेताओं ने बगावत की, उन्हीं नेताओं के सहारे कांग्रेस अपने राजनीतिक अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। छत्तीसगढ़ के बागियों को सम्हालने के लिए अब इन्हीं चेहरों को कांग्रेस छत्तीसगढ़ में बुला रही है। इससे कांग्रेस का कोई भला नहीं होने वाला है।
